रुद्रपुर में महिलाओं ने शुरू किया वार्डों से यूजर चार्ज कलेक्शन का काम

रुद्रपुर में महिलाओं ने शुरू किया वार्डों से यूजर चार्ज कलेक्शन का काम

रुद्रपुर, अमृत विचार। डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन की एवज में नगर निगम द्वारा लिए जाने वाले यूजर्स चार्ज को वसूलने का जिम्मा महिला स्वयं सहायता समूह ने संभाल लिया है। इन महिलाओं ने वार्डों से यूजर चार्ज कलेक्शन करना भी शुरू कर दिया है। नगर निगम ने यूजर चार्ज कलेक्शन के लिए पहले चरण में स्वयं सहायता समूह की 89 महिलाओं को जिम्मेदारी सौंपी है।

नगर निगम के तहत शहर में 40 वार्ड शामिल हैं। पूर्व में इन वार्डों में डोर-टू-डोर कूड़ा उठाने और यूजर चार्ज कलेक्शन का काम अनुबंधित फर्म को दिया गया था। एक साल पूर्व फर्म से अनुबंध खत्म होने के बाद निगम ने खुद यूजर चार्ज कलेक्शन का जिम्मा लिया। लेकिन कर्मचारियों की कमी के चलते निगम शत-प्रतिशत यूजर चार्ज की वसूली नहीं कर पा रहा था।

निगम ने शहर की साफ-सफाई बेहतर तरीके से करने शहर को दो जोन में विभाजित किया है। प्रत्येक जोन में 20-20 वार्ड को शामिल किया गया है। निगम ने इन वार्डों से यूजर चार्ज कलेक्शन के लिए महिला स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को रखा है। पहले चरण में निगम ने 89 महिलाओं का चयन कर नारी शक्ति सेना के नाम से एक महिला समूह बनाया है।

इस समूह ने अब घर-घर जाकर यूजर चार्ज कलेक्शन करना शुरू कर दिया है। स्वयं सहायता समूह की महिलाएं लोगों को कूड़ा कलेक्शन में आ रही दिक्कतों का भी समाधान कर रहीं हैं। महिलाओं को इसके लिए विगत दिनों कलक्ट्रेट स्थित डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम सभागार में प्रशिक्षण भी दिया जा चुका है।


समूह को मिलेगा यूजर चार्ज वसूली का 25 प्रतिशत
रुद्रपुर। नगर निगम ने महिलाओं को आत्म निर्भर और आगे बढ़ाने के लिए यूजर चार्ज वसूलने की जिम्मेवारी स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को सौंपी है। यूजर्स चार्ज वसूली के एवज में समूह को 25 प्रतिशत का भुगतान किया जायेगा।


महिलाएं लोगों को जागरूक भी कर रहीं
रुद्रपुर। शहर को स्वच्छ व सुंदर बनाने के लिए महिलाएं वार्डों में यूजर चार्ज कलेक्शन के साथ ही लोगों को गीला एवं सूखा कूड़ा अलग-अलग रखने के लिए भी जागरूक कर रही हैं।

स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने वार्डों से कूड़ा कलेक्शन की एवज में लिए जाने वाले यूजर चार्ज की वसूली के लिए स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को रखा है। इन महिलाओं ने वार्डों में काम करना शुरू कर दिया है। इससे निगम के यूजर चार्ज की वसूली शत-प्रतिशत होने की उम्मीद है।
-मो. जफर, सिटी मिशन मैनेजर, नगर निगम


हमारा प्रयास है कि महिलाएं पुरुषों की तरह हर क्षेत्र में आगे बढ़ें। शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए नगर निगम स्तर से हरसंभव प्रयास किये जा रहे हैं। शहरवासियों से भी शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए सहयोग की अपील है।

-रामपाल, मेयर, रुद्रपुर