लापरवाही : डेंजर जोन बनी मढ़हा पुल पर बिट्ठलपुर संपर्क मार्ग की चढ़ाई 

लापरवाही : डेंजर जोन बनी मढ़हा पुल पर बिट्ठलपुर संपर्क मार्ग की चढ़ाई 

रानीबाजार/ अयोध्या, अमृत विचार। अयोध्या - रायबरेली फोरलेन पर मढ़हा नदी पर बने पुल पर बिट्ठलपुर की सीधी चढ़ाई अब डेंजर जोन बन गई है। तीन महीने के दौरान यहां बीस से ज्यादा दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। निर्माण एजेंसी की ओर से निर्माण में बरती गई लापरवाही लोगों के लिए खतरा बन गई है। इसे लेकर कई बार शिकायतें की गईं लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। स्थानीय लोगों का आरोप है कि निर्माण के समय ध्यान नहीं रखा गया जिसके कारण बगल में 15 फिट खाई हो गई है। 
  
फोरलेन पर मढ़हा नदी पर बने पुल के पास विट्ठलपुर संपर्क मार्ग की सीधी चढ़ाई होने के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। इसे लेकर दौलतपुर मजरे विठ्ठलपुर निवासी अनंतराम ने जनसुनवाई पोर्टल पर मुख्यमंत्री के यहां शिकायत की थी। मांग की थी कि अयोध्या-रायबरेली फोरलेन निर्माणदाई संस्था पीएनसी इंफ्राटेक ने विट्ठलपुर संपर्क मार्ग को फोरलेन से जोड़ते समय दोनों सड़कों की गहराई एवं ऊंचाई को ध्यान में न रखते हुए सड़क का निर्माण कर दिया। इसके कारण विट्ठलपुर संपर्क मार्ग पर सीधी चढ़ाई हो गई। जिसकी वजह से अक्सर लोग वाहन समेत फोरलेन पर चढ़ते समय दुर्घटनाग्रस्त हो जाते हैं। तीन वाहन तो  गहरी खाई में पलट कर गिर चुके हैं। कार्रवाई न होने के कारण पुनः गांव के धर्मेंद्र चौहान, कुलदीप चौहान, खुशीराम आदि ने जिलाधिकारी से मिलकर शिकायती प्रार्थना पत्र दिया है। जिस पर शीघ्र निराकरण करने का आश्वासन ग्रामीणों को मिला है।

अब तक यह हुई प्रमुख दुर्घटनाएं यहां हुई बड़ी दुर्घटनाओं में एक सब्जी लदा पिकअप वाहन खाई में जुलाई में पलट गया था। चालक दीनानाथ यादव व एक किसान अरविंद कुमार उसी गाड़ी के नीचे दब गए थे। उसके बाद सरस्वती शिशु मंदिर की वैन पलट गई थी। जिसमें विद्यालय की शिक्षिका काफी चोटहिल हो गईं थीं। इसी जगह शनिवार की शाम डंपर की टक्कर से बाइक सवार आरिफ पुत्र मोहम्मद नसीम और अर्हम पुत्र भोलू निवासी रानी बाजार घायल हो गए। जिनका इलाज जिला चिकित्सालय में चल रहा है। लगातार दुर्घटनाओं से गांव के लोगों में काफी रोष है।

शिकायत मिली, करेंगे सुधार  
निर्माण में जिस तरह से ले-आउट था बनाया गया है। ऊंचाई के कारण सीधी चढ़ान हो गई है। शिकायत मिली है, देखा जायेगा किस तरह ठीक किया जा सकता है। 
- विकल्प सिंह, साइट इंजीनियर, पीएनसी अयोध्या

ये भी पढ़ें -स्वस्थ व्यक्ति ही जीवन में कर सकता है प्रगति : विधायक