अयोध्या: अनशनरत सफाई कर्मियों का फूटा गुस्सा, सर्किट हाउस घेरा

अयोध्या। अयोध्या में तीन दिन से अनशनरत निगम के सफाई कर्मचारियों का सोमवार को गुस्सा फूट पड़ा। आठ सूत्रीय मांगों को लेकर हड़ताल कर रहे कर्मचारियों ने सर्किट हाउस का घेराव कर प्रदर्शन किया। कर्मचारियों के आक्रोश को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया था। इस दौरान कर्मी निगरानी समिति …
अयोध्या। अयोध्या में तीन दिन से अनशनरत निगम के सफाई कर्मचारियों का सोमवार को गुस्सा फूट पड़ा। आठ सूत्रीय मांगों को लेकर हड़ताल कर रहे कर्मचारियों ने सर्किट हाउस का घेराव कर प्रदर्शन किया। कर्मचारियों के आक्रोश को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया था। इस दौरान कर्मी निगरानी समिति के सदस्य से मिलने की मांग करते हुए सर्किट हाउस में जाने की जिद करने लगे। मामला गरमाता देख पुलिस को सर्किट हाउस के गेट पर ताला लगाना पड़ गया। इस दौरान सिविल लाइन्स इलाके की व्यवस्था प्रभावित हो गई। वहीं तीन दिनों से नगर निगम क्षेत्र में सफाई न होने से चारों तरफ कूड़ा इकट्ठा होना शुरू हो गया है।
आक्रोश देख उन्हें गेट पर ही रोक लिया गया
सुबह 10 बजे निगम परिसर से सैकड़ों की संख्या में सफ़ाई कर्मी मोदी-योगी के खिलाफ नारेबाजी करते हुए बस अड्डे के सामने स्थित सर्किट हाउस पहुंच गए। इस दौरान कर्मचारियों का एक प्रतिनिधिमंडल उत्तर प्रदेश निगरानी समिति के सदस्य धीरेंद्र सिंह वाल्मीकि से मिलने की मांग करने लगा। उनका आक्रोश देख उन्हें गेट पर ही रोक लिया गया। इसके बाद तो प्रदर्शनकारी बाहर ही हंगामा करने लगे। विरोध प्रदर्शन बढ़ता देख मौके पर पहुंचे एसपी सिटी विजय पाल सिंह ने भारी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया। पुलिस अधिकारियों ने उत्तर प्रदेश सफाई मजदूर संघ के पदाधिकारियों से बात कर नारेबाजी को शांत कराया।
इस दौरान एक प्रतिनिधिमंडल को अंदर जाने की अनुमति दी। कर्मचारियों का प्रतिनिधिमंडल जब सर्किट हाउस में बात करने के लिए पहुंचा, इससे पहले सदस्य दूसरे गेट से रवाना हो गए।निगरानी समिति के सदस्य से न मिलने के बाद सफाई कर्मचारी नाराज हो गए। इसके बाद कर्मचारियों आपसी मंत्रणा करते हुए अनिश्चितकालीन धरने की घोषणा कर दी। कर्मचारी नेता विनय बाघमार ने कहा कि हमारी मांगों को अनसुना किया जा रहा है। यह ठीक नहीं है। अगर समझौता नहीं किया तो जनपद के सभी कस्बों में भी काम बंद करवा दिया जाएगा। गौरतलब है कि अयोध्या में 2900 सफाई कर्मचारी ठेके पर काम कर रहे है। सभी कर्मचारी वेतन में बढ़ोतरी, माह में 30 दिन का वेतन, साप्ताहिक छुट्टी समेत आठ मांगों को लेकर धरने पर हैं।
सफाई कर्मचारियों की प्रमुख 8 मांगें
प्रत्येक माह का वेतन, माह में 5 तारीख से 10 के बीच खाते में दिया। कानपुर नगर निगम के तर्ज पर पांच हजार रुपये वेतन में बढ़ोतरी की जाए। माह में 26 दिन के स्थान पर 30 दिन का वेतन दिया जाए। माह में चार साप्ताहिक अवकाश दिया जाए। काम के समय के घंटों को निर्धारित किया जाए। अतिरिक्त काम करने पर अतिरिक्त बोनस कर्मचारियों को दिया जाए। पीएफ कटौती संबंधित सभी जानकारी कर्मचारियों का मुहैया कराई जाए। स्वास्थ्य संबंधी सुविधाएं कर्मचारियों को निशुल्क उपलब्ध कराई जाए।
पढ़ें-अयोध्या: वेतन न मिलने से भड़के सफाई कर्मचारी, कर्मचारियों और अधिकारियों के बीच हुई बातचीत