सुलखान सिंह को मिला एक और पूर्व पुलिस अफसर का साथ, अमिताभ ठाकुर बोले- बुंदेलखंड राज्य पर उनकी पार्टी है साथ 

सुलखान सिंह को मिला एक और पूर्व पुलिस अफसर का साथ, अमिताभ ठाकुर बोले- बुंदेलखंड राज्य पर उनकी पार्टी है साथ 

चित्रकूट। अपनी राजनीतिक पारी शुरू करने वाले प्रदेश के पूर्व पुलिस महानिदेशक सुलखान सिंह को एक अन्य पूर्व पुलिस अधिकारी और आजाद अधिकार सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमिताभ ठाकुर का साथ मिला है। अमिताभ ने सुलखान को पृथक बुंदेलखंड राज्य के मुद्दे पर पूर्ण समर्थन देने की बात कही है। 

गौरतलब है कि प्रदेश में पुलिस महानिरीक्षक रह चुके अमिताभ ठाकुर, उनकी पत्नी डा. नूतन ठाकुर और अन्य लोगों ने 2021-22 में आजाद अधिकार सेना का गठन किया था। पुलिस सेवा से राजनीति में आने वालों की इसी कड़ी में अब पूर्व डीजीपी सुलखान सिंह का नाम भी जुड़ गया है।

बीते दिनों उन्होंने बांदा में अपने राजनीतिक दल बुंदेलखंड लोकतांत्रिक पार्टी का गठन किया। अमिताभ की पत्नी और उनके राजनीतिक दल की प्रवक्ता डा. नूतन ठाकुर ने बताया कि अलग राजनीतिक पार्टी बनाए जाने पर अमिताभ ठाकुर ने फोन से सुलखान सिंह से बात कर बधाई दी और कहा कि उनकी पार्टी ईमानदार पूर्व डीजीपी का राजनीति में स्वागत करती है। 

अमिताभ ठाकुर ने कहा कि बेहतर शासकीय और प्रशासनिक व्यवस्था के लिए प्रदेश को पूर्वांचल, मध्यांचल, पश्चिमांचल और बुंदेलखंड के चार भागों में विभक्त किया जाना उनकी पार्टी का भी प्रमुख उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि इस बिंदु पर आज़ाद अधिकार सेना सुलखान सिंह की पार्टी के साथ मिलकर काम करेगी।

यह भी पढ़ें: इटावा: स्टेट बैंक में अचानक चली गोली से मची भगदड़, युवक घायल