बरेली: कुतुबखाना फ्लाईओवर की नींव रखने को अगले सप्ताह बैठक
बरेली,अमृत विचार। कोरोना की दूसरी लहर ने विकास की रफ्तार भी थाम रखी है। शहर के सबसे व्यस्ततम चौराहा कुतुबखाना पर स्मार्ट सिटी से प्रस्तावित फ्लाईओवर के निर्माण का मामला भी फंस गया। जबकि मार्च से पहले फ्लाईओवर निर्माण के लिए नींव रखने की पूरी तैयारी कर ली गई थी। अभी तो एक माह से …
बरेली,अमृत विचार। कोरोना की दूसरी लहर ने विकास की रफ्तार भी थाम रखी है। शहर के सबसे व्यस्ततम चौराहा कुतुबखाना पर स्मार्ट सिटी से प्रस्तावित फ्लाईओवर के निर्माण का मामला भी फंस गया। जबकि मार्च से पहले फ्लाईओवर निर्माण के लिए नींव रखने की पूरी तैयारी कर ली गई थी।
अभी तो एक माह से लाकडाउन लगा है। कोरोना संक्रमण की वजह से भी लोग बाजार कम ही जा रहे हैं लेकिन स्थिति सामान्य होने के बाद जब बाजार पूर्णरूप से खुलेगा तो भीड़ भी बढ़ेगी। ऐसे में फिर कुतुबखाना चौराहा जाम हो जाएगा। इस समस्या को हल कराने के लिए इस ओर न प्रशासनिक अधिकारी न ही नगर निगम व सेतु निगम के अधिकारी अभी ध्यान दे रहे हैं। जबकि लाकडाउन में उनके पास फ्लाईओवर की नींव रखवाकर निर्माण कार्य शुरू कराने का पूरा समय था। हालांकि, सेतु निगम के अधिकारी अगले सप्ताह कुतुबखाना फ्लाईओवर को लेकर कई विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक करने वाले हैं। बैठक में नींव रखने को लेकर चर्चा होगी।
व्यापारियों के तीखे विरोध के बीच फ्लाईओवर हुआ था मंजूर
बरेली स्मार्ट सिटी का निदेशक मंडल बोर्ड फ्लाईओवर निर्माण के लिए करीब 100 करोड़ रुपये से अधिक का बजट को मंजूरी देने के साथ स्वीकृति भी दे चुका है। तत्कालीन कमिश्नर रणवीर प्रसाद ने कुतुबखाना फ्लाईओवर को मंजूरी दिलाई। फ्लाईओवर को लेकर व्यापारियों ने कई दिनों तक विरोध किया लेकिन कमिश्नर ने निर्णय वापस नहीं लिया। रिपोर्ट शासन को भेज दी। शासन ने भी फ्लाईओवर को मंजूरी दे दी थी। मार्च से पहले नगर विकास मंत्री आशुतोष टंडन बरेली आए। उनके समक्ष भी मामला उठा तब उन्होंने स्पष्ट कहा कि कुतुबखाना पर फ्लाईओवर ही बनेगा। अंडरपास बनाने की गुंजाइश की नहीं है। इसके बाद मंडलायुक्त बनकर आर रमेश कुमार ने भी कुतुबखाना फ्लाईओवर की तैयारियों की समीक्षा की और नई तकनीक से फ्लाईओवर का निर्माण करने के लिए सेतु निगम के अधिकारियों को निर्देश दिए थे। शासन से रिपोर्ट आने के बाद सेतु निगम ने फ्लाईओवर का निर्माण शुरू कराने की रुपरेखा भी तैयार कर ली थी।
इस तरह से फ्लाईओवर चढ़ेगा और उतरेगा
फ्लाईओवर का डिजाइन भी फाइनल हो चुका है। फ्लाईओवर कोतवाली से चढ़ेगा। कुतुबखाना चौराहे से होकर कोहाड़ापीर चौराहा के पास नैनीताल रोड की तरफ जाकर उतरेगा। इसकी प्रस्तावित लंबाई 1577 मीटर रखी गई है। इससे पहले फ्लाईओवर की लंबाई 1600 और 1590 रखी गई थी। सेतु निगम ने ओवरब्रिज का डिजाइन नोएडा के आर्किटेक्ट से तैयार कराया है। ओवरब्रिज के पिलर को मेट्रो पिलर की तरह बनाया जाएगा। इसके नीचे रात्रि बाजार भी लगेगा। ओवरब्रिज के नीचे का हिस्सा 660 मीटर का रहेगा।
“कोरोना की वजह से कुतुबखाना फ्लाईओवर के निर्माण के संबंध में कोई कार्य नहीं हुआ है। फ्लाईओवर की नींव रखने को लेकर अगले सप्ताह अधिकारियों के साथ बैठक होगी। बैठक में कई मुद्दों पर चर्चा होगी।” -बीके सेन, उप परियोजना प्रबंधक सेतु निगम