सरदार भगत सिंह के विचारों को आगे बढ़ाना स्वागत योग्य कदम : सन्धू

सहारनपुर। शहीदे-आजम सरदार भगत सिंह के भतीजे किरणजीत सिंह सन्धू ने कहा कि पंजाब के मुख्यमंत्री सरदार भगवंत सिंह मान का शहीदे-आजम भगत सिंह के विचारों को लेकर आगे बढ़ाने का बयान निश्चित ही स्वागत योग्य है। जैन कालेज रोड पर प्रद्युमन नगर स्थित अपने आवास पर यूनीवार्ता से बातचीत में 64 वर्षीय किरणजीत सिंह …
सहारनपुर। शहीदे-आजम सरदार भगत सिंह के भतीजे किरणजीत सिंह सन्धू ने कहा कि पंजाब के मुख्यमंत्री सरदार भगवंत सिंह मान का शहीदे-आजम भगत सिंह के विचारों को लेकर आगे बढ़ाने का बयान निश्चित ही स्वागत योग्य है। जैन कालेज रोड पर प्रद्युमन नगर स्थित अपने आवास पर यूनीवार्ता से बातचीत में 64 वर्षीय किरणजीत सिंह सन्धू ने कहा कि पंजाब सरकार इस तरह से सरदार भगत सिंह के विचारों को लेकर चल रही है उससे देश की नई पीढ़ी को प्रेरणा मिलेगी।
उन्होंने बताया कि बुधवार को पंजाब के फिरोजपुर में हुसेनीवाला में स्थित सरदार भगत सिंह की समाधि पर आयोजित शहीदी-दिवस के मौके पर पंजाब के मुख्यमंत्री ने उन्हें सम्मानित किया और कहा कि पंजाब सरकार सरदार भगत सिंह के विचारों को आगे बढ़ाने का काम करेगी। शहीदे-आजम के भाई सरदार कुलतार सिंह का परिवार देश बंटवारे के बाद पंजाब में अपने पैतृक गांव खटखड़ कलां में 1947 में आकर रहने लगे थे और 1950 में परिवार समेत सहारनपुर आ गए थे। तभी से वह परिवार सहित प्रद्युमन नगर में रह रहा है।
सरदार कुलतार सिंह उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री भी रहे हैं और कांग्रेस के टिकट पर 1974 में सहारनपुर से विधायक चुने गए थे।
किरणजीत सिंह सन्धू सरदार कुलतार सिंह के ही बेटे हैं। उन्होंने पंजाब सरकार द्वारा सरदार भगत सिंह के चित्र को सभी सरकारी दफ्तरों में लगाने का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि सरदार भगत सिंह का चित्र राष्ट्रपिता महात्मा के चित्र को हटाकर नहीं लगाया गया है। आप सरकार का फैसला यह था कि मुख्यमंत्री भगवंत मान का फोटो नहीं लगेगा। पंजाब में सरकारी दफ्तरों में महाराजा रंजीत सिंह के और महात्मा गांधी दोनों के फोटो लगे हुए हैं जिन्हें नहीं हटाया जाएगा। बात सिर्फ इतनी है कि मुख्यमंत्री के बजाए सरदार भगत सिंह का फोटो लगेगा। यह बड़ा फैसला है।
सन्धू ने कहा कि आजादी के 75 सालों में भगत सिंह और अन्य क्रांतिकारियों के सपनों के मुताबिक भारत का निर्माण नहीं किया गया।
सरदार भगत सिंह के सपने अधूरे हैं। थोड़ी उम्मीद दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भगत सिंह को आगे करके बढ़ाई है।
बहुचर्चित फिल्म द कश्मीर फाइल्स के बारे में कहा कि इसे फिल्म के तौर पर ही लेना चाहिए। ऐसा कोई काम हमें नहीं करना चाहिए जिससे देश की एकता और अखंडता पर आंच आए। उन्होंने उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ के पुनः मुख्यमंत्री बनने का भी स्वागत किया और कहा कि योगी के पहले कार्यकाल में उत्तर प्रदेश की कानून व्यवस्था बेहतर रही थी और उम्मीद है कि दूसरा कार्यकाल भी बेहतर रहेगा।
यह भी पढ़ें:-मोबाइल गुम हो जाए तो तत्काल करें इस हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क, अल्मोड़ा पुलिस की अपील