Karwa Chauth 2023 : सुहागिनों को खूब भा रहीं डिजाइनर-नेट की साड़ियां व रंगबिरंगी चूड़ियां
करवाचौथ : पत्नियों के लिए उपहार खरीद रहे पति, सजने-संवरने को महिलाएं कर रहीं खर्च, ब्यूटी पार्लर व मेहंदी के स्टॉल पर बढ़ी रौनक

मुरादाबाद ,अमृत विचार। करवा चौथ का पर्व 1 नवंबर को मनाया जाएगा। जिसकी रौनक बाजार में दिख रही है। दुकानों पर महिलाओं की भीड़ है। ब्यूटी पार्लर पर बुकिंग के लिए नंबर लगे हैं। मेहंदी लगाने वाले भी व्यस्त हैं। सर्राफा बाजार में रौनक आ गई है। महिलाओं को चांदी के करवा, डिजाइनर पायल व बिछिया खूब पसंद आ रही हैं। वहीं, डिजाइनर व नेट वाली साड़ियों की खरीदारी हो रही है।
सर्राफा कारोबारियों ने करवा चौथ को लेकर तैयारियां की हैं। बिछिया जहां 350 से लेकर 4000 रुपये कीमत तक के हैं। वहीं पायल 2000 से लेकर 30,000 रुपये की कीमत में उपलब्ध हैं। चांदी के करवा भी 3000 से लेकर 20,000 रुपये तक के हैं। इसके अलावा महिलाएं सोने की चूड़ी, मंगलसूत्र, नाक की बाली खरीदने को भी प्राथमिकता दे रही है। वहीं मिट्टी के करवें भी खूब बिक रहे हैं।
पति की लंबी आयु के लिए व्रत रखती हैं महिलाएं
करवा चौथ पति और पत्नी के बीच के प्रेम को दर्शाने वाला त्योहार है। प्राचीनकाल से ही महिलाएं अपने पति की दीर्घायु के लिए यह व्रत रखती आ रही हैं। इस दिन सुहागिन महिलाएं पति की दीर्घायु के लिए व्रत करती है और ईश्वर से आशीर्वाद प्राप्त करती है। ऐसी मान्यता है कि करवाचौथ का व्रत करने से पति के जीवन में किसी भी प्रकार का कष्ट नहीं आता है। साथ ही पति को लंबी आयु की प्राप्ति होती है। करवाचौथ के व्रत में शिव, पार्वती, कार्तिकेय, गणेश और चंद्रमा के पूजन करने का विधान है।
महानगर के ब्यूटी पार्लर में लग रहे नंबर
करवा चौथ के लिए महानगर के ब्यूटी पार्लर में नंबर लग रहे हैं। कई पार्लरों में 15 दिन पहले ही एडवांस बुकिंग हो चुकी है। वहीं कुछ पार्लर करवा चौथ के लिए केवल लिमिटेड बुकिंग ले रहे हैं। साथ ही कुछ ब्यूटी सैलून महिला ग्राहकों को लुभाने के लिए विशेष छूट भी दे रहे हैं। इस अवसर पर मेहंदी के लिए भी मुख्य बाजारों में अलग-अलग जगहों पर स्टॉल लगने शुरू हो गए हैं। आशियाना में ब्यूटी पार्लर संचालिका ममता ने बताया कि पैकेज में फैशियल, ब्लीच, वैक्स, मेनीक्योर पैडीक्योर भी शामिल हैं। इसके साथ ही कुछ पैकेज के साथ नेल एक्सटेंशन की सुविधा फ्री दी जा रही है।
करवाचौथ न केवल प्यार का त्योहार है, बल्कि जीवन के सभी उतार-चढ़ावों में प्यार से जीने के वादे का त्योहार है। इसे अपने जीवनसाथी के साथ निष्ठा और परंपरानुसार मनाएं।-आशिमा मदान
पूर्ण श्रद्धा से व्रत रखने के बाद इंतजार रहता है पति के हाथों से व्रत खुलवाने का। घर पर परिवार संग खाना खाने का आनंद लेने का। व्रत सुहागिनों के लिए बहुत महत्वपूर्ण है।-सारिका खंडेलवाल
करवाचौथ महत्वपूर्ण दिन है। इस वर्ष शादी की 10वीं वर्षगांठ है। पर ऐसा लगता है कि पहला वर्ष हो। दोस्तों की उपस्थिति त्योहार की रौनक को दुगनी कर देती है। -जूही सिंघल
करवाचौथ सुहागिनों के लिए महत्वपूर्ण त्योहार है। पतियों की लंबी उम्र और सुरक्षा के लिए सूर्योदय से चंद्रोदय तक उपवास रखती हैं। यह प्यार, देखभाल और विश्वास का प्रतीक है।-मोना गुप्ता
ये भी पढ़ें : अमृत विचार की खबर का असर, लोनिवि ने शासन को भेजा 454.93 करोड़ का संशोधित एस्टीमेट