मुरादाबाद: फोटो खींचने के बहाने ली अंगूठी....फिर चकमा देकर फरार हुआ ठग
मुरादाबाद , अमृत विचार। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक छात्र ठग जिला न्यायालय से रिटायर्ड हुए पेशकार से उनकी अंगूठी का फोटो खींचने के बहाने लेकर फरार हो गया। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
थाना सिविल लाइंस क्षेत्र के रामगंगा विहार फेज-2 निवासी गिरिराज स्वरूप भटनागर जिला न्यायालय के पेशकार पद से रिटायर्ड हैं। वर्तमान में वह वकालत कर रहे हैं। गिरिराज स्वरूप भटनागर ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि बीती 18 अप्रैल को सुबह वह फूल तोड़ने निकले थे। बताया कि उसी समय स्कूटी लेकर घर की ओर बढ़ रहे थे, तभी 35-40 साल का एक युवक बाइक से आकर रुका। उसने खुद को लाजपतनगर का बताते हुए पैर छुए और कहा कि मेरी बहन की शादी है, मैं आपको जरूर बुलाउंगा। बाद में उसने कहा कि अंकल मैने एक पुखराज खरीदा है, लेकिन वह पीला है। आपकी अंगूठी में सफेद है। मैं इसकी पीछे से एक फोटो लेना चाहता हूँ ताकि पता चल जाए कि पीछे से कितनी खुली है और उगली से कितनी छू रही है।
गिरिराज स्वरूप के अनुसार उसकी बातों में आकर वह अंगूठी फोटो खीचने के लिए दे दिए। इसके बाद वह बोला आप मेरे साथ सांई मंदिर चलो वहां मेरी मां और भाई आए हैं। गिरराज स्वरूप के अनुसार जैसे ही वह स्कूटी स्टार्ट करके आगे बढ़े तभी पीछे से बाइक सवार युवक यूटर्न लेकर भाग गया। पीछा करने पर भी पकड़ में नहीं आया।
पूरी घटना वहां पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। इस संबंध में थाना सिविल लाइंस प्रभारी निरीक्षक मनीष सक्सेना ने बताया कि तहरीर के आधार पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपी की पहचान कर गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है। जल्दी ही आरोपियों की रफ्तार कर लिया जाएगा।
