लखनऊ: कोरोना से जंग- राज्यपाल ने जिलाधिकारियों से बात कर हौसला बढ़ाया, कहा- मरीजों से न हो अवैध वसूली

लखनऊ, अमृत विचार। प्रदेश में बढ़ते कोरोना संक्रमण से चिंतित राज्यपाल आनंदी बेन पटेल ने राजधानी समेत प्रदेश के पांच जिलों के जिलाधिकारियों से फोन पर बातचीत कर हौसला बढ़ाया है। इस दौरान उन्होंने जिलों में स्थिति का भी जायजा लिया है। राज्यपाल ने रविवार को लखनऊ, प्रयागराज, वाराणसी तथा कानपुर के जिलाधिकारियों से फोन …
लखनऊ, अमृत विचार। प्रदेश में बढ़ते कोरोना संक्रमण से चिंतित राज्यपाल आनंदी बेन पटेल ने राजधानी समेत प्रदेश के पांच जिलों के जिलाधिकारियों से फोन पर बातचीत कर हौसला बढ़ाया है। इस दौरान उन्होंने जिलों में स्थिति का भी जायजा लिया है। राज्यपाल ने रविवार को लखनऊ, प्रयागराज, वाराणसी तथा कानपुर के जिलाधिकारियों से फोन पर बातचीत की है।
इस दौरान उन्होंने जनपदों में कोरोना संक्रमण की रोकथाम, उपचार तथा सुरक्षात्मक उपायों पर किये जा रहे उपायों की जानकारी प्राप्त की। साथ ही कोरोना नियंत्रण में अच्छा कार्य कर रहे डॉक्टरों तथा कोरोना वारियर्स का उत्साह वर्धन किया। राज्यपाल ने कोविड वैक्सीन लगाए जाने की प्रगति भी जानी तथा वैक्सीन लगाये जाने की गति बढ़ाने की अपील की है।
सभी लोग अनिवार्य रूप से लगायें मास्क
राज्यपाल ने कहा कि सभी से मास्क का प्रयोग अनिवार्य रूप से कराया जाय और इसका उल्लंघन करने वाले लोगों के साथ कड़ाई की जाय। इसके साथ ही राज्यपाल ने सभी अस्पतालों में दवाओं, ऑक्सीजन तथा वेंटिलेटर की व्यवस्था सुनिश्चित करने की करते हुए उन्होंने कहा कि किसी भी मरीज से निर्धारित शुल्क से अधिक वसूली न हो इस बात का विशेष ध्यान रखें।
उन्होंने कोविड हेल्पलाइन दुरूस्त रखने के निर्देश भी दिए। कोविड से सम्बंधित जानकारी देने के लिए स्थापित हेल्प सेन्टर ठीक तरह से काम करें यह भी सुनिश्चित करें इसमें किसी प्रकार की लापरवाही न हो। राज्यपाल ने जिलाधिकारियों को कहा कि इस कार्य में विश्वविद्यालय का भी सहयोग ले सकते हैं।
इस अवसर पर राज्यपाल ने केजीएमयू तथा संजय गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान में चल रहे कोविड उपचार के सम्बंध में जानकारी प्राप्त की तथा किये जा रहे उपायों पर संतोष व्यक्त करते हुए चिकित्सकों की हौसला अफजाई की।