मुरादाबाद: शहर विधायक के नाम पर ठगी का प्रयास, शिकायत

मुरादाबाद, अमृत विचार। शहर विधायक के नाम पर फिर दो लोगों से ठगी का प्रयास किया गया। शक होने पर उन्होंने सवाल-जवाब किए तो साइबर लुटेरों ने उनके साथ गाली-गलौच की। मामले की जानकारी शहर विधायक को हुई तो उन्होंने त्वरित पूरे मामले में एसएसपी से संपर्क कर शिकायत दर्ज कराई। उनकी शिकायत पर एसएसपी …
मुरादाबाद, अमृत विचार। शहर विधायक के नाम पर फिर दो लोगों से ठगी का प्रयास किया गया। शक होने पर उन्होंने सवाल-जवाब किए तो साइबर लुटेरों ने उनके साथ गाली-गलौच की। मामले की जानकारी शहर विधायक को हुई तो उन्होंने त्वरित पूरे मामले में एसएसपी से संपर्क कर शिकायत दर्ज कराई। उनकी शिकायत पर एसएसपी ने सिविल लाइंस पुलिस को जांच सौंप दी है।
शहर विधायक रितेश गुप्ता के नाम पर पहले भी साइबर लुटेरों ने उनके परिचितों को शिकार बनाने की कोशिश की है। उनके बेटे की फीस जमा करने के नाम पर भाजपा नेता से करीब 28 हजार रुपए ट्रांसफर करने को कहा था। गनीमत यह रही कि रकम ट्रांसफर करने से पहले भाजपा नेता ने विधायक से बात की तो पूरा खेल सामने आ गया था। इस मामले में शहर विधायक ने रिपोर्ट भी दर्ज करा दी थी। यह बात अलग है कि पुलिस अभी तक आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर सकी है। अब फिर उनके नाम पर दो लोगों से ठगी का प्रयास किया गया।
सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के वेब ग्रीन सिटी निवासी अमन गर्ग ट्रैवेल्स एजेंसी का संचालन करते हैं। उनके अनुसार रविवार को शाम करीब साढ़े पांच बजे उन्हें एक नंबर से फोन आया। फोन करने वाले ने खुद को शहर विधायक रितेश गुप्ता का पीए बताते हुए बात की। बाद में उसने विधायक से बात करने को कहकर किसी दूसरे ठग को फोन थमा दिया। अमन के अनुसार बात करने वाले ठग ने अपनी आवाज बदलकर कहा कि एक परिवार उनके पास आया है। जो उनसे मदद मांगते हुए मुंबई में अपने बेटे की फीस जमा कराना चाहता है।
ट्रैवेल्स एजेंसी संचालक बात करते हुए साइबर ठग के इरादों को भांप गया और रकम ट्रांसफर करने की बात से इंकार करते हुए दूसरा नंबर दे दिया। फोन काटने के बाद उन्होंने तत्काल इसकी जानकारी शहर विधायक को देने के साथ ही रिकार्डिंग भी भेजी। इसके अलावा दूसरी घटना पाकबड़ा के चौधरपुर जन सेवा केंद्र संचालित करने वाले दिलशाद के साथ हुई। दिलशाद को रविवार की शाम साइबर ठग ने पहले विधायक का पीएम बनकर फोन किया, उसके बाद विधायक से बात करने का हवाला देकर दूसरे ठग को फोन दे दिया।
विधायक बनकर बात करने वाले ठग ने एक खाते में रकम भेजने को कहा। साथ ही कहा कि रकम मेरे घर आकर ले लेना। दिलशाद ने जब इसका विरोध किया तो वह गाली-गलौच करने पर आमादा हो गया। दिलशाद ने भी इसकी जानकारी शहर विधायक को दी। उनके नाम पर ठगी के प्रयास के दो मामले सामने आने पर उन्होंने तुरंत इसकी जानकारी एसएसपी प्रभाकर चौधरी को दी। जिस पर उन्होंने नंबर सर्विलांस पर लगवाने के साथ ही सिविल लाइंस पुलिस को जांच सौंप दी।
शहर विधायक रितेश गुप्ता-मेरे नाम पर लोगों से ठगी का प्रयास किया गया। गनीमत यह रही कि उन्होंने त्वरित इसकी सूचना दे दी। पूरे मामले की जानकारी एसएसपी को दे दी गई है। उन्होंने जांच कर कार्रवाई की बात कही है।
फोन सर्विलांस पर लगाया
दोनों घटनाओं की जानकारी के बाद नगर विधायक ने एसएसपी प्रभाकर चौधरी को दोनों घटनाओं के बारे में जानकारी दी। जिसके बाद एसएसपी ने फोन नंबर को सर्विलांस में डालने के साथ ही जांच शुरू कर दी है।