नई पारी की शुरुआत: मोदी कैबिनेट में शामिल हुए नए मंत्रियों ने संभाला कार्यभार

नई पारी की शुरुआत: मोदी कैबिनेट में शामिल हुए नए मंत्रियों ने संभाला कार्यभार

नई दिल्ली। मोदी कैबिनेट में शामिल हुए नए मंत्रियों ने अपना पदभार संभालना शुरू कर दिया है। अनुराग ठाकुर ने सूचना और प्रसारण मंत्री और अश्विनी वैष्णव ने रेल मंत्री के अलावा इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री के रूप में कार्यभार संभाल लिया है। वहीं रामचंद्र प्रसाद सिंह ने देश के नए इस्पात मंत्री और …

नई दिल्ली। मोदी कैबिनेट में शामिल हुए नए मंत्रियों ने अपना पदभार संभालना शुरू कर दिया है। अनुराग ठाकुर ने सूचना और प्रसारण मंत्री और अश्विनी वैष्णव ने रेल मंत्री के अलावा इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री के रूप में कार्यभार संभाल लिया है। वहीं रामचंद्र प्रसाद सिंह ने देश के नए इस्पात मंत्री और मनसुख मंडाविया ने केन्द्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय का कार्यभार ग्रहण किया है।

अनुराग ठाकुर ने सूचना एवं प्रसारण मंत्री का प्रभार संभालने के बाद कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस मंत्रालय के माध्यम से पिछले सात वर्षों में लोगों तक पहुंचने का महान काम किया है और वह इस विरासत को आगे ले जाने के इच्छुक हैं। ठाकुर ने कहा कि वह मंत्रालय के माध्यम से लोगों तक पहुंच बनाना चाहेंगे। उन्होंने कहा, “मैं प्रधानमंत्री द्वारा मुझे सौंपी गई जिम्मेदारी को पूरा करने का हरसंभव प्रयास करूंगा।”

अश्विनी वैष्णव ने बृहस्पतिवार को देश के नए रेल मंत्री के तौर पर कार्यभार संभाला। भारतीय प्रशासनिक सेवा के 1994 बैच के पूर्व अधिकारी वैष्णव ने 15 वर्ष से अधिक समय तक महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभालीं। उन्हें खासतौर से बुनियादी ढांचे में सार्वजनिक-निजी भागीदारी (पीपीपी) की रूपरेखा बनाने में उनके योगदान के लिए जाना जाता है जो उन्हें रेल क्षेत्र में भी मदद करेगा। उन्होंने जनरल इलेक्ट्रिक एंड सिमंस जैसी कई बड़ी वैश्विक कंपनियों में भी नेतृत्व भूमिकाएं निभाई हैं।

वैष्णव ने पेन्सिलवेनिया विश्वविद्यालय के व्हार्टन स्कूल से एमबीए और भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) कानपुर से एम.टेक किया है। उनके पास संचार और इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी के दो अन्य महत्वपूर्ण विभाग भी रहेंगे। वैष्णव ने प्रभार संभालते हुए कहा, ”रेल क्षेत्र में पिछले 67 वर्षों में शानदार काम किया गया है। मैं यहां प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दृष्टिकोण के मुताबिक, इसे आगे ले जाने के लिए आया हूं।”

रामचंद्र प्रसाद सिंह ने देश के नए इस्पात मंत्री का पदभार संभाल लिया। उन्होंने धर्मेंद्र प्रधान की जगह ली, जिन्हें मोदी सरकार के नवीनतम कैबिनेट फेरबदल में शिक्षा मंत्रालय के साथ कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय की जिम्मेदारी सौंपी गई है। सिंह जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) नेता हैं, जो राज्यसभा में बिहार का प्रतिनिधित्व करते हैं। वह 1984 बैच के सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी हैं और उन्होंने विभिन्न पदों पर रहकर 25 वर्षों से अधिक समय तक सेवा की है। सिंह ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा, ”मैं नया हूं… मैं चीजों को समझने और सीखने की कोशिश करूंगा, जिसके बाद ही मैं बेहतर बता सकूंगा।”

मनसुख मंडाविया ने केन्द्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय का कार्यभार संभाल लिया। गुजरात के सौराष्ट्र से नाता रखने वाले भाजपा नेता मंडाविया ने डॉ. हर्षवर्धन की जगह ली है, जिन्होंने बुधवार को केंद्रीय मंत्रिपरिषद से इस्तीफा दे दिया था। देश में कोविड-19 के कहर के मद्देनजर स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की महत्ता बहुत अधिक है।स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया, ” मनसुख मंडाविया ने बृहस्पतिवार को केन्द्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय का कार्यभार संभाल लिया।” मंडाविया रसायन एवं उर्वरक मंत्रालय का कार्यभार भी संभालेंगे।

किरेन रिजिजू ने विधि एवं न्याय मंत्रालय का कार्यभार संभाला। रिजिजू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नीत सरकार में पूर्वोत्तर का एक प्रमुख चेहरा हैं। उन्हें बुधवार को केन्द्रीय मंत्रिपरिषद में किए एक बड़े फेरबदल एवं विस्तार में केन्द्रीय मंत्री के रूप में पदोन्नत किया गया था। रिजिजू, रविशंकर प्रसाद की जगह लेंगे, जिन्होंने विधि एवं न्याय मंत्री के पद से बुधवार को इस्तीफा दे दिया था।

तमिलनाडु भाजपा अध्यक्ष एल मुरुगन ने गुरुवार को मत्स्य पालन, पशुपालन और डेयरी मंत्रालय में राज्य मंत्री के रूप में कार्यभार संभाला। कार्यभार संभालने के बाद मुरुगन ने कहा कि वह देश भर के किसानों के कल्याण के लिए काम करेंगे। मुरुगन मंत्रालय में अपने वरिष्ठ मंत्री पुरुषोत्तम रूपाला की सहायता के लिए संजीव बाल्यान के साथ काम करेंगे।

देश के नए पर्यटन, संस्कृति एवं पूर्वोत्तर विकास विभाग के मंत्री गंगापुरम किशन रेड्डी ने तीनों विभागों का कार्यभार ग्रहण किया। किशन रेड्डी ने सबसे पहले परिवहन भवन पहुंच कर पर्यटन मंत्रालय में कार्यभार संभाला। जहां निवर्तमान पर्यटन एवं संस्कृति राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) प्रह्लाद सिंह पटेल ने अंगवस्त्र पहना कर स्वागत किया। किशन रेड्डी ने पूरे धार्मिक रीति से वैदिक मंत्रोच्चार के बीच कार्यभार ग्रहण किया।

पर्यटन राज्य मंत्री अजय भट्ट और श्री पाद येसो नाईक ने भी अपना अपना कार्यभार ग्रहण किया। इस मौके पर पर्यटन सचिव अरविंद सिंह ने उनका स्वागत किया। बाद में किशन रेड्डी ने शास्त्री भवन में संस्कृति मंत्रालय में और विज्ञान भवन में पूर्वोत्तर विकास विभाग में जाकर कार्यभार ग्रहण किया। संस्कृति राज्य मंत्री मीनाक्षी लेखी ने भी कार्यभार ग्रहण किया।

हरदीप सिंह पुरी ने आज पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय का कार्यभार संभाल लिया। हरदीप पुरी आज दोपहर बाद पेट्रोलियम मंत्रालय पहुंचे,जहां मंत्रालय के अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने कार्यभार संभालने की औपचारिकताएं पूरी कीं। कार्यभार संभालने के बाद संवाददाताओं से बातचीत करते हुये हरदीप पुरी ने कहा कि उनका लक्ष्य देश के प्राकृतिक गैस का उपयोग और कच्चे तेल एवं गैस का उत्पादन बढ़ाकर ऊर्जा के मामले में देश को आत्मनिर्भरता की ओर ले जाना है।

केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने श्रम एवं रोजगार मंत्रालय का कार्यभार संभाल लिया। भूपेंद्र यादव सुबह श्रम शक्ति भवन में श्रम एवं रोजगार मंत्रालय पहुंचे और पदभार ग्रहण किया। इस अवसर पर मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों ने भूपेंद्र यादव का स्वागत किया। भूपेंद्र यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा सौंपी गयी जिम्मेदारी का निर्वहन वह पूरी क्षमता के साथ करेंगे। उन्होंने कहा कि वह प्रधानमंत्री और जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने की पूरी कोशिश करेंगे।

केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य राज्य मंत्री जॉन बराला ने आज यहां अंत्योदय भवन में अपना कार्यभार संभाल लिया। जॉन बराला का यहां केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री मुख़्तार अब्बास नकवी ने उनका स्वागत किया।

गुजरात भाजपा के वरिष्ठ नेता पुरुषोत्तम रूपाला, जिन्हें कैबिनेट मंत्री के रूप में पदोन्नत किया गया है, ने गुरुवार को मत्स्य पालन, पशुपालन और डेयरी मंत्री के रूप में कार्यभार संभाला। रूपाला (66) गुजरात में प्रभावशाली कडवा पाटीदार या पटेल समुदाय से आते हैं, और किसानों की आय बढ़ाने के लिए कृषि से संबंधित गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए 2019 में गठित नए मंत्रालय के प्रभारी हैं। उन्होंने मंत्रालय का कार्यभार संभालने के तुरंत बाद विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की। रूपाला इससे पहले केंद्रीय मंत्रिमंडल में कृषि राज्य मंत्री थे।

पहली बार लोकसभा सदस्य बने मुंजापारा महेंद्रभाई ने महिला एवं बाल विकास राज्यमंत्री का प्रभार संभाल लिया। महेंद्रभाई जानेमाने हृदयरोग विशेषज्ञ हैं और गुजरात में मेडिसिन के प्राध्यापक रहे हैं। उन्होंने गुजरात विश्वविद्यालय से जनरल मेडिसिन और चिकित्सा शास्त्र में एमडी की डिग्री प्राप्त की है। महेंद्रभाई (52) बुधवार को मंत्रिपरिषद में शामिल 36 नए मंत्रियों में से एक हैं। उनके सामने देश में महिलाओं और बच्चों में कुपोषण की समस्या का मुद्दा एक बड़ी चुनौतियों में से एक है।

सुभाष सरकार ने शिक्षा राज्य मंत्री के रूप में बृहस्पतिवार को कार्यभार संभाला। सरकार, पश्चिम बंगाल में भाजपा के एक अनुभवी नेता है और बांकुड़ा से सांसद हैं। उन्होंने ट्वीट किया, ” भगवान की कृपा और बांकुड़ा तथा पश्चिम बंगाल के सभी तबकों के लोगों की शुभकामनाओं के साथ, दिल्ली के शास्त्री भवन में शिक्षा राज्य मंत्री का कार्यभार संभाल लिया, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के दृष्टिकोण को पूरा करने के लिए खुद को समर्पित करूंगा।”

केन्द्रीय मंत्रिमंडल में शामिल होने के बाद विदेश मंत्रालय के दोनों राज्य मंत्रियों -श्रीमती मीनाक्षी लेखी और डॉ. राजकुमार रंजन सिंह ने आज साउथ ब्लॉक स्थित मंत्रालय में कार्यभार ग्रहण किया। विदेश सचिव हर्षवर्द्धन श्रृंगला ने दोपहर बाद डॉ. सिंह और श्रीमती लेखी का स्वागत किया। दोनों राज्य मंत्रियों ने कार्यभार ग्रहण करने के बाद विदेश सचिव और मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक करके आवश्यक जानकारी प्राप्त की। विदेश मंत्रालय में अब तीन राज्य मंत्री हो गए हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने दूसरे कार्यकाल की शुरूआत में 30 मई 2019 को डॉ. एस जयशंकर को विदेश मंत्री और श्री वी मुरलीधरन को विदेश राज्य मंत्री बनाया था। सात जुलाई को दो विदेश राज्य मंत्री और नियुक्त किए गए हैं।

केंद्रीय राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल ने बृहस्पतिवार को वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय में अपना कार्यभार संभाल लिया। अनुप्रिया पटेल सुबह उद्योग भवन पहुंचीं और वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय में राज्यमंत्री का कार्यभार ग्रहण किया। मंत्रालय में वरिष्ठ अधिकारियों ने श्रीमती पटेल का स्वागत किया। अनुप्रिया पटेल मिर्जापुर लोक सीट से निर्वाचित हुई है। वह इससे केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय में में राज्य मंत्री के तौर पर काम कर चुकी हैं।

नए इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना एवं प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री राजीव चंन्द्रशेखर ने आज यहां इलेक्ट्रॉनिक निकेतन स्थित मंत्रालय में अपना कार्यभार संभाल लिया।  चंद्रशेखर ने इलेक्ट्रॉनिक निकेतन पहुंचे, जहां इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना एवं प्रौद्योगिकी सचिव अजय कुमार साहनी ने उनका स्वागत किया।

पहली बार लोकसभा सदस्य बने मुंजापारा महेंद्रभाई ने बृहस्पतिवार को आयुष राज्य मंत्री का प्रभार संभाल लिया। उन्हें महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री का पदभार भी सौंपा गया है। राजनीति में आने से पहले महेंद्रभाई का गुजरात में हृदयरोग विशेषज्ञ के रूप में तीन दशक का लंबा करियर रहा है और वह प्रोफेसर भी रहे हैं। उन्होंने गुजरात विश्वविद्यालय से जनरल मेडिसिन और चिकित्सा शास्त्र में एमडी की डिग्री प्राप्त की है। महेंद्रभाई (52) बुधवार को मंत्रिपरिषद में शामिल 36 नए मंत्रियों में से एक हैं।

नारायण राणे ने नए केंद्रीय एमएसएमई (सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम) मंत्री के रूप में कार्यभार संभाला। उन्होंने कहा कि मंत्रालय अधिक रोजगार सृजित करने और जीडीपी वृद्धि में तेजी लाने की दिशा में काम करेगा। उन्होंने संवाददाताओं से कहा, ”मैंने आज कार्यभार संभाल लिया। हम जीडीपी वृद्धि में तेजी लाने और युवाओं के लिए रोजगार सृजन के उपायों पर खासतौर से ध्यान देंगे।”

भूपेंद्र यादव ने पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय का प्रभार संभाला। इससे पहले मंत्री ने श्रम मंत्रालय का प्रभार संभाला। यादव ने कहा, ”मैं प्रधानमंत्री का आभारी हूं। मैं श्रम मंत्री के तौर पर कार्यभार संभाल चुका हूं। अब मैंने पर्यावरण मंत्री के रूप में भी प्रभार संभाल लिया। मैं प्रधानमंत्री द्वारा सौंपी गयी जिम्मेदारी को पूरा करने और मुझ पर जताये विश्वास पर खरा उतरने का सर्वश्रेष्ठ प्रयास करूंगा। मैं सभी अधिकारियों से मुलाकात करूंगा और अपना काम शुरू करूंगा।” यादव (51) राजस्थान से राज्यसभा सदस्य हैं। यह उच्च सदन में उनका दूसरा कार्यकाल है। उन्होंने बुधवार को केंद्रीय मंत्री के तौर पर शपथ ली।