बरेली: संस्कृति की रक्षा के लिए महिलाओं ने भी उठाए हैं शस्त्र

बरेली: संस्कृति की रक्षा के लिए महिलाओं ने भी उठाए हैं शस्त्र

बरेली, अमृत विचार। पंजाबी संगठन उत्तर प्रदेश की ओर से बुधवार को विजयदशमी पर मॉडल टाउन स्थित हरि मंदिर परिसर में शस्त्र पूजन किया गया। महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कार्यक्रम में पहली बार संगठन की महिला विंग की पदाधिकारी भी पूजन में शामिल रहीं। मुख्य अतिथि महापौर डा. उमेश गौतम ने …

बरेली, अमृत विचार। पंजाबी संगठन उत्तर प्रदेश की ओर से बुधवार को विजयदशमी पर मॉडल टाउन स्थित हरि मंदिर परिसर में शस्त्र पूजन किया गया। महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कार्यक्रम में पहली बार संगठन की महिला विंग की पदाधिकारी भी पूजन में शामिल रहीं। मुख्य अतिथि महापौर डा. उमेश गौतम ने बताया कि शास्त्र व संस्कृति की रक्षा के लिए पुरुषों के साथ ही महिलाएं भी शस्त्र चलाने में पीछे नहीं हैं।

ये भी पढ़ें – बरेली: पुरुषों से कमतर नहीं महिलाएं, बढ़ रहीं आगे

विशिष्ट अतिथि भाजपा महानगर अध्यक्ष डा. केएम अरोड़ा व वरिष्ठ भाजपा नेता अनिल कुमार एडवोकेट ने महिलाओं को सशक्त बनाने पर जोर दिया। हरि मंदिर के पुजारी सुनील पंडित ने मंत्रोच्चारण के साथ शस्त्रों की विधि-विधान से पूजा कराई। पंजाबी संगठन उत्तर प्रदेश की महिला विंग की अध्यक्ष सुमन साहिनी ने बताया कि नारी अगर जननी है, मार्गदर्शक है तो आवश्यकता पड़ने पर वह दुष्टों की संहारक भी है। अगर नारी शक्ति जागृत हो जाए तो समाज की तमाम बुराइयां खुद-ब-खुद समाप्त हो जाएंगीं।

इतिहास गवाह है कि जब-जब नारी ने समाज का नेतृत्व किया है इतिहास में परिर्वतन हुआ है। नारियों को कभी भी अपने को कमजोर नहीं समझना चाहिए। उनमें अपार ताकत है। महिला विंग की वरिष्ठ उपाध्यक्ष हरिंदर कौर चड्डा ने कहा कि वर्तमान में नारी अबला नहीं रही, वह जीवन के हर क्षेत्र में अपना परचम लहरा रही है। कोई ऐसा क्षेत्र नहीं है जहां महिलाएं उच्च पदों पर न हों। आज हर क्षेत्र में महिलाओं का सम्मान हो रहा है। शस्त्र पूजन में महिला विंग की भागीदारी से यहीं संदेश देने का प्रयास किया गया।

संगठन के प्रदेश संयोजक मनोज अरोरा ने बताया कि संगठन की ओर से शस्त्र पूजन बीते 14 वर्षों से कराया जा रहा है। प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष अश्विनी ओबराय ने बताया कि हमारे संगठन का एकमात्र उद्देश्य समाज को जोड़ते हुए कैंची की तरह काटते हुए न चलते हुए सुई धागे की भांति जोड़ते हुए चलना है। इन शस्त्रों का सही से इस्तेमाल किया जाना चाहिए। इस मौके पर महिला विंग की सदस्य शालिनी भाटिया, डिंपल मेंदीरत्ता, संदीप कौर, पूनम भल्ला मौजूद रहीं।

इसके साथ ही शस्त्र पूजन में मंदिर के संरक्षक सतीश खट्टर, मुख्य ग्रंथी ज्ञानी काले सिंह, रवि छाबड़ा, पवन अरोरा, संजय चावला, संजय आनंद बबलू, रविंद्र कुमार सिंह, लतेश शर्मा, दर्शन लाल भाटिया, तिलक राज डिसूजा, वीरेंद्र अरोड़ा, अतुल कपूर पार्षद, विशाल मेहरोत्रा, सरदार सतवंत सिंह चड्डा, सरदार टीपीएस सेठी, गुरविंदर सिंह, प्रो. श्रवण अरोरा, गोविंद तनेजा, राकेश समेत अन्य लोग मौजूद रहे।

ये भी पढ़ें – बरेली: अधिक दाम पर बिक रही थी बियर, दो गिरफ्तार