बाराबंकी: यूपी एहसास फूड बैंक की ओर से 70 बेसहारा बच्चों और महिलाओं को दी गई राशन किट

बाराबंकी। उप्र एहसास फूड बैंक की ओर से शनिवार को बनीकोडर ब्लॉक परिसर में 56वें माह का राशन 70 बेसहारा जरूरतमंद बच्चों, महिलाओं को वितरित कर लोगों की निरन्तर मदद करने का कीर्तिमान बनाया है। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि नायब तहसीलदार सुश्री प्रज्ञा मिश्रा ने बच्चों को अपने हाथों से राशन किट देकर कार्यक्रम का …
बाराबंकी। उप्र एहसास फूड बैंक की ओर से शनिवार को बनीकोडर ब्लॉक परिसर में 56वें माह का राशन 70 बेसहारा जरूरतमंद बच्चों, महिलाओं को वितरित कर लोगों की निरन्तर मदद करने का कीर्तिमान बनाया है।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि नायब तहसीलदार सुश्री प्रज्ञा मिश्रा ने बच्चों को अपने हाथों से राशन किट देकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया, और कहा कि जरूरतमंद लोगों की मदद करने से आत्म संतुष्टि मिलती है। समाज मे जो लोग कमजोर हैं, आर्थिक विपन्नता से जूझ रहे है उन्हें विकास की मुख्यधारा में लाने की जिम्मेवारी हम सभी सक्षम लोगों की है।
हर व्यक्ति को यह देखना चाहिए कि अपने आस पास कोई भूखा न सोए। नायब तहसीलदार ने कहा कि आज फ़ूड बैंक ने जरूरतमंद लोगों की मदद करने का जो मिशन बनाया है, वह प्रशंसनीय है। फूड बैंक के संयोजक रत्नेश कुमार ने बताया कि दान प्रेमियों द्वारा दान में दिए जा रहे राशन से किसी का पेट भरने में फ़ूड बैंक सेतु का काम कर रहा है।
तहसील प्रेस क्लब के अध्यक्ष रामबाबू मिश्रा ने भी बच्चों को राशन किट देकर शुभकामनाएं दी। पूर्व प्रधान संघ अध्यक्ष अमर बहादुर सिंह, क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी, सहित कई समाजसेवियों ने बच्चों को शुभकामनाओं के साथ राशन किट वितरित किया।
अमर बहादुर सिंह ने निरन्तर राशन किट उपलब्ध कराने के लिए फ़ूड बैंक संयोजक रत्नेश कुमार व शची सिंह को बधाई दी और धन्यवाद ज्ञापित किया। जिले में अक्तूबर 2017 से बेसहारा अनाथ व जरूरतमंद बच्चो, वृद्ध महिलाओं को इस फूड बैंक के माध्यम से भोजन की मदद में 5 किलो आटा, 2 किलो दाल, 2 किलो चावल, एक एक किलो नमक, तेल चीनी, ढाई सौ ग्राम हल्दी, मसाला आदि खाद्य सामग्री की किट प्रतिमाह देकर जरूरतमंदों को मुख्यधारा से जोड़ने का कार्य किया जा रहा है।
यह खाद्य सामग्री जुटाने का काम संस्था के द्वारा समाजसेवियों से अन्न दान में लेकर किया जा रहा है। राशन के पैकेट देने के साथ ही बच्चों एवं बालिकाओं की पढ़ाई, महिलाओं को आजीविका के लिए विभिन्न प्रकार की जानकारी दी जा रही है।
पढ़ें- रायबरेली: कांग्रेसियों ने राशन किटों का गरीबों में किया वितरण