रुद्रपुर: दहेज लोभियों ने पूर्व ब्लाक प्रमुख की बहन को किया जान से मारने का प्रयास

रुद्रपुर: दहेज लोभियों ने पूर्व ब्लाक प्रमुख की बहन को किया जान से मारने का प्रयास

रुद्रपुर, अमृत विचार। पूर्व ब्लाक प्रमुख की बहन को दहेज की खातिर फांसी लगाकर मारने का मामला सामने आया है। विवाहिता का आरोप था कि ससुराली लगातार क्रेटा कार और पांच लाख रुपये लाने का दबाव बना रहे थे और जब इंकार कर दिया। तो दिल्ली रहने के दौरान फांसी पर लटका कर मारने का प्रयास किया। इसके अलावा कई बार बिरादरी पंचायत में घर बसाने की कोशिश की। मगर दहेज लोभी ससुरालियों ने शारीरिक व मानसिक प्रताड़ना बंद नहीं की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर तफ्तीश शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार आवास विकास की रहने वाली रिया धवन ने बताया कि उसका विवाह चार सितंबर 2022 को खुशी एन्क्लेव भुरारानी  के रहने वाले अंकुर झाम के साथ हुई थी। शादी में पिता ने हैसियत के हिसाब से लाखों रुपये खर्च किया था और शादी में उपहार भी दिए थे। आरोप था कि शादी के कुछ माह बाद ही पति अंकुश झाम, ससुर ओमप्रकाश, सास ऊषा झाम, देवर आयुश, ननद साक्षी ठुकराल व ननदोई विनोद ठुकराल कम दहेज का ताना देने लगे और एक क्रेटा कार व पांच लाख रुपये देने की डिमांड करने लगे।

जब इंकार किया,तो ससुरालियों ने शारीरिक व मानसिक यातनाएं देनी शुरू कर दी। बताया कि इस के बाद वह अपने पति अंकुश झाम के साथ दिल्ली चली गई। आरोप था कि 31 दिसंबर 2022 को देवर का फोन आने के बाद ससुरालियों ने हाथापाई की और 27 जनवरी 2023 को पति,सास व देवर ने जान से मारने की नीयत से फांसी का फंदा बनाकर उसे पंखे पर लटका कर मारने का प्रयास किया। चीख पुकार सुनकर पड़ोसियों ने उसे बचाया। जिसके बाद उसने मायके वालों को फोन कर आपबीती बताई। 

विवाहिता का आरोप था कि ससुराली कभी मारपीट कर चोटिल कर देते,तो कभी भीषण गर्मी में कमरे में बंद कर प्रताडित करते रहते थे। बताया कि गृहस्थ जीवन बचाने के लिए चार जून को लालपुर गांव में बिरादरी की पंचायत बुलाई गई। जिसमें उसका भाई पूर्व ब्लाक प्रमुख दलजीत सिंह खुराना सहित कई रिश्तेदार भी शामिल थे और पंचायत में विवाद निपटाने की कोशिश की। मगर ससुरालियों का व्यवहार वैसा ही रहा और दहेज की मांग जारी रही। शारीरिक एवं मानसिक यातनाओं से विवश होकर आखिरकार उसने ससुरालियों के खिलाफ कार्रवाई का मन बनाया और कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है।