बरेली: युवक की चाकुओं से गोदकर निर्मम हत्या, दोस्त पर ही शक

बरेली, अमृत विचार। किला छावनी में युवक की चाकुओं से गोदकर निर्मम हत्या कर दी गई। मंगलवार सुबह घर से 250 मीटर दूर एक प्लॉट में उसका शव मिला। शरीर पर 35 जगह चाकू से वार किए गए। गुप्तांग पर भी प्रहार किया गया। परिवार वालों ने मृतक के दोस्त पर ही हत्या का आरोप …
बरेली, अमृत विचार। किला छावनी में युवक की चाकुओं से गोदकर निर्मम हत्या कर दी गई। मंगलवार सुबह घर से 250 मीटर दूर एक प्लॉट में उसका शव मिला। शरीर पर 35 जगह चाकू से वार किए गए। गुप्तांग पर भी प्रहार किया गया। परिवार वालों ने मृतक के दोस्त पर ही हत्या का आरोप लगाया है। वह लाश मिलने के बाद से फरार है। सीसीटीवी फुटेज में भी उसकी लोकेशन मिली है।
किला छावनी निवासी बब्बू सक्सेना का 20 वर्षीय बेटा दर्शन उर्फ सागर तीन भाइयों में बड़ा था। सोमवार रात 9:30 बजे अपने एक दोस्त के साथ टहलने के लिए घर से निकला था। वह रात में घर नहीं लौटा। सुबह उसका शव घर से 250 मीटर दूर किला नदी किनारे प्लॉट में पड़ा मिला। परिजनों को आशंका है कि उसे उसके दोस्त ने ही साथियों साथ मिलकर मारा है। मौके पर फील्ड यूनिट और डॉग स्क्वॉड ने भी जांच की।
सीसीटीवी में दिखा दर्शन का दोस्त
घटनास्थल के पास एक सीसीटीवी कैमरे लगा था। जांच में पता चला कि रात 8 बजे दर्शन का दोस्त वहां से निकला था। इसके बाद उसका पता नहीं चला। पुलिस आस-पास लगे अन्य सीसीटीवी की जांच कर रही है।
एक चाकू चाइनीज तो दूसरा मीट काटने वाला चाकू
पुलिस को घटना स्थल पर दो नए चाकू मिले है। इसमें एक चाकू तो दूसरा मीट काटने वाला है। दोनों पर खून लगा था। पुलिस का मानना है कि वारदात को अंजाम देने वाले दो लोग हैं। एक व्यक्ति दो चाकुओं से हमला नहीं कर सकता।
600 मीटर दूर तक गया डॉग स्क्वॉड
घटना स्थल से डॉग स्क्वॉड एक बस्ती की तरफ 600 मीटर तक गया। वहां पर भी एक मीट की दुकान थी। पुलिस ने उस दुकानदार से पूछताछ की। पुलिस ने बस्ती के एक घर के लोगों से भी पूछताछ की है।
छह माह पहले हुआ था दोस्त से झगड़ा
पिता ने बताया कि दर्शन का अपने दोस्त से चार माह पहले झगड़ा हो गया था। जिसके बाद उसने उसी दोस्त का मोबाइल लूट लिया था। बाद में दोनों की दोस्ती भी हो गई थी लेकिन दोस्त के मन में उसके लिए क्या चल रहा था यह बात से वह अंजान था।
बेरहमी देख दहले लोग
जिस बेरहमी से दर्शन का कत्ल किया गया, उससे साफ जाहिर है कि हत्यारा उससे बहुत नाराज था। उसके मन में उसके लिए गुस्सा भरा था। हमलावरों ने दोनों चाकुओं से उस पर 35 बार हमला किया था। पोस्टमार्टम में इसका खुलासा हुआ है। पुलिस हत्या के पीछे प्रेम संबंध होने की भी जांच कर रही है।
एसएसपी रोहित सिंह सजवाण ने बताया कि युवक की बेरहमी से हत्या की गई है। उसके शरीर पर चाकुओं के कई निशान हैं। पुलिस दर्शन के एक दोस्त की तलाश कर रही है। वारदात के बाद से वह गायब है। पुलिस जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लेगी।