बरेली: हवाई सेवा के जरिए बरेली सीधी मुंबई से जुड़ी, आज से फ्लाइट शुरू

बरेली, अमृत विचार। आज झुमका नगरी (बरेली) हवाई सेवा के जरिए मायानगरी (मुंबई) से सीधी जुड़ जाएगी। इंडिगो की 180 सीटर एयरबस की फ्लाइट शुरू हो रही है। पहली फ्लाइट से मुंबई जाने के लिए लोग काफी उत्सुक है। मुंबई से पहली फ्लाइट राजेंद्र नगर निवासी सीनियर कैप्टन सुमित अग्रवाल उड़ाकर ला रहे हैं। सुमित …
बरेली, अमृत विचार। आज झुमका नगरी (बरेली) हवाई सेवा के जरिए मायानगरी (मुंबई) से सीधी जुड़ जाएगी। इंडिगो की 180 सीटर एयरबस की फ्लाइट शुरू हो रही है। पहली फ्लाइट से मुंबई जाने के लिए लोग काफी उत्सुक है। मुंबई से पहली फ्लाइट राजेंद्र नगर निवासी सीनियर कैप्टन सुमित अग्रवाल उड़ाकर ला रहे हैं। सुमित 2006 से ही इंडिगो से जुड़े हुए हैं और अधिकारियों को किसी तरह मनाकर बरेली की फ्लाइट लाने की अनुमति ली है।
मुंबई और बेंगलुरू के लिए फ्लाइट शुरू होने से पश्चिम और दक्षिण भारत से बरेली सीधी जुड़ जाएगी। इसका लाभ बरेली व इसके आसपास के उद्यमी, कारोबारी और युवाओं को भी खूब मिलेगा। सबसे बड़ी खुशी की बात यह है कि मुंबई और बेंगलुरू के लिए बरेली से प्रत्येक दिन फ्लाइट है। जो यात्री यहां से मुंबई जाएगा, यदि उसे बेंगलुरू जाना है तो इंडिगो की मुंबई से ही बेंगलुरू के लिए इंटरकनेक्ट फ्लाइट मिल जाएगी।
इंडिगो के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि मुंबई और बेंगलुरू इंटरकनेक्ट जोड़े गए हैं। बरेली से जाने वाले यात्री को यदि मुंबई वाया बेंगलुरू जाना है तो उसे मुंबई एयरपोर्ट से ही इंडिगो की दूसरी फ्लाइट बेंगलुरू जाने के लिए मिलेगी। इसलिए कह सकते हैं कि बरेली से प्रत्येक दिन दोनों शहरों के लिए फ्लाइट उपलब्ध है।
इंडिगो की ओर से इन्हें किया गया आमंत्रित
नागरिक उड्डयन मंत्री नंद गोपाल गुप्ता ‘नंदी’, पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं सांसद संतोष गंगवार, शहर विधायक डा। अरुण कुमार, आंवला विधायक धर्मपाल सिंह, बहेड़ी विधायक छत्रपाल गंगवार, भोजीपुरा विधायक बहोरन लाल, और बिथरी विधायक राजेश कुमार मिश्रा उर्फ पप्पू भरतौल के अलावा जिलाधिकारी नितीश कुमार को इंडिगो की ओर से कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आमंत्रण भेजा गया लेकिन तीन अन्य विधायकों में मीरगंज के डीसी वर्मा, कैंट विधायक राजेश अग्रवाल और फरीदपुर विधायक प्रो श्याम बिहारी लाल का नाम आमंत्रण सूची में शामिल नहीं था। जबकि उपरोक्त पांच विधायकों के नाम उस पत्र में दर्ज हैं जो इंडिगो की ओर से बरेली एयरपोर्ट अथॉरिटी के निदेशक के पास भेजा गया है। वहीं, एयरपोर्ट निदेशक राजीव कुलश्रेष्ठ ने अपनी ओर से मंडलायुक्त, एसएसपी और मेयर का नाम आमंत्रित सूची में शामिल कराया है। हालांकि, देर शाम जब फरीदपुर विधायक से बात की गयी तो उन्होंने बताया कि जिलाधिकारी के कार्यालय से फोन और आमंत्रित होने का मैसेज मिल गया है। इधर, मीरगंज विधायक डा। डीसी वर्मा का कहना है कि इंडिगो की तरफ से कोई निमंत्रण नहीं मिला है। विधान मंडल की बैठक में लखनऊ में व्यस्त हूं। व्हाट्सएप के माध्यम से दिल्ली से पंकज गुप्ता की तरफ से एक निमंत्रण संदेश मिला है।
मुंबई-बरेली फ्लाइट के आरंभ के मौके पर सुबह कटेगा केक
नागरिक उड्डयन मंत्री नंद गोपाल गुप्ता ‘नंदी’ आज सुबह एयरपोर्ट पहुंचेंगे। वह फ्लाइट का आरंभ करने के साथ मुंबई से आने वाले यात्रियों का भी स्वागत करेंगे। इंडिगो के अधिकारियों ने एयरपोर्ट पर मुंबई-बरेली फ्लाइट के आरंभ होने के मौके पर केक काटकर सेरेमनी मनाने की तैयारी की है। सुबह करीब 9 बजे एयरपोर्ट निदेशक राजीव कुलश्रेष्ठ व अन्य अधिकारियों की मौजूदगी में इंडिगो स्टाफ केक काटेगा। वहीं, इंडिगो के सेरेमनी के कार्यक्रम में केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य और इंडिगो के सीनियर अधिकारी ऑनलाइन जुड़ेंगे।
मुंबई के 65 और बेंगलुरू की फ्लाइट के 70 यात्रियों ने बुक कराए टिकट
एयरपोर्ट पर पहुंची इंडिगो टीम के एक वरिष्ठ प्रतिनिधि ने बताया कि बरेली से मुंबई जाने के लिए बरेली से 65 लोगों ने टिकट बुक कराए हैं। 14 अगस्त से बेंगलुरू के लिए शुरू हो रही फ्लाइट के लिए 70 लोगों ने टिकट बुक कराए हैं। मुंबई-बरेली फ्लाइट आज से शुरू हो रही है। पहली फ्लाइट मुंबई से आ रही है। इसमें राजेंद्र नगर निवासी सीनियर पायलट सुमित अग्रवाल के माता-पिता और पत्नी भी मुंबई से आ रही हैं।
एयरपोर्ट जाने वाली सड़क जर्जर, यात्री व राहगीर झेल रहे दिक्कतें
सेटेलाइट से एयरपोर्ट तक फोरलेन सड़क बनाने का प्रस्ताव फाइलों में कैद हो गया है। अधिकारी कई बार-बार यह कह चुके हैं कि जल्द सड़क का चौड़ीकरण कराया जाएगा और दोनों साइडों में हरित पट्टिका भी बनेगी लेकिन सड़क की मौजूदा स्थिति पर बात करें तो पीलीभीत रोड की स्थिति बेहद खराब हो गयी है। कई जगह पर सड़क टूटने से गहरे-गहरे गड्ढे हो गए हैं। इस ओर न पीडब्ल्यूडी और न ही प्रशासनिक अधिकारी ध्यान दे रहे हैं। इससे राहगीरों के साथ हादसे हो रहे हैं। संजय नगर चौराहे के पास सड़क पर काफी बड़ा गड्ढा हो गया है। मंगलवार देर रात लोगों ने राहगीरों को गड्ढे में गिरने से बचाने के लिए दोनों तरफ से ईंटें लगाकर लाल झंडी लगा दी थी। फिर भी कई लोग उस गड्ढे में गिरकर चोटिल हो गए। कई दिनों से यहां पेयजल लाइन लीक हो रही थी। इस वजह से गहरा गड्ढा हो गया था। बुधवार को सड़क के गड्ढों को पत्थरों के रोड़ों से भरा गया लेकिन लोडेड वाहनों के पहिये गड्ढे में जाने से पत्थरों का रोड़ा गड्ढे से बाहर निकल रहा है। एयरपोर्ट जाने वाले यात्रियों को भी टूटी सड़क से होकर गुजरना पड़ रहा है।
बरेलीवासियों में खुशी की लहर
बरेली से मुंबई-बेंगलरू की फ्लाइट शुरू होना बहुत ही खुशी की बात है। सोचा नहीं था यह व्यवस्था इतना जल्दी लागू होगी। अक्सर मुंबई से बरेली आना रहता है। गुरुवार को भी पहली फ्लाइट से बरेली आ रहा हूं। पहले दिल्ली एयरपोर्ट पर उतरते थे तो वहां से बरेली आने में करीब सात घंटा लगता था। अब समय के साथ पैसा भी बचेगा। सीधे फ्लाइट मिलने से व्यापार में अपार संभावनाएं हैं। -मेहताब सिद्दीकी, सीईओ, रेडिसन होटल
कई बार सोचा लेकिन कनेक्टिविटी अच्छी नहीं होने की वजह से अपना आफिस मुंबई में नहीं खोल सका। अब बरेली से मुंबई-बेंगलरू के लिए सीधी फ्लाइट होने से काफी आराम हो गया है। आफिस के सिलसिले में ही आज मुंबई जाना है। बरेलीवासियों के लिए यह सुविधा मील का पत्थर साबित होगी। बरेली से अहमदाबाद के लिए भी फ्लाइट शुरू होती तो कारोबार को और गति मिलेगी। -सुरेंद्र पाल सिंह, उद्यमी
बरेली से मुंबई हवाई यात्रा शुरू होने से राह काफी आसान हो गई है। मेरा मेंथा का कारोबार है। पिछले काफी समय से मुंबई से कारोबार शुरू की सोच रहा था, लेकिन कनेक्टिवटी अच्छी नहीं होने और लंबी दूरी के चलते नहीं जा सका। बड़े उत्साह के साथ कुछ दिन पहले ही टिकट बुक कराया था। आज बरेली से मुंबई की फ्लाइट है। उम्मीद है जाने का मकसद पूरा हो जाएगा। -रमेश मित्तल, कारोबारी
बरेली से मुंबई हवाई जहाज की यात्रा शुरू होने से बरेली में होटल का व्यवसाय बढ़ने के साथ ही कलाकारों को सुनहरा मौका मिलेगा। जरी के कारोबार में बढ़ोत्तरी सहित बरेली में नए उद्योग धंधे लगने की उम्मीद बढ़ गई हैं। इससे बरेली वासियों को रोजगार का मौका भी मिलेगा। -रामकृष्ण शुक्ला, महानगर अध्यक्ष, पश्चिमी उप्र उद्योग व्यापार मंडल
मेरी बेटिया दिशा पाटनी एक्ट्रेस हैं। अभी सीधे मुंबई तक कनेक्टिवटी नहीं होने से काफी परेशानी का सामना करना पड़ता था। मुंबई से दिल्ली करीब ढ़ाई घंटे का सफर था, लेकिन बरेली पहुंचते-पहुंचते करीब पंद्रह घंटे लग जाते थे। अब बरेली से मुंबई और मुंबई से बरेली के लिए सीधे फ्लाइट मिलने से काफी हद तक आराम हो जाएगा। -जगदीश पाटनी, रिटायर्ड सीओ
दिल्ली से भी ज्यादा सफल साबित होगी मुंबई के लिए उड़ान भरने वाली फ्लाइट क्योंकि इससे पूरा भारत जुड़ेगा। इसके अलावा बरेली से सीधे मुंबई के लिए यात्रा शुरू होने से उद्यमियों की राह भी काफी आसानी हो जाएगी। व्यापारी भी इसका लाभ उठाएंगे। यहां जाब सेंटर्स अधिक है तो छात्रों को अच्छी कंपनियों में नौकरी के अवसर भी मिलेंगे। -सुरेश सुंदरानी, उद्यमी
मुंबई-बरेली फ्लाइट कनेक्टिविटी सही दिशा में एक कदम है, बरेली के मेरे साथी नागरिकों की अब अवसरों की भूमि मुंबई तक सीधी पहुंच होगी। बरेली को और भी समृद्ध शहर के रूप में विकसित करने में मदद मिलेगी। यह मेरे जैसे बरेली निवासियों को उनके घरों के और भी करीब लाएगा। -राहुल जौहरी, पूर्व सीईओ बीसीसीआई