अयोध्या: पूरे 48 वर्ष का हुआ अवध की शान का मंदिर, धूमधाम से मनाया गया अवध विवि का स्थापना दिवस

अयोध्या, अमृत विचार। डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय का 48 वां स्थापना दिवस धूम-धाम के साथ मनाया गया। अवध की शान का यह मंदिर ज्ञान का कुंज होकर स्थापित हो चुका है। शनिवार को विश्वविद्यालय के स्थापना दिवस के मौके पर स्वामी विवेकानंद सभागार में सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान सेवानिवृत्त कर्मचारियों को सम्मानित किया गया।
सांस्कृतिक कार्यक्रम की शुरुआत कुलपति प्रो. प्रतिभा गोयल, कुलसचिव उमानाथ और अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. नीलम पाठक ने की। सर्वप्रथम वॉयस ऑफ इंडिया की विजेता निष्ठा शर्मा व हर्षित शर्मा ने सेव वाटर सेव लाइफ के गीत गाकर दर्शकों को गुनगुनाने पर मजबूर किया। छात्र-छात्राओं द्वारा कह दू तुम्हें, या चूप रहूँ गीत ने श्रोताओं को मदमस्त कर दिया। आस्था त्रिपाठी द्वारा सोलो नृत्य की मनोहारी प्रस्तुति दी गई।

छात्रों द्वारा श्री गणेश देवा... भक्ति गीत गाकर दर्शकों को भाव-विभोर कर दिया। नाट्य प्रस्तुति छात्र-छात्राओं सधे अभिनय द्वारा किया गया। समूह गायन भी छात्रों द्वारा प्रस्तुत किया गया। जुबैनूदीन व श्रेया द्वारा गीत प्रस्तृत की गई। दिवांशी सिंह ने मल्हारी नृत्य प्रस्तृत किया। बॉसुरी वादन में कार्तिक लखवानी ने सुरीली तान से मंत्रमुग्ध कर दिया।
कुलपति प्रो. प्रतिभा गोयल ने कहा कि हमारे विश्वविद्यालय ने कला का दीपक व ज्ञान का प्रकाश फैलाया है। विश्वविद्यालय ने पिछले वर्षों में कई प्रतिमान स्थापित किए हैं। हमारे खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर कई कीर्तिमान स्थापित किए। शिक्षकों द्वारा 24 शोध परियोजनाओं पर कार्य चल रहा है। कुलपति ने छात्र-छात्राओं से कहा कि आपके शिक्षकों में प्रतिभाओं की कमी नहीं है। डॉ. राममनोहर लोहिया को स्मरण करते हुए कहा कि लोहिया स्वतंत्रता सेनानी होने के साथ एक कुशल राजनीतिज्ञ व समाज सुधारक रहे हैं।
इस बार दीक्षांत समारोह में दी जाएंगी दो लाख उपाधियां
विश्वविद्यालय का परिक्षेत्र सात जनपदों में फैला है। इसमें करीब 750 महाविद्यालय सम्बद्ध हैं। करीब 7 लाख विद्यार्थी प्रतिवर्ष शिक्षित हो रहे हैं। कुलपति प्रो. गोयल ने बताया कि इस वर्ष दीक्षांत समारोह में करीब दो लाख उपाधियां छात्रों को दी जाएंगी। इसके अतिरिक्त विभिन्न विषयों के सर्वोच्च अंक प्राप्त 127 छात्र-छात्राओं को स्वर्ण पदक प्रदान किए जायेंगे।
यह भी पढ़ें:-बहराइच: जमीनी विवाद में मारपीट, महिला समेत तीन घायल, केस दर्ज