महाराष्ट्र के राज्यपाल पहुंचे सर्किट हाउस, बोले- बरेली एयरपोर्ट की होनी चाहिए अपनी हवाई पट्टी

बरेली, अमृत विचार। महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी शुक्रवार शाम सर्किट हाउस पहुंचे। यहां भाजपा के जनप्रतिनिधियों के साथ पार्टी पदाधिकारियों ने भव्य स्वागत किया। इस दौरान मीडिया कर्मियों ने भगत सिंह कोश्यारी से मुलाकात की। राज्यपाल ने कहा कि उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में बेहतर सरकार चल रही है। यह …
बरेली, अमृत विचार। महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी शुक्रवार शाम सर्किट हाउस पहुंचे। यहां भाजपा के जनप्रतिनिधियों के साथ पार्टी पदाधिकारियों ने भव्य स्वागत किया। इस दौरान मीडिया कर्मियों ने भगत सिंह कोश्यारी से मुलाकात की। राज्यपाल ने कहा कि उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में बेहतर सरकार चल रही है।
यह भी पढ़ें- बरेली: फायरिंग करते युवक का वीडियो वायरल, तलाश में जुटी पुलिस
बरेली एयरपोर्ट की अपनी हवाई पट्टी भी होनी चाहिए ताकि यहां सुविधाएं बढ़ें और यात्रियों को भी आने-जाने में सुविधा हो। यह एयरपोर्ट कुमाऊं के लिए भी बहुत महत्वपूर्ण है। कोश्यारी से मिलने के लिए सांसद धर्मेंद्र कश्यप, विधायक संजीव अग्रवाल, विधायक डा. एमपी आर्य, भाजपा जिलाध्यक्ष बरेली पवन शर्मा, महानगर अध्यक्ष डा. केएम अरोड़ा, महामंत्री अधीर सक्सेना, महानगर उपाध्यक्ष देवेंद्र जोशी आदि पदाधिकारी पहुंचे।
इससे पहले एयरपोर्ट पर जिलाधिकारी शिवाकान्त द्विवेदी, एसएसपी अखिलेश कुमार चौरसिया ने राज्यपाल का स्वागत किया। कड़ी सुरक्षा के बीच राज्यपाल कार से सर्किट हाउस पहुंचे। वह शनिवार सुबह करीब 8.10 बजे पुलिस लाइंस हैलीपैड से उत्तर प्रदेश सरकार के राजकीय वायुयान से एटा के लिए जाएंगे। वहां से सायं 4.15 बजे एयरपोर्ट पहुंचेंगे। इसके बाद राजकीय वायुयान से मुंबई को रवाना होंगे।
क्रांतिकारी महावीर की प्रतिमा का 25 साल बाद अनावरण करेंगे
महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी ने सर्किट हाउस में शुक्रवार देर शाम हुई संक्षिप्त वार्ता में मीडिया को बताया कि वह शनिवार को एटा के पटियाली तहसील क्षेत्र के गांव शाहपुर टहला में जन्मे क्रांतिकारी महावीर सिंह राठौर की राजा का रामपुर में 1997 में बनवाई प्रतिमा का अनावरण करने के लिए जाएंगे।
बताया कि उनका राजा का रामपुर से जुड़ाव है। यहां स्थित आरबीएल इंटर कॉलेज में उन्होंने बतौर प्रवक्ता के रूप में 1962 से 1964 तक सेवाएं दी थीं। महावीर सिंह उनके मित्र रहे। प्रतिमा का अनावरण करने के बाद वह कासगंज में मित्र अमरीश सिंह के यहां भी जाएंगे। वहीं, मीडिया रिपोर्ट बताती हैं कि क्रांतिकारी महावीर सिंह राठौर की प्रतिमा 16 सितंबर 1997 को तत्कालीन जिलाधिकारी उमेश सिन्हा ने स्थापित कराई थी। तब से आज तक इसका अनावरण नहीं हो सका। 25 साल बाद आजादी के पुरोधा की प्रतिमा का अनावरण भगत सिंह कोश्यारी करेंगे।
भगत सिंह कोश्यारी को उत्तरायणी मेले में आने का दिया आमंत्रण
उत्तरायणी जन कल्याण समिति के पूर्व अध्यक्ष पीसी पाठक के नेतृत्व में समिति के पूर्व महामंत्री मोहन जोशी, पूर्व महामंत्री देवेंद्र जोशी, कैंट बोर्ड की पूर्व उपाध्यक्ष साधना जोशी, चंद्र प्रकाश जोशी, आशीष जोशी ने सर्किट हाउस पहुंचकर राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी का स्वागत किया। इस मौके पर पूर्व पदाधिकारियों ने भगत सिंह कोश्यारी को जनवरी 2023 में लगने वाले उत्तरायणी मेले के लिए आमंत्रित भी किया। इस दौरान तारा जोशी, आशीष जोशी, साधना जोशी आदि मौजूद थीं। वहीं, रात में छात्र नेता रहे विनोद जोशी ने भी भगत सिंह कोश्यारी से मुलाकात की।
यह भी पढ़ें- बरेली: कान्हा गौशाला में मिली अनियमितता, कमिश्नर ने जिम्मेदारों को लगाई कड़ी फटकार