RIP Nitin Desai: नितिन देसाई के मौत से बॉलीवुड में शोक की लहर, हस्तियों ने दी आर्ट डायरेक्टर को श्रद्धांजलि

RIP Nitin Desai: नितिन देसाई के मौत से बॉलीवुड में शोक की लहर, हस्तियों ने दी आर्ट डायरेक्टर को श्रद्धांजलि

मुंबई। रितेश देशमुख, सिद्धार्थ बसु और नील नितिन मुकेश जैसी फिल्मी हस्तियों ने जाने माने कला निर्देशक नितिन देसाई को बुधवार को श्रद्धांजलि दी और उन्हें ‘‘प्रतिभाशाली’’ और ‘‘एक नेक इंसान’’ बताया। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि देसाई का शव बुधवार को महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले में उनके स्टूडियो में लटका मिला। देसाई चार बार राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित किए गए थे। 

‘कौन बनेगा करोड़पति’ और ‘दस का दम’ जैसे लोकप्रिय रियलिटी शो में देसाई के साथ काम कर चुके बसु ने कहा कि वह अपने ‘‘मित्र और एक बेहतरीन कलाकार साथी’’ की मौत का समाचार सुनकर सकते में हैं। बसु ने ट्वीट किया ‘‘उन्होंने हमारे कई शो के सेट तैयार किए- केबीसी, कमजोर कड़ी, हार्टबीट, ब्लफमास्टर, दस का दम, सच का सामना...।’’

 देसाई ने कई बॉलीवुड और मराठी फिल्मों के लिए कला निर्देशक और प्रोडक्शन डिजाइनर के रूप में काम किया था। उन्हें ‘हम दिल दे चुके सनम’, ‘जोधा अकबर’ और ‘प्रेम रतन धन पायो’ जैसी फिल्मों में कला निर्देशन के लिए जाना जाता है। देसाई ने अपने 30 साल से अधिक के करियर में विधु विनोद चोपड़ा, संजय लीला भंसाली, राजकुमार हिरानी और आशुतोष गोवारिकर जैसे निर्देशकों के साथ काम किया।

नील ने कहा कि देसाई की मौत की दिल दहला देने वाली खबर को स्वीकार कर पाना मुश्किल है। देसाई ने 2009 में ‘जेल’ फिल्म के लिए काम किया था, जिसमें नील ने अभिनय किया था। उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘हमारे प्यारे नितिन देसाई नहीं रहे। वह एक प्रतिभाशाली व्यक्ति थे।’’ नील ने कहा कि देसाई न केवल कला बल्कि लोगों को भी समझते थे। उन्होंने, ‘‘वह एक नेक इंसान थे जिन्होंने सभी को केवल प्यार दिया। ईश्वर उनके परिवार को शक्ति दे। ओम शांति।’’ 

अभिनेता देशमुख ने ट्वीट किया,‘‘यह जानकर गहरा सदमा लगा कि भारतीय सिनेमा के विकास में बहुत बड़ा योगदान देने वाले दिग्गज प्रोडक्शन डिजाइनर नितिन देसाई अब नहीं रहे।’’

उन्होंने कहा, ‘‘उनके परिवार और प्रियजन के प्रति मेरी हार्दिक संवेदना। मैं उन्हें कई वर्षों से जानता था... मृदुभाषी, विनम्र, महत्वाकांक्षी और दूरदर्शी...आपकी याद आएगी मेरे मित्र। ओम शांति।’’ फिल्मकार संजय गुप्ता और अभिनेत्री परिणीति चोपड़ा ने भी देसाई की मौत पर शोक जताया।

ये भी पढ़ें:- डोनाल्ड ट्रंप के खिलाफ 2020 चुनाव पलटने की कोशिश के आरोप, चार महीनों में तीसरा मामला

ताजा समाचार