किसान 18001805450 पर नहर और नलकूप समस्या की करें शिकायत, जल शक्ति मंत्री ने किया कॉल सेन्टर उद्घाटन

लखनऊ, अमृत विचार। प्रदेश के जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने मंगलवार को तेलीबाग स्थित डा. राम मनोहर लोहिया परिकल्प भवन के तृतीय तल पर स्थित हैलो किसान सेवा के केन्द्रीयकृत कॉल सेन्टर का उद्घाटन किया। इस दौरान मंत्री ने कृषकों से वार्ताकर टेल तक पानी पहुंचने की जानकारी ली ।
हैलो किसान सेवा के तहत प्रतिदिन नहर के टेल से सम्बन्धित कृषकों से वार्ता कर टेल पर जल उपलब्धता की पुष्टि और नहर से सम्बन्धित समास्याओं का निराकरण किया जायेगा। हैलो किसान सेवा का टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 18001805450 है जिस पर किसान कॉल करकें नहर, नलकूप से संबंधित समस्या की शिकायत कर सकते हैं जिसका अधिकारियों की ओर समाधान कर सूचित किया जायेगा।
इससे पहले मंत्री की अध्यक्षता में गुणवत्तापरक सिल्ट सफाई व नहर पटरियों को गड्ढामुक्त किये जाने के सम्बन्ध में प्रदेश स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया जिसमे में सिंचाई जल संसाधन के मुख्य अभियन्ताओं, अधीक्षण अभियन्ताओं,अधिशासी अभियन्ताओं ने प्रतिभाग किया गया। जल शक्ति मंत्री ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुये कहा कि समयबद्धता के साथ गुणवत्तापरक, किसान हित में कार्य किया जाये।
सिल्ट सफाई और नहर की पटरियों को गड्ढामुक्त,नवीनीकरण के कार्य में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखें। इस वर्ष ( 2023-24) रबी और खरीफ में कुल 50,500 किमी लम्बाई में सिल्ट सफाई कराया जाना प्रस्तावित है। जबकि इस वर्ष ( 2023-24 ) विभाग 288 किमी लम्बाई की नहर पटरियों की मरम्मत और 1810 किमी लम्बाई की नहर पटरियों का नवीनीकरण ( कुल 2098 किमी) कराया जाना प्रस्तावित है।
इसके अलावा सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग ने सतही जल भू-गर्भ जल का उपयोग करते हुये 75,090.90 किमी लम्बी नहर प्रणालियों और 34,263 राजकीय नलकूपों से कृषकों को सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराई जाती है। विगत वर्ष 2022-23 में विभाग ने रबी,खरीफ सिंचाई के पूर्व कुल 50,769 किमी लम्बाई में नहरों की सिल्ट सफाई कराई गई, जिससे नहरों की टेलों तक पर्याप्त सिंचाई जल उपलब्धता सुनिश्चित हो सकी।
इस अवसर पर प्रमुख सचिव सिंचाई एवं जल संसाधन अनिल कुमार गर्ग, प्रमुख अभियंता एवं विभागाध्यक्ष अनिल कुमार, प्रमुख अभियंता परिकल्प एवं नियोजन आलोक कुमार जैन, प्रमुख अभियंता परियोजना अखिलेश कुमार, प्रमुख अभियंता यांत्रिक देवेन्द्र अग्रवाल समेत सम्बंधित अधिकारीगण उपस्थित थे।
यह भी पढ़ें:-इलाहाबाद हाईकोर्ट ने किया न्यायिक अधिकारियों का तबादला, देखें सूची