स्वतंत्र देव सिंह ने अखिलेश पर कसा तंज, कहा- साइकिल में खड़े-खड़े जंग लग गई है

स्वतंत्र देव सिंह ने अखिलेश पर कसा तंज, कहा- साइकिल में खड़े-खड़े जंग लग गई है

लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने बयान जारी करते हुए कहा है कि सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष कुर्सी का कोरा स्वप्न देख रहे हैं। उन्होंने कहा कि सपा सरकार की अराजकता, गुंडागर्दी व भ्रष्टाचार और सत्ता में बाहर रहने के बाद विपक्ष के तौर पर उनकी अकर्मण्यता व नकारात्मकता को …

लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने बयान जारी करते हुए कहा है कि सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष कुर्सी का कोरा स्वप्न देख रहे हैं। उन्होंने कहा कि सपा सरकार की अराजकता, गुंडागर्दी व भ्रष्टाचार और सत्ता में बाहर रहने के बाद विपक्ष के तौर पर उनकी अकर्मण्यता व नकारात्मकता को जनता ने इतने गहरे से महसूस किया है कि वह सपा को सत्ता से सदैव बाहर रखने का मन बना चुकी है।

उन्होंने कहा कि सपा अध्यक्ष शायद भूल गये कि पिछले दो सालों में उनकी साइकिल में खड़े-खड़े जंग लग गयी है और जंग लगी पंचर साइकिल से रेस नहीं जीती जाती। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि सपा मुखिया को विरासत में सत्ता मिली। पिता-चाचा के खून-पसीने से बनी विरासत को हड़प लिया। स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा है वे समाजवादी नेता और चिंतक जनेश्वर मिश्रा के रास्ते पर चल रहे हैं लेकिन जो व्यक्ति अपने पिता के नक्शे कदमों पर नहीं चल पाया वो जनेश्वर मिश्रा, जिनको खुद मुलायम सिंह यादव अपना राजनीतिक गुरु मानते थे, उनके रास्ते पर कैसे चल सकते हैं।

उन्होंने कहा कि जनता ने सपा को नकार दिया तो सपा अध्यक्ष घर में बैठ गए। कोविड जैसी आपदा में जनता की मदद के लिए हाथ बढ़ाने के बजाय केवल ट्विटर पर सरकार के जनहित के कामों पर सवाल करते रहे। जब भाजपा के कार्यकर्ता से लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तक जिले-जिले जाकर जनता का दुख-दर्द बांट रहे थे तब सपा मुखिया घर में बैठकर वैज्ञानिकों की मेहनत व विजन का यह कहकर अपमान कर रहे थे कि वे भाजपा की वैक्सीन नहीं लगवाएंगे।

जब प्रदेश की पुलिस आतंकियों से लोहा लेकर उनके मंसूबे ध्वस्त कर रही थी तो सपा मुखिया आतंकियों के पक्ष में खड़े होकर पुलिस व सेना की नीयत पर सवाल कर रहे थे। अब जब योगी सरकार की अथक मेहनत से कोविड की दूसरी लहर पर नियंत्रण किया जा चुका है तो घर में बैठे-बैठे उब गए तो समाजवाद का मुखौटा लगाकर सपा मुखिया लाखों की साइकिल पर ‘वॉक’ पर निकले हैं। उनके लिए राजनीति केवल पर्यटन व जनता का दुःख-दर्द मनोरंजन है। यही वजह है कि जब मुजफ्फरनगर दंगे के पीड़ित ठंड में ठिठुर रहे थे तो सपा मुखिया मुख्यमंत्री रहते हुए सैफई में नाच करा रहे थे, जिस पर सुप्रीम कोर्ट ने भी इनको आइना दिखाया।

जनता सपा के भ्रष्टाचार, आतंकवाद को उनके खुले समर्थन, गुंडागर्दी को उनके सरंक्षण और अराजक सोच को भली-भांति समझ चुकी है। जनता सुशासन, विकास, सामाजिक सुरक्षा, राष्ट्रीय गौरव की सोच, उत्तर प्रदेश को उत्तम प्रदेश बनाने के लिए अग्रसर ईमानदार नेतृत्व के साथ खड़ी है। उसने पहले भी इसीलिए भाजपा को आशीर्वाद दिया है, अभी भी जनता का आशीर्वाद भाजपा के साथ है। 2022 में भी जनता भाजपा को विजयश्री का आशीर्वाद देकर विकास के एजेंडे को आगे बढ़ाएगी। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि दरअसल सपा मुखिया अभी भी अपने मुख्यमंत्रित्व काल में ही अटके हैं इसलिए अपने असफलता के आंकड़ों को आज गिना रहे हैं। आंखों से झूठ व नकारात्मकता का चश्मा निकाल कर देखेंगे तो उन्हें दिखेगा कि आज यूपी कानून व्यवस्था, निवेश, सामाजिक सुरक्षा, किसानों के हित, विकास, इंफ्रास्ट्रक्चर, बिजली से लेकर हर क्षेत्र में पहले पायदान पर खड़ा है।