मुरादाबाद : सिपाही पति के खौफ में हेड कांस्टेबल बीवी, एसएसपी से लगाई प्राण रक्षा की गुहार

मुरादाबाद,अमृत विचार। सिपाही पति से खौफजदा एक महिला हेड कांस्टेबल ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से प्राण रक्षा की गुहार लगाई। बिजनौर में तैनात पति व ससुरालियों पर महिला कांस्टेबल ने न सिर्फ बेरहमी से मारपीट करने का आरोप मढ़ा, बल्कि यहां तक कहा कि दहेज लोभी आरोपी अब उसकी जान के दुश्मन बन चुके हैं। …

मुरादाबाद,अमृत विचार। सिपाही पति से खौफजदा एक महिला हेड कांस्टेबल ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से प्राण रक्षा की गुहार लगाई। बिजनौर में तैनात पति व ससुरालियों पर महिला कांस्टेबल ने न सिर्फ बेरहमी से मारपीट करने का आरोप मढ़ा, बल्कि यहां तक कहा कि दहेज लोभी आरोपी अब उसकी जान के दुश्मन बन चुके हैं। महिला कांस्टेबल के गंभीर आरोप और एसएसपी के आदेश पर आरोपियों के खिलाफ अभियोग दर्ज करते हुए सिविल लाइंस पुलिस ने मुकदमें की जांच शुरू कर दी है।

स्थानीय अभिसूचना इकाई (एलआईयू) में हेड कांस्टेबल के पद पर तैनात डोली चौधरी के मुताबिक उनकी शादी बागपत के फतेहपुर पट्टी गांव के रहने वाले कुलदीप तोमर से 23 फरवरी 2016 को हुई। कुलदीप यूपी पुलिस में कांस्टेबल के पद पर कार्यरत है। उसकी तैनाती फिलहाल बिजनौर जिले में है। शादी के बाद दो माह का वक्त सामान्य रूप से गुजरा। वक्त बीतने के साथ ही पति कुलदीप, ससुर आत्माराम, सास सुशीला देवी, जेठ रविन्द्र सिंह का बर्ताव बदलने लगा। ससुराली महिला कांस्टेबल के वेतन का उपभोग करने लगे।

12 मार्च 2017 को महिला कांस्टेबल एक बेटी की मां बनी। खर्च बढ़ने पर महिला ने ससुरालियों को वेतन देना बंद कर दिया। तब पति मारपीट करने लगा। शादी में भरपूर दान दहेज मिलने के बाद भी आरोपी मायके से पांच लाख रुपए अतिरिक्त लाने का दबाव बनाने लगे। महिला ने जब विरोध किया तो उसकी पिटाई होने लगी। उत्पीड़न के बीच छह अगस्त 2020 को महिला कांस्टेबल दूसरी बेटी की मां बनी। दूसरी बेटी होते ही पति व उसके घर वाले आग बबूला हो गये। वह ताना मारते हुए पांच लाख रुपए मायके से लाने का दबाव बनाने लगे।

बीते 17 सितंबर की रात पति ने महिला कांस्टेबल को बेरहमी से पीटा। आरोपी सिपाही ने बीवी पर चाकू से वार किया। वार खाली होने पर पति ने महिला सिपाही को फर्श पर पटक दिया। बीवी की बेरहमी से पिटाई की। जान मारने की धमकी देकर तमंचा तान दिया। तब महिला सिपाही ने गिड़गिड़ाते हुए जीवन की भीख मांगी। तब आरोपी ने धमकी देते हुए चुप रहने को कहा। महिला सिपाही की तहरीर पर एसएसपी ने कानूनी कार्रवाई का आदेश दिया।

ये भी पढ़ें : मुरादाबाद : बेमौसम सब्जियां किसानों को कर देंगी मालामाल, यहां जानें सबकुछ