UP IPS Transfer: अयोध्या रेंज के डीआईजी रहे अमरेंद्र प्रसाद सिंह को देवी पाटन मंडल की कमान
.jpg)
अमृत विचार, गोंडा। होली का त्योहार खत्म होने के दो दिन बाद शनिवार की देर रात प्रदेश सरकार ने 8 आईपीएस अफसरों के तबादले कर दिए। इस तबादले में देवी पाटन और अयोध्या मंडल के पुलिस उपमहानिरीक्षकों समेत सभी आठ पुलिस अफसरों की तैनाती में बदलाव किया गया है।
देवी पाटन मंडल के डीआईजी रहे उपेंद्र अग्रवाल को लखनऊ कमिश्नरेट में संयुक्त पुलिस आयुक्त कानून एवं व्यवस्था के पद पर तैनाती मिली है, जबकि अयोध्या मंडल के पुलिस उप महानिरीक्षक अमरेंद्र प्रसाद सिंह देवी पाटन मंडल के नए डीआईजी बनाए गए हैं।
आईपीएस प्रवीण कुमार अयोध्या रेंज के नए आईजी होंगे। प्रवीण कुमार अब तक मेरठ रेंज में तैनात थे। लखनऊ कमिश्नरेट के जेपीसी रहे पीयूष मोर्डिया अब यहीं अपर पुलिस महानिदेशक होंगे। आईपीएस नचिकेता झा को आगरा से हटाकर मेरठ रेंज का नया डीआईजी बनाया गया है। अलीगढ़ रेंज के आईजी दीपक कुमार अब आगरा रेंज के पुलिस महानिरीक्षक होंगे। कानपुर कमिश्नरेट के अपर पुलिस आयुक्त सुरेशराव ए कुलकर्णी को अलीगढ़ परिक्षेत्र का नया डीआईजी बनाया गया है। लखनऊ एसआईटी के डीआईजी रहे आईपीएस अमित वर्मा अब कानपुर कमिश्नरेट के नए अपर पुलिस आयुक्त होंगे।
देवी पाटन मंडल के नए डीआईजी बने अमरेंद्र प्रसाद सिंह वर्ष 2010 बैच के आईपीएस अफसर हैं। वर्ष 2022 में उन्हें अयोध्या रेंज का डीआईजी बनाया गया था।
भू माफियाओं ने निपटने की होगी चुनौती
देवी पाटन मंडल के डीआईजी रहे उपेंद्र अग्रवाल ने जिले के भू माफियाओं के खिलाफ मोर्चा खोल रखा था। कूट रचित दस्तावेजों के जरिए लोगों की जमीन हड़पने के खेल के खुलासे का श्रेय उन्हें ही है। इस मामले में उनके आदेश पर 50 मुकदमें दर्ज किए जा चुके हैं। साथ ही इस घोटाले के मास्टरमाइंड समेत कई लोग जेल में हैं। जमीनों के फर्जीवाड़े की जांच के लिए उन्होंने जिले स्तर पर एसआईटी का गठन भी कर रखा है। भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह के भतीजे सुमित भूषण सिंह के खिलाफ जालसाजी की एफआईआर दर्ज कराने का मामला हो या फिर ऩजूल और वक्फ की जमीनों को बेंचकर अरबों रुपये कमाने वाले खलील टायर की संपत्ति की जांच का मामला हो,डीआईजी उपेंद्र अग्रवाल ने किसी के खिलाफ कार्रवाई करने में कोई हिचकिचाहट नहीं दिखाई। अपनी तेज तर्रार और ईमानदार कार्यशैली के कारण डीआईजी उपेंद्र अग्रवाल भू माफियाओं के आंख की किरकिरी बने हुए थे। अब नए डीआईजी अमरेंद्र प्रसाद सिंह के सामने इन सबसे निपटना बड़ी चुनौती होगी।
ये भी पढ़ें - UP में 8 आईपीएस के तबादले, पीयूष मोर्डिया बने ADG लखनऊ जोन