शांतिपुरी: चंदोला में जलभराव से सड़ने लगी गन्ने की फसल 

शांतिपुरी: चंदोला में जलभराव से सड़ने लगी गन्ने की फसल 

शांतिपुरी, अमृत विचार। स्वतंत्रता संग्राम सेनानी जवाहरनगर चंदोला कॉलोनी के किसान जलभराव की शिकायत कई बार प्रशासन से कर चुके हैं। लेकिन प्रशासन ने किसानों की सुध लेने की जहमत नहीं उठाई। जिस कारण किसानों की लाखों की फसल पूरी तरह से नष्ट हो चुकी है।

स्थानीय ग्रामीण बिरेन्द्र बिष्ट, कमला नेगी, मोहन चंद्र कोठारी, लक्ष्मण सिंह, जीवन चंद्र चंदोला, रतन सिंह, त्रिलोचंद चंदोला, दीवान सिंह कार्की, कमल कोठारी, उमेश चंद हर्बोला, राजेन्द्र सिंह रावत आदि ने जिलाधिकारी को लिखित शिकायत भेजकर प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया है।

उनका कहना है कि कॉलोनी में 20 साल से जलभराव की समस्या के निदान को लेकर शासन व प्रशासन में शिकायतें कर रहे हैं। बावजूद इसके तहसील प्रशासन व लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने समस्या समाधान के नाम पर मात्र अवैध अतिक्रमणकारियों को तीन दिन का नोटिस जारी करने की औपचारिकता पूरी कर इतिश्री कर दी है।

जबकि समस्या जस की तस बनी हुई है। आलम यह है कि किसानों के खेतों में लगी कई एकड़ लाखों रुपये की गन्ने की फसल सड़-गल कर नष्ट हो चुकी है। किसान हर वर्ष बरसात में अपने खेतों से कोई भी फसल नहीं ले पाते हैं। कॉलोनी में अत्यधिक जलभराव से कॉलोनी वासियों को आने जाने में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। जिससे कॉलोनी वासियों में आक्रोश व्याप्त है।
                       

अतिक्रमणकारियों के दबाव में आकर लोक निर्माण विभाग ने जल निकासी को डलवाए जा रहे सीमेंट के पाइप जलभराव वाली सतह से दो फीट ऊपर डाल दिए हैं। अवैध अतिक्रमण हटाने को दिए गए नोटिस के बावजूद प्रशासन ने पुनः उसका संज्ञान नहीं लिया, जिससे किसान आहत हैं और उनकी लाखों की फसलें बर्बाद हो चुकी हैं।                             
बिशन सिंह मेहरा, स्वतंत्रता संग्राम सेनानी आश्रित।

 जल निकासी के स्थायी समाधान के लिए अवैध अतिक्रमणकारियों को नोटिस दिए गए हैं। विभागीय कार्यों की व्यस्तता के कारण कार्यवाही में कुछ विलंब हो गया है। शीघ्र ही तीन से चार दिन में अतिक्रमण हटा कर जल निकासी को नाली खुदवा दी जाएगी। 
- प्रकाश लाल, एई लोनिवि रुद्रपुर