कानपुर: करौली आश्रम से लापता शख्स के मामले में रिपोर्ट तलब
बीमार बेटे का इलाज कराने आया था
.jpg)
कानपुर, अमृत विचार। बिधनू के करौली सरकार आश्रम से दो महीने पहले झारखंड का शख्स लापता हो गया था। वह अपने बेटे का इलाज कराने यहां पहुंचा था। परिजनों ने बिधनू थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। लेकिन बाबा के भौकाल के आगे पुलिस ने कोई जांच नहीं की। इधर नोएडा के डॉक्टर सिद्धार्थ से विवाद के बाद एक्शन में आए अफसरों के आदेश पर थाना पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। जेसीपी ने इस मामले की रिपोर्ट थाना प्रभारी से तलब की है।
झारखंड देवघर जिले के मारगोमुंडा के कोल्हुआ गांव निवासी उमेश यादव ने बताया कि उनका छोटा भाई मुन्ना मानसिक रूप से बीमार है। बताया कि बाबा करौली के चमत्कार को इंटरनेट पर देखा था। इसके बाद पिता मुरली यादव, दादी करमी देवी, भाई मुन्ना और छोटू के साथ बिधनू के करौली सरकार में पूजा-पाठ कराने 25 जनवरी को आए थे। 27 जनवरी की रात को पिता लघुशंका के लिए आश्रम परिसर में निकले, लेकिन लौट कर नहीं आए। बिधनू थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई गई। कई दिन रुक कर पुलिस प्रशासन और आश्रम के कई चक्कर काटे। लेकिन पिता का कोई सुराग नहीं लगा। इसके बाद वह लोग वापस झारखंड लौट गए।
डेढ़ लाख में हवन, 150 किमी दूर मिला था बेटा
उमेश यादव ने बताया कि 25 जनवरी को परिवार की ओर से डेढ़ लाख रुपये खर्च करके आश्रम में हवन कराया गया था। हवन के अगले दिन 26 जनवरी को मानसिक रूप से कमजोर भाई लापता हो गया। परिवार अभी उसे ढूंढ ही रहा था कि 27 जनवरी को परिवार के मुखिया ही लापता हो गए। इसके बाद परिवार की ओर से दोनों को खोजने का काम शुरू किया गया। करीब 10 दिन बाद आश्रम से 150 किलोमीटर की दूरी पर स्थित एक गांव में मानसिक रूप से बीमार बेटा मिला। परिजनों उसे वापस ले आए, लेकिन पिता का कोई अता-पता नहीं लग सका। इसके बाद परिवार ने नौ फरवरी को बिधनू पुलिस थाने में पिता की गुमशुदगी लिखाई थी। पिता को लापता हुए दो महीने का समय बीत गया है।
पुलिस पर कार्रवाई न करने का आरोप
पीड़ित के अनुसार उनके पिता मुरली यादव लापता हो गए और बिधनू पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। वो बार-बार गिड़गिड़ाते रहे कि आश्रम का सीसीटीवी फुटेज और पूछताछ कर लीजिए शायद कोई सुराग मिल जाए। इसके बाद भी पुलिस आश्रम के भीतर और बाबा के साथ ही अन्य कर्मचारियों से पूछताछ की हिम्मत नहीं जुटा सकी।
वर्जन
करौली सरकार में दो महीने पहले इलाज कराने आए झारखंड के व्यक्ति के लापता होने की बात सामने आई है। पुलिस ने अब तक क्या कार्रवाई की इस संबंध में एक रिपोर्ट थाना प्रभारी से तलब की गई है। -आनंद प्रकाश तिवारी, संयुक्त पुलिस आयुक्त
ये भी पढ़ें -लखनऊ: राहुल गांधी को सजा सुनाये जाने पर कांग्रेस का प्रदर्शन, कई नेताओं को पुलिस ने लिया हिरासत में