बरेली: 82 साल पुरानी सुभाषनगर की रामलीला में बालिकाएं निभाएंगी कई पात्र

बरेली: 82 साल पुरानी सुभाषनगर की रामलीला में बालिकाएं निभाएंगी कई पात्र

शब्या सिंह तोमर, बरेली, अमृत विचार। 82 साल पुरानी सुभाषनगर की रामलीला का इस बार पांच बालिकाएं भी हिस्सा बनने जा रही हैं। वह रामलीला के पात्रों को निभाने के लिए अभिनय की बारीकियां सीख रही हैं। परिजनों ने भी उन्हें मंचन करने की अनुमति दे दी है। इससे बालिकाएं उत्साहित हैं। पढ़ाई के साथ वह नियमित रिहर्सल कर रही हैं।

शहर में दशहरे से पहले कई जगह रामलीला का आयोजन होता है। सुभाष नगर की रामलीला 82 वर्ष पुरानी है। पिछले दो वर्षों से महिलाओं और बालिकाओं ने रामलीला में अभिनय में रुचि दिखाई है। रामलीला का 2012 से निर्देशन करने वाले अखिलेश ने बताया कि वृंदा वाजपेयी (16) सीता, तेजश्वनी वाजपेयी (14) उर्मिला और शबरी, विभा विश्वकर्मा (16) सुमित्रा, नव्या श्रीवास्तव (15) लक्ष्मी और आराध्या तायल (10) सखी का पात्र निभाएंगी। 

उन्होंने कहा कि अब जमाना बदल गया है, पहले महिलाएं रामलीला में मंचन के लिए आगे नहीं आती थीं, मगर अब ऐसा नहीं है। बताया कि यह बालिकाएं दो वर्षों से किरदार निभाने के लिए आग्रह कर रही थीं। उन्हें अभियान की बारीकियां भी बताई जा रही हैं। 2018 से हर वर्ष कुछ नया करने की कोशिश रही है। रामलीला में ड्रोन का भी प्रयोग किया जा रहा है। पूर्व डीएम वीके सिंह भी यहां की रामलीला मंचन की सराहना करते हैं।

इस बार रामलीला मंचन में 90 बच्चे ले रहे भाग
रामलीला समिति सुभाष नगर के मंत्री और पूर्व सभासद आलोक तायल ने बताया कि वह 30 वर्षों से रामलीला में विश्वामित्र का किरदार निभाते आ रहे हैं। इस वर्ष छोटे-बड़े मिलाकर कुल 90 बच्चे इसमें भाग ले रहे हैं। पहले की तुलना में मेक-अप और तकनीक का प्रयोग बहुत बेहतर तरीके से हो रहा है। यह कोई मंडली नहीं है, इसमें आम लोग जो अलग-अलग व्यवसायों में काम करते हैं और समय निकालकर अभिनय का अभ्यास करते हैं।

रामलीला में मंचन के लिए उत्साहित हैं बालिकाएं
मुझे पिछले साल पता चला की लड़कियां भी रामलीला में किरदार कर सकती हैं, मैं काफी समय से यह करना चाहती थी। घरवालों से अनुमति मिल गई है। मुझे सीताजी का रोल पसंद है।-वृंदा वाजपेयी, 11वीं की छात्रा

रामलीला मंचन को लेकर रिहर्सल से पढ़ाई पर कोई असर नहीं पड़ता है, हम सभी लड़कियों को 9 बजे तक घर भेज दिया जाता है।-तेजश्वनी वाजपेयी, 9वीं की छात्रा

मैंने पिछले वर्ष लक्ष्मी जी का किरदार निभाया था, इस वर्ष भी मैं वही कर रही हूं, मैं डांस कॉम्पीटिशन में भी भाग लेती हूं।-नव्या श्रीवास्तव, कक्षा 7वीं की छात्रा

ये भी पढे़ं- बरेली: चौकी के पास तीन युवकों ने ई-रिक्शा चालक को धुना, भीड़ ने एक को पकड़कर जमकर पीटा