बहराइच: जंगल में मिला युवक का शव, जंगली जीव के हमले की आशंका

बहराइच: जंगल में मिला युवक का शव, जंगली जीव के हमले की आशंका

अमृत विचार, बहराइच। जिले के चकिया रेंज के जंगल में एक युवक का पांच से छह दिन पुराना शव बरामद हुआ। जंगल में मौजूद वन कर्मियों की सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेज दिया है। मृतक के शव से सिर गायब है। ऐसे में जंगल जीव का हमला या हत्या की भी आशंका जताई जा रही है।

बहराइच वन प्रभाग के चकिया रेंज के जंगल में वन डिपो के वन कर्मी पेड़ में निशान लगा रहे थे। तभी उन्हें बदबू आने लगी। मौके पर जाकर देखा तो एक युवक का शव पड़ा है। इस पर रेंज के अधिकारियों को सूचना दी। साथ ही मोती पुर पुलिस को घटना से अवगत कराया गया। प्रभारी निरीक्षक मुकेश कुमार सिंह और हलका दरोगा अशोक कुमार वर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।

पुलिस ने शव को कब्जे में लिया। आसपास के लोगों से पहचान करवाई, लेकिन मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी। जिस पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक की उम्र 35 वर्ष के आसपास है। वन क्षेत्राधिकारी प्रदीप सिंह ने बताया कि शव से सिर गायब है। ऐसे में जंगली जीव के हमले से इंकार नहीं किया जा सकता है। फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही कुछ कहा जा सकता है।

पांच से छह दिन पुराना है शव
प्रभारी निरीक्षक मुकेश कुमार सिंह ने बताया कि जंगल से शव बरामद हुआ है। शव पांच से छह दिन पुराना लग रहा है। प्रथम दृष्टया जंगली जीव के हमले में मौत की आशंका है। लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्थिति साफ हो सकेगी।

यह भी पढ़ें:-करीब 21 साल बाद आज फिर आमने-सामने होंगे यूपी के दो बड़े माफिया मुख्तार और ब्रजेश सिंह, जानें मामला