कानपुर: दुष्कर्म और छेड़छाड़ से आहत 11 वीं की छात्रा ने दी थी जान, परिजनों ने गांव के युवक पर लगाया आरोप

कानपुर: दुष्कर्म और छेड़छाड़ से आहत 11 वीं की छात्रा ने दी थी जान, परिजनों ने गांव के युवक पर लगाया आरोप

कानपुर/बिठूर, अमृत विचार। बिठूर थानाक्षेत्र से सनसनीखेज घटना सामने आई है। जहां डेढ़ वर्ष से लगातार परेशान, छेड़छाड़ और अश्लीलता करने के साथ दुष्कर्म करने पर आहत ग्यारवीं की छात्रा ने जान दे दी थी। इस घटना की सच्चाई सामने आने के बाद परिजनों के पैरों तले जमीन खिसक गई। परिजनों ने आरोपी युवक पर गंभीर आरोप लगाते हुए पांच के खिलाफ तहरीर दी। इसके बाद भी पुलिस ने खानापूर्ति करते हुए आत्महत्या के उकसाने की रिपोर्ट दर्ज की।

वहीं इस मामले में आरोप लगाने के बाद पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम पैनल और वीडियोग्राफी से कराया। इसमें दुष्कर्म के आरोप के कारण स्लाइड बनाई गई है। वहीं परिजनों ने थाना पुलिस पर दुष्कर्म की तहरीर बदलने की आरोप लगाया। जिससे उनमें भारी आक्रोश व्याप्त है।  

बिठूर के एक गांव निवासी 15 वर्षीय किशोरी ने बुधवार शाम फांसी लगाकर जान दे दी। वह 11 वीं कक्षा में पास के एक स्कूल में पढ़ती थी। परिजनों ने गंभीर आरोप लगाया कि पड़ोस में रहने वाला युवक उसे डेढ़ वर्ष से परेशान और छेड़छाड़ कर रहा था। छात्रा के स्कूल जाते समय आरोपी रास्ते भर छीटांकशी करता था। आरोप लगाया कि कुछ समय पूर्व माता-पिता की गैर मौजूदगी में आरोपी घर में घुस आया और छात्रा से दुष्कर्म किया। जिसकी जानकारी छात्रा ने परिजनों को दी।

आरोप है कि युवक क परिजनों ने शादी का झांसा देकर पुलिस में शिकायत करने से रोक दिया। अगले वर्ष नवंबर में शादी होने की बात होने लगी। लेकिन इसके बावजूद आरोपी छात्रा को प्रताड़ित कर उसका शोषण करता रहा। आरोप है कि बुधवार को माता-पिता के काम पर जाने के बाद आरोपी घर में घुस आया। इस दौरान छात्रा से मारपीट की। इस बीच छात्रा की छोटी बहन घर पहुंच गई तो आरोपी वहां से भाग निकला।

परिजनों के अनुसार शाम को आरोपी ने छात्रा की मां को फोनकर शादी करने से इन्कार कर दिया था। इस बीच छात्रा बाथरूम में नहा रही थी। बाहर निकलने पर मां ने छात्रा को पूरी बात बताई तो वह कपड़े फैलाने के बहाने छत पर चली गई और वहीं छत पर लगे एंगल से चुन्नी का फंदा लगाकर फांसी लगा ली।

घटना की जानकार पर पहुंची बिठूर पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिये भेजा। परिजनों का आरोप है कि उन्होंने पुलिस को बुधवार शाम ही तहरीर दी थी लेकिन पुलिस शोषण का आरोप हटाकर तहरीर देने की बात कर रही है। घटना के बाद गुरुवार को डॉ विनीत सोनकर, डॉ रामकेश, डॉ सलकू समेत चार डॉक्टरों की मौजूदगी में पैनल और वीडियोग्राफी से पोस्टमार्टम किया गया। इस दौरान स्लाइड भी बनाई गई। पुलिस ने आनन-फानन सुमित सोनकर समेत पांच लोगों पर आत्महत्या के उकसाने की रिपोर्ट दर्ज कर खानापूर्ति कर ली।

छत पर बुलाकर धक्का दे दिया था
इस घटना में मृतक ग्यारवीं की छात्रा की मां का गंभीर आरोप है कि सोमवार रात सुमित ने अपने चाचा के घर की छत पर बेटी को बुलाया था वहां उसके साथ मारपीट की और फिर उसे बॉउंड्री से धक्का दे दिया था। जिससे उसके सिर में चोट लग गई थी। सोमवार देर रात सुमित ने कई बार उन्हें फोन पर कॉल की थी। गहरी नींद में होने के कारण फोन नहीं उठा पाई। 

युवक की मां दबाव बनाने लगीं
छात्रा की मां ने आरोप लगाया कि आरोपी युवक की मां के बुलाने पर जब घर पहुंचे तो वह उल्टे उनकी बेटी पर आरोप प्रत्यारोप लगाने लगीं। मंगलवार कों शादी की बात की तो सुमित ने मना कर दिया। जिसके बाद बेटी ने डायल 112 पर सूचना दी। सूचना पर मौक़े पर पहुंची पुलिस ने उनके परिजनों को मंधना पुलिस चौकी ले गए।

दोपहर में पहुंचे कचहरी शादी से किया मना 
छात्रा की मां ने बताया कि दोपहर को उनके व सुमित के परिजन कचहरी एक वकील के चेम्बर पहुंचे तो वहां पर स्टाम्प पेपर में लिखा पढ़ी कराई गई। जिसमें सुमित ने नवंबर महीने में शादी करने के बारे में लिखा था। लिखा पढ़ी होने के बाद सुमित ने फिर से शादी करने से मना कर दिया। जिसके बाद से उनकी बेटी की मनोदशा सही नहीं थी। पिछले पांच दिनों से खाना नहीं खा रही थी। मंगलवार को ज़ब वह बर्तन धो रही थी तो वह काम करते करते बेहोश हो गई। तब छोटे बेटे ने देखकर आवाज लगाई तब कुछ देर बाद वहां पहुंची। 

पांच लोगों के खिलाफ एफआईआर
मृतका की मां की तहरीर पर पुलिस ने सुमित उसके पिता और बड़े भाई, बहन और बुआ के खिलाफ बिठूर थाने में तहरीर दी थी। जिस पर पुलिस ने खेल करते हुए दुष्कर्म की बात हटाने का दबाव बनाया। इसके बाद आत्महत्या के उकसाने की रिपोर्ट दर्ज की। 

13 दिसंबर को किशोरी की आत्महत्या की सूचना मिली थी। मौके पर पुलिस और फोरेंसिक टीम ने जांच पड़ताल कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया था। परिजनों ने पड़ोसी युवक के खिलाफ गंभीर आरोप लगाए थे। पुलिस मामले की जांच कर रही है। फिलहाल तहरीर के आधार पर धारा 306 के तहत एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। -विकास पांडेय, एसीपी कल्याणपुर।

यह भी पढ़ें:-सुलतानपुर: धनपतगंज ब्लॉक प्रमुख यशभद्र सिंह की क्षेत्र पंचायत सदस्यता रद्द, अपर मुख्य सचिव ने बर्खास्तगी का दिया आदेश, जानें मामला