शाहजहांपुर: विधायक का रिपोर्ट कार्ड – मीरानपुर कटरा- सड़क के गड्ढों में खो गया कटरा का विकास

शाहजहांपुर, अमृत विचार। निगोही को समाप्त कर और तिलहर विधानसभा क्षेत्र का कुछ हिस्सा काटकर कटरा विधानसभा बनाई गई। वर्ष 2017 में अस्तित्व में आई कटरा विधानसभा क्षेत्र के पहले विधायक वीर विक्रम सिंह प्रिंस बने। इनके पिता वीरेन्द्र प्रताप सिंह मुन्ना कांग्रेस से चार बार विधायक रह चुके हैं। वह तिलहर विधानसभा क्षेत्र से …
शाहजहांपुर, अमृत विचार। निगोही को समाप्त कर और तिलहर विधानसभा क्षेत्र का कुछ हिस्सा काटकर कटरा विधानसभा बनाई गई। वर्ष 2017 में अस्तित्व में आई कटरा विधानसभा क्षेत्र के पहले विधायक वीर विक्रम सिंह प्रिंस बने। इनके पिता वीरेन्द्र प्रताप सिंह मुन्ना कांग्रेस से चार बार विधायक रह चुके हैं। वह तिलहर विधानसभा क्षेत्र से विधायक बने थे। प्रिंस मोदी लहर और अपने पिता के रसूख पर जीतकर विधानसभा तक पहुंचे। वहीं युवा नेता होने के कारण क्षेत्रीय लोगों को भी उनसे खासी उम्मीदें थीं। लोगों को विश्वास था कि उन्हें अब स्वास्थ्य, शिक्षा और बेहतर सड़कें मिल जाएंगी, लेकिन हकीकत में इतना कुछ नहीं हुआ।
कुछ गांवों के लोगों ने बताया कि उन्हें पानी भी नसीब नहीं हुआ। सड़कों की हालत बद से बदतर है। हां शिक्षा के क्षेत्र में स्कूल कॉलेजों का निर्माण कार्य कराया गया। कुछ पुलों भी बनाए गए। एक एंथनाल प्लांट स्वीकृत किया हो चुका है, लेकिन इसके निर्माण में अभी वक्त लगेगा। इस विधानसभा क्षेत्र में मीरानपुर कटरा विधानसभा क्षेत्र में खुदागंज, जैतीपुर, गढ़िया रंगीन, कलान प्रमुख कस्बे हैं, जबकि परौर का भी कुछ क्षेत्र इसी में शामिल है। लोगों कहना है कि कस्बों में कराए गए कुछ विकास कार्य दिखाई देते हैं, लेकिन ग्रामीण इलाकों की हालत पहले से भी बेकार हो चुकी है।
जैतीपुर से दातागंज और तिलहर जाने वाला मार्ग पूरी तरह बदहाल है। विक्रमपुर गांव के पास पुलिस पूरी तरह जर्जर है। इस पुलिया के टूटने से करीब एक दर्जन गांवों के लोगों को आठ किमी का चक्कर काटकर ब्लॉक मुख्यालय तक पहुंचना पड़ता है। इस क्षेत्र में साफ पानी भी बड़ी समस्या बना है। स्वास्थ्य की बात करें तो यहां की स्वास्थ्य सेवाएं पूरी तरह बदहाल है। खेड़ा रठ पीएचसी पर वर्षों से डॉक्टर नहीं है। ऐसे में रोगियों को जैतीपुर और तिलहर जाना पड़ता है।
वहीं जैतीपुर सीएचसी पर भी डॉक्टरों की कमी होने से रोगियों को राहत नहीं मिल पाती है। स्थानीय लोगों के अनुसार विधायक के गांव से खेड़ा रठ मात्र छह किमी की दूरी पर है। वहीं इनके गांव की सड़क भी पूरी तरह बदहाल बताई जा रही है। हालांकि विधायक वीर विक्रम सिंह प्रिंस का दावा है कि जितना विकास उन्होंने पांच वर्ष में करा दिया है। उतना विकास अब तक किसी विधायक ने नहीं कराया है। स्थनीय लोगों में कुछ लोगों का कहना है कि विधायक अपने वादों पर खरे नहीं उतरे, तो कई लोगों ने बताया कि प्रिंस ने क्षेत्र में कई विकास कार्य कराए हैं।
विधायक का दावा, इन सड़क-शिक्षा पर कराया बेहतर काम
भाजपा विधायक वीर विक्रम सिंह प्रिंस का दावा है कि उन्होंने नवादा दरोवस्त में पुल, पच्चड़ घाट का पुल, कलान में हैदलपुर का पुल, मदनापुर में डरी बचौला व जैतीपुर के मड़ई घाट पुल बनने से करीब ड़ेढ़ सौ गांवों के लोगों को आवागमन में सुविधा हुई है। उनका कहना है कि अकबरिया गांव में विद्युत उप केंद्र बन गया है।
कटरा में नगर व ग्रामीण क्षेत्र के लिए फीडर अलग हो चुके हैं। वह बताते हैं कि राजकीय डिग्री कॉलेज की मांग लंबे समय से चली आ रही थी। उनके प्रयास से ही 2018 में मुख्यमंत्री आदित्यनाथ ने नवादा आकर राजकीय डिग्री कॉलेज व राजकीय इंटर कॉलेज की घोषणा की। कलान के संगेड़ी रासा नगरिया में भी राजकीय इंटर कॉलेज बनवाया। बताते हैं कि उनका सपना जैतीपुर में बड़ा स्टेडियम बनवाने का था, लेकिन पर्याप्त जगह न मिलने के कारण मंजूरी नहीं मिल सकी।
शारदा नहर की टूटी झाल के लिए 50 लाख मंजूर पर काम नहीं
किसानों की समस्या-पिछले दो वर्ष से टूटी शारदा नहर कटरा ब्रांच की झाल, जिसका 50 लाख का बजट तो पास हो गया, लेकिन निर्माण कार्य अभी तक शुरू नहीं हो सका। किसानों की सिंचाई की समस्या गेहूं की फसल में पहली सिंचाई पंपिंग सेट से की, दूसरी सिंचाई का नंबर आ गया, लेकिन नहर में पानी नहीं दिख रहा। नहर खुदाई की आवश्यकता नही थी फिर भी नहर गहरी करा दी पानी अगर आता भी है तो खेतों मे नही जायेगा क्योंकि कुलावे इतने नीचे हो गए हैं।
जो वादे किए, वे पूरे हुए: विधायक
2017 में चुनाव लड़ने के दौरान जनता से जो भी वादे किए, सभी पूरे कराए हैं। आजादी के बाद से इलाके में कभी इतने काम नहीं हुए, जितने भाजपा की सरकार में कराए गए। सड़क, बिजली, पानी, शिक्षा, बेरोजगारी, पुल के जिन मुद्दों पर वोट मांगा, उन्हें पूरा कराया है। 20 से अधिक पुल और पुलिया बनवाईं। 100 से अधिक सड़कों का निर्माण हुआ। कटरा और खुदागंज आदर्श नगर पचायत बनी। बच्चों की शिक्षा के लिए राजकीय डिग्री कॉलेज हमारा बड़ा सपना था, जो पूरा कराया। स्टेडियम के लिए हाइवे के किनारे 70 बीघा जमीन की जरूरत थी जो नहीं मिल पाई, जिससे स्टेडियम नहीं बन पाया। मेरा यह सपना अधूरा रह गया अन्यथा खेल प्रतिभाओं को बड़ा मौका मिल जाता। -वीर विक्रम सिंह प्रिंस, विधायक-कटरा।
विकास में शून्य, उत्पीड़न करने में आगे रही भाजपा: पूर्व विधायक
भाजपा के विधायक और सरकार क्षेत्रीय विकास में शून्य रही, जबकि साढ़े चार साल में जनता का उत्पीड़न करने में आगे रही। भाजपा विधायक ने उन्हीं सड़कों और पुलों का उद्घाटन किया, जिनकी सपा की सरकार में स्वीकृति मिली थी। भुंडी घाट, रेहरा घाट और शम्मीपुर पुल की घोषणा पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने की थी, लेकिन भाजपा की सरकार में इन पर काम नहीं हुआ। भाजपा की सरकार में मीट की दुकानों और लकड़ी कटान पर जमकर वसूली की जा रही है। इसके अलावा थानों पर सत्ता से जुड़े लोगों का कब्जा हो गया है, जिसकी वजह से आमजन की सुनवाई तक नहीं हो रही है। यही हाल सरकारी दफ्तरों का भी है। कुल मिलाकर जनता परेशान है और अब फिर से सपा की सरकार बनाने का मन बना चुकी है। -राजेश यादव, पूर्व विधायक-कटरा (सपा)
लोग बोले…….
क्षेत्र में कोई खास बदलाव नहीं दिखता। सड़कों पर गड्ढे हैं और जिन पर गड्ढे नहीं हैं, जर्जर होने के कारण उन पर चलना मुश्किल है। किसानों का गन्ना भुगतान नहीं हो रहा है। अस्पतालों में इलाज नहीं मिल रहा है। जनता परेशान है। -हरिकरन त्रिपाठी, किसान।
सड़कें गड्ढामुक्त करने का अभियान सुनने में आया था, लेकिन हकीकत में इतने घटिया काम कराए गए कि कुछ दिनों में ही गड्ढे हो गए। कागजों में विकास कार्य तो कराए जा रहे हैं, लेकिन हकीकत में कुछ भी नहीं हुआ है। महंगाई चरम पर है। -शकील बेग, किसान।
विधायक का कार्यकाल अच्छा रहा है। जो काम कहे, वे अधिकांश कराए गए। कोरोना काल में विधायक ने जनता की बहुत मदद की। क्षेत्र में सड़कें पहले से काफी अच्छी हुई हैं। आवागमन के संसाधन भी अच्छे हो गए हैं। -रामाराव दीक्षित, क्षेत्र निवासी।
भाजपा की सरकार में काम खूब कराए गए। नई सड़कें भी बनी हैं, लेकिन कुछ जर्जर सड़कों को ठीक कराने की जरूरत है। साथ ही हुलानगरा रेलवे क्रासिंग पर ओवरब्रिज का निर्माण जल्द पूरा कराना जरूरी है ताकि जाम की समस्या खत्म हो सके। -प्रदीप सिंह, गांव मधुपुरी किसान।
- कुल मतदाता – 3,36,697
- पुरुष मतदाता – 1,84,485
- महिला – 1,52,185
- ट्रांस जेंडर – 27