निगम बोर्ड की बैठक: हंगामे के बीच पास हुआ 430.64 करोड़ रुपये का बजट, पार्षदों ने नगर आयुक्त को घेरा

निगम बोर्ड की बैठक: हंगामे के बीच पास हुआ 430.64 करोड़ रुपये का बजट, पार्षदों ने नगर आयुक्त को घेरा

मुरादाबाद,अमृत विचार। नगर निगम बोर्ड की बैठक में पार्षदों ने सफाई व्यवस्था में कमी और डोर-टू-डोर कूड़ा उठान में केवल कंपनियों के नाम गिनाने के आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। कई बार हंगामे के चलते सदन के संचालन में व्यवधान पड़ा। हंगामे के बीच वित्तीय वर्ष 2022-23 के 430.64 करोड़ रुपये के मूल बजट …

मुरादाबाद,अमृत विचार। नगर निगम बोर्ड की बैठक में पार्षदों ने सफाई व्यवस्था में कमी और डोर-टू-डोर कूड़ा उठान में केवल कंपनियों के नाम गिनाने के आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। कई बार हंगामे के चलते सदन के संचालन में व्यवधान पड़ा। हंगामे के बीच वित्तीय वर्ष 2022-23 के 430.64 करोड़ रुपये के मूल बजट को सदन ने मंजूरी दी। इसमें निगम की अनुमानित आय 29, 314.00 लाख रुपये रखा गया है।

सात मई को हुई निगम की कार्यकारिणी बैठक में वित्तीय वर्ष 2022-23 के लिए 430.64 करोड़ रुपये के बजट को मंजूरी दी गई थी। इस बजट को शनिवार को हुई बोर्ड बैठक में रखा गया, लेकिन इसके पेश होने से पहले ही सफाई, डोर-टू-डोर कूड़ा उठान के मुद्दे पर सदन अखाड़ा बन गया। विपक्ष से अधिक भाजपा के पार्षदों ने सदन में शहर की लचर सफाई व्यवस्था पर अधिकारियों के साथ ही महापौर पर निशाना साधा। सदन में इसको लेकर कई बार पार्षदों ने हंगामा किया। अधिकारियों पर मनमानी कर केवल बाहर की कंपनियों को लाकर ठेका देकर निगम का अरबों रुपया बर्बाद करने का आरोप मढ़ा।

अपर आयुक्त पर लगाया झूठ बोलने का आरोप
वार्ड नंबर 13 सिविल लाइंस के पार्षद संजय सक्सेना ने बायोमेट्रिक अटेंडेंस शुरू न होने पर अपर आयुक्त अनिल कुमार सिंह पर झूठ बोलने का आरोप लगाया। कहा कि लायन कंपनी को 20 वार्डों में काम देने की बात कही जा रही है, लेकिन उसको कितने रुपये भुगतान दिए जा रहे हैं इसको सदन के सामने बताएं। कमल सिनेमा के बाहर मिनी एमआरएफ और हाईड्रोलिक सिस्टम से सफाई न होने पर सवाल खड़ा किया। कई अन्य पार्षदों ने भी सफाई के मुद्दे पर सदन में अधिकारियों और महापौर को कटघरे में खड़ा किया। नगर आयुक्त संजय चौहान ने अनिल सिंह को सफाई और सड़कों के लिए मुख्य अभियंता से जवाब मांगने के लिए कहा।

सफाई व्यवस्था में सुधार के लिए हो रहे प्रयास
अपर नगर आयुक्त अनिल कुमार सिंह ने कहा कि सफाई व्यवस्था में सुधार के प्रयास जारी हैं। डोर-टू-डोर कूड़ा उठान में निगम सफल नहीं है। यह माना भी। कहा कि लायन कंपनी के आने से शिवरात्रि के बाद सफाई व्यवस्था 20 वार्ड में सुधरेगी। इस पर काफी देर तक हंगामा होता रहा। विपक्षी पार्षदों को बात न रखने देने का आरोप लगाया कांग्रेस पार्षद अनुभव महरोत्रा ने अपने वार्ड में सफाई व्यवस्था दुरुस्त न होने का सवाल खड़ा किया। इस पर अन्य कांग्रेसी पार्षदों ने भी आवाज उठाई। कांग्रेस पार्षद मो. नदीम ने विपक्षी पार्षदों को बात न रखने देने का आरोप मढ़ा। कहा कि न तो ठीक से सफाई हो रही है और न पालीथीन प्रयोग पर प्रतिबंध लगा है। केवल रस्म अदायगी की जा रही है। कर निर्धारण के कर्मियों पर पैसा मांगने का आरोप मढ़ा। इस पर महापौर ने कहा कि भ्रष्टाचार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। भाजपा पार्षद विद्याशरण शर्मा ने कहा कि सफाई व्यवस्था, सड़कों की जर्जर हालत से जनता के सवालों से हर दिन दो चार होना पड़ता है, इसलिए हमारी बातों को गंभीरता से लेने की जरूरत है। बैठक में विशेष आमंत्रित विधान परिषद सदस्य गोपाल अंजान, नगर निगम कार्यकारिणी की उपाध्यक्ष सहित वार्डों के पार्षद और निगम के अधिकारी मौजूद रहे।

देहात विधायक ने भी खराब सड़क व सफाई के मुद्दे पर घेरा
देहात विधायक नासिर कुरैशी सदन की बैठक में पहली बार आए। कहा कि वार्ड सात में चामुंडा की मंदिर से ग्रीन वेस्ट कॉलोनी तक सीसी रोड की जरूरत है। तहसील स्कूल के पास चौकी हसन से मख्खन खां तक नाला निर्माण वार्ड 49 में कराया जाए। कहा कि शहर में सफाई व्यवस्था ठीक कराएं। अपने विधानसभा क्षेत्र के अन्य वार्डों में भी खराब सड़कों की मरम्मत व निर्माण की जरूरत बताई। उन्होंने अपने स्तर से सहयोग का भरोसा दिलाया। महापौर ने उनसे विधायक निधि से निगम क्षेत्र के विकास के लिए सहयोग करने का अनुरोध किया।

ये भी पढ़ें : मुरादाबाद : गुमशुदा हो गए सपने, अधूरी रह गई विवेचक की तलाश