सुशासन और कानून व्यवस्था प्रदेश की पहचान, बूथ अध्यक्ष सम्मेलन में बोले संजय राय

सुशासन और कानून व्यवस्था प्रदेश की पहचान, बूथ अध्यक्ष सम्मेलन में बोले संजय राय

बाराबंकी, अमृत विचार। लोकसभा चुनाव में ऐतिहासिक जीत दर्ज करने के लिए भाजपा  बूथ मैनेजमेंट पर खासा जोर दे रही है। शनिवार को भाजपा ने रामनगर और बाराबंकी सदर विधानसभा में बूथ अध्यक्ष सम्मेलन आयोजित कर कार्यकर्ताओं को बूथ जीतो चुनाव जीतो का मूल मंत्र दिया।

महादेवा स्थित ऑडिटोरियम में आयोजित सम्मेलन में प्रदेश महामंत्री व अवध क्षेत्र प्रभारी संजय राय ने विपक्ष पर करारा प्रहार करते हुए कहा कि 2017 के पहले सपाइयों का नारा था हर खाली प्लाट हमारा है। उन्होंने कहा कि जिस गाड़ी में सपा का झंडा होता था उसमे उतना बड़ा गुंडा बैठा होता था। सपा के शासन में प्रदेश के लोगों ने बहुत दुश्वारियां झेली हैं। उन्होंने कहा कि 2017 से पहले यूपी कैसा था और अब कैसा है, फर्क साफ है। आज सुशासन और कानून व्यवस्था प्रदेश की पहचान है।

उन्होंने कहा कि इस बार ईवीएम को कमल से लबालब कर देना है। जिससे नरेंद्र मोदी तीसरी बार प्रधानमंत्री बनें और विकसित भारत के संकल्प की नींव मजबूत हो। संजय राय ने कहा कि देश में विगत दस वर्षों में 25 करोड़ लोग गरीबी से बाहर निकले हैं। प्रदेश के लाखों लोगों को पक्की छत मिली है। रोजगार के साधन बने हैं। देश के 52 करोड़ लोगों के बैंक के खाते खुले हैं। यही नहीं मोदी कार्यकाल में विभिन्न योजनाओं के 34 लाख करोड़ रूपये सीधे लोगों के खाते में पहुंचे हैं।

उन्होंने तंज कसा यदि भ्रष्टाचारियों और माफिया गुंडों को संरक्षण देने वालों की सरकार होती तो ये सब मिलकर 29 लाख करोड़ रूपये लूट लिए होते और देश की गरीब जनता को केवल 5 लाख करोड़ रुपए ही पहुंचते। मोदी ने एक-एक पाई गरीब की भलाई में लगाई है। जिन घरों में आजादी के बाद भी बिजली नहीं पहुंची थी। पीएम मोदी ने वहां रोशनी पहुंचाई। जिन घरों को पीने का साफ पानी नहीं मिला रहा था आज वहां नल से जल पहुंच रहा है और यह सब बिना भेदभाव के हो रहा है।

सभी बूथ अध्यक्ष को वितरित की गई किट के बारे में जिला प्रभारी अवनीश पटेल ने विस्तार से बताया। पूर्व विधायक शरद अवस्थी ने  कार्यकर्ताओं से कहा कि विधानसभा चुनाव में मिली हार का बदला लेना है। जिसके लिए शत प्रतिशत मतदान जरूरी है। भाजपा प्रत्याशी राजरानी रावत ने भी जनता से चुनाव जीत दिलाने की अपील की।जिला अध्यक्ष अरविंद मौर्य ने सभी का आभार ज्ञापित किया। इस मौके पर लोकसभा प्रभारी विनोद कुमार मिश्रा, हरगोविंद सिंह, बद्री विशाल त्रिपाठी, संजय तिवारी, विजय आनंद बाजपेई, संतोष पांडे, कमलेश शुक्ला, शैलेंद्र प्रताप सिंह, शुशील कुमार वर्मा, रामहेत विश्वकर्मा मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें:-Video: सास को दिल दे बैठी बहू, शारीरक संबंध बनाने को करती है मजबूर, पीड़िता ने प्रशासन से लगाई मदद की गुहार