VIDEO : भारतीय वायुसेना का सुखोई विमान, महामहिम की उड़ान, प्रतिभा पाटिल के बाद ऐसा करने वाली दुनिया की दूसरी महिला प्रेसिडेंट
.jpg)
तेजपुर (असम)। देश की सुप्रीम कमांडर और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने शनिवार को तेजपुर वायुसेना स्टेशन में सुखोई 30 एमकेआई लड़ाकू विमान में उड़ान भरी। मुर्मू से पहले देश की 12वीं राष्ट्रपति प्रतिभा देवी सिंह पाटिल ने 2009 में सुखोई में उड़ान भरी थी। द्रौपदी मुर्मू के असम दौरे का आज आखिरी दिन है। वे 6 अप्रैल से असम के दौरे पर हैं। सुखोई-30 एमकेआई दो सीट वाला बहुउद्देश्यीय लड़ाकू विमान है। इसे रूसी कंपनी सुखोई ने विकसित किया है और इसका निर्माण लाइसेंस के तहत भारत के हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (एचएएल) ने किया है।
सुखोई में उड़ान भरकर प्रतिभा पाटिल ने दो वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम किए थे। पहला- सुखोई में उड़ान भरने वाली किसी देश की पहली महिला राष्ट्रपति। दूसरा- किसी देश की सबसे उम्रदराज महिला। प्रतिभा पाटिल तब 74 साल की थी। उनका नाम गिनीज बुक में भी दर्ज है।
Watch | President Droupadi Murmu jets off in Sukhoi 30 MKI fighter aircraft@rashtrapatibhvn pic.twitter.com/IxZkpeBr2x
— Prasar Bharati News Services & Digital Platform (@PBNS_India) April 8, 2023
प्रतिभा पाटिल से पहले डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम राष्ट्रपति रहने के दौरान 8 जून 2006 में सुखोई से उड़ान भर चुके हैं। वे ऐसा करने वाले देश के पहले राष्ट्रपति थे। प्रतिभा पाटिल उनके बाद सुखोई से उड़ान भरी। अब द्रौपदी मुर्मू ऐसा करने वाली तीसरी राष्ट्रपति हो जाएंगी।
लाइव : राष्ट्रपति #द्रौपदी_मुर्मू तेजपुर वायु सेना स्टेशन में सुखोई 30 एमकेआई लड़ाकू विमान में उड़ान भर रही हैं https://t.co/IvMQLUUWJV
— सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय (@MIB_Hindi) April 8, 2023
प्रतिभा पाटिल ने 25 नवंबर 2009 में पुणे स्थित वायु सेना के लोहेगांव बेस से विंग कमांडर ए सजन के साथ 10 हजार फुट की ऊंचाई पर लगभग 800 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से करीब आधे घंटे उड़ान भरी थी। सुखोई 30 MKI उड़ाने के बाद राष्ट्रपति प्रतिभा पाटिल ने सेना की वर्दी पहन कर टी 90 युद्धक टैंक की सवारी भी की थी।
निर्मला सीतारमण ने 17 जनवरी 2018 में सुखोई 30MKI में उड़ान भरी थी, उस समय वे रक्षा मंत्री थी। देश के सबसे एडवांस फाइटर जेट सुखोई को उड़ाने वाली वह पहली महिला बन गई थीं। उन्होंने जोधपुर एयरबेस से 2100 किमी प्रति घंटे की रफ्तार वाले सुखोई 30MKI से 8 हजार मीटर से ज्यादा ऊंची उड़ान भरी थी। वे करीब 45 मिनट आसमान में रहीं थीं।
तीनों सेनाओं के सुप्रीम कमांडर होने के नाते राष्ट्रपति को सेना की ताकतों, हथियारों और नीतियों से अवगत कराया जाता है। द्रौपदी मुर्मू से पहले पूर्व राष्ट्रपति भारत रत्न डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम, प्रतिभा पाटिल और रामनाथ कोविंद वायुसेना के फाइटर जेट्स में उड़ान भर चुके हैं। पूर्व राष्ट्रपति प्रतिभा पाटिल ने 2009 में देश के इस अत्याधुनिक लड़ाकू विमान में उड़ान भरी थी।
बता दें कि इस समय चीन से लगी सीमा पर सेना को बड़ी चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है। चीन लगातार घुसपैठ की कोशिशें करता रहता है। ऐसे समय में राष्ट्रपति का सुखोई लड़ाकू विमान में उड़ान भरना भारत की तरफ से दुश्मन देशों को एक कड़ा संदेश देना है। बता दें कि तेजपुर एयरफोर्स बेस देश की सुरक्षा के लिहाज से बेहद अहम एयरबेस है।
इससे पहले राष्ट्रपति मुर्मू ने कल काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान में गज उत्सव-2023 का उद्घाटन किया और बाद में गुवाहाटी में माउंट कंचनजंगा अभियान-2023 को झंडी दिखाकर रवाना किया। राष्ट्रपति मुर्मू गुवाहाटी में गुवाहाटी हाईकोर्ट के 75 साल पूरे होने के अवसर पर आयोजित समारोह में भी शामिल हुईं।