नगर निगम: फंड में पड़ा है 49 करोड़, काम एक पैसे का नहीं

41 गावों में विकास कार्यां के लिए बजट आवंटित पर अभी प्रस्ताव ही स्वीकृत नहीं

नगर निगम: फंड में पड़ा है 49 करोड़, काम एक पैसे का नहीं

अमृत विचार, अयोध्या। नगर निगम की कार्यप्रणाली भी निराली है। निगम के अधिकारी महापौर के दावे की ही हवा निकाल रहे हैं। शासन से बजट आने के बाद भी विकास कार्यों को शुरू कराने में निगम का निर्माण विभाग कछुआ चाल चल रहा है। एक वर्ष पहले नगर निगम में शामिल होने वाले 41 गांवों के विकास के लिए शासन से 49 करोड़ रुपये का बजट आवंटित हो चुका है। साथ ही टेण्डर की प्रक्रिया भी पूरी है। लेकिन विस्तारित क्षेत्रों में अभी एक धेले  का कार्य शुरू नहीं हो सका है। 

नगर निगम में शामिल होने के बाद 41 गांवों का चौतरफ़ा विकास करने का दावा महापौर ऋषिकेश उपाध्याय ने किया था। लेकिन इन 41 गांव में अभी तक न तो कोई सड़क का कार्य शुरू हो पाया है और न ही अन्य विकास कार्य। जबकि शासन की ओर से 49 करोड़ रुपये की धनराशि करीब एक माह से आकर नगर निगम के खाते में पड़ी है। बताते हैं कि 41 शामिल गांवों में मुख्यमंत्री नगर सृजन योजना के तहत विकास कार्य कराये जाने हैं। इसके योजना के तहत करीब 60 कार्य होने हैं। वहीं दूसरी ओर निर्माण विभाग के ही एक अधिकारी का कहना है कि बजट आया हुआ है। टेण्डर करा दिया गया है। जल्द ही कार्य शुरू होगा। 
मुख्यमंत्री नगर सृजन योजना के तहत निगम में शामिल 41 गांवों में प्रमुख रूप से सड़क निर्माण के अलावा स्कूलों का निर्माण, तालाबों का विकास कराया जायेगा। शासन को 60 कार्यों का प्रस्ताव भेजा गया है जिसमें 10-12 कार्यों की ही स्वीकृति आई है।  फिलहाल 41 गांवों में निगम के कर विभाग ने व्यवसायिक प्रतिष्ठानों पर कर निर्धारण भी शुरू कर दिया है। लेकिन यहां अभी बुनियादी सुविधाएं मुहैया नहीं हो सकी हैं। 

बोले जिम्मेदार 
नगर निगम में शामिल 41 गांवों में मुख्यमंत्री नगर सृजन के तहत कार्य कराये जाने हैं। टेण्डर कराया जा चुका है। 49 करोड़ रुपये प्राप्त हैं। शासन को कार्यों का जो प्रस्ताव भेजा गया है उसकी स्वीकृति आनी है। सड़क निर्माण का कार्य हो रहा है।
 कमलजीत सिंह, मुख्य अभियंता निर्माण, नगर निगम अयोध्या

ये भी पढ़ें - हरदोई: मिलावट खोरी के खिलाफ चला अभियान, 2 कुंतल से अधिक सरसों का तेल सीज