नौसेना दिवस: भारतीय नौसेना निडरता के साथ हमारे तटों की रक्षा करती है- मोदी
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को नौसेना दिवस पर भारतीय नौसेना की सराहना की। उन्होंने कहा कि वह निडरता के साथ देश के तटों की रक्षा करती है साथ ही जरूरत पड़ने पर मानवीय सहयोग भी प्रदान करती है। मोदी ने ट्वीट किया कि हमारे सभी पराक्रमी नौसैन्य कर्मियों और उनके परिवारों को …
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को नौसेना दिवस पर भारतीय नौसेना की सराहना की। उन्होंने कहा कि वह निडरता के साथ देश के तटों की रक्षा करती है साथ ही जरूरत पड़ने पर मानवीय सहयोग भी प्रदान करती है। मोदी ने ट्वीट किया कि हमारे सभी पराक्रमी नौसैन्य कर्मियों और उनके परिवारों को नौसेना दिवस की शुभकामनाएं।
भारतीय नौसेना निडरता के साथ हमारे तटों की रक्षा करती है और जरूरत पड़ने पर मानवीय सहयोग भी प्रदान करती है। हम सदियों से चली आ रही भारत की समृद्ध समुद्री परंपरा को भी याद करते हैं। वर्ष 1971 में भारत-पाकिस्तान युद्ध के दौरान भारतीय नौसेना द्वारा कराची बंदरगाह पर किए गए हमले की याद में प्रत्येक वर्ष चार दिसंबर को नौसेना दिवस मनाया जाता है।
जावड़ेकर और नकवी ने भी नौसेना दिवस की दी शुभकामनाएं
केंद्रीय सूचना और प्रसारण मंत्री प्रकाश जावड़ेकर और अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने भी शुक्रवार को नौसेना दिवस पर शुभकामनाएं देते हुए भारतीय नौसेना कर्मियों को उनके अदम्य साहस और वीरता को सलाम किया है।
देश की नौसेना हर वर्ष 04 दिसंबर को नौसेना दिवस मनाती है। नौसेना दिवस की गाथा 1971 से जुड़ी है। उस दिन भारतीय नौसेना ने पाकिस्तान के खिलाफ ऑपरेशन ट्राइडेंट शुरू किया था। उसी की याद में आज के दिन नौसेना दिवस मनाया जाता है।
जावड़ेकर ने नौसेना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए ट्वीट किया, “ भारतीय नौसेना कर्मियों को उनके अदम्य साहस और वीरता के लिए सलाम। नौसेना दिवस पर सभी नौसेना कर्मियों और उनके परिवारों को हार्दिक शुभकामनाएं।”
नकवी ने कहा, “ नौसेना दिवस” पर भारतीय नौसेना के बहादुर नौसैनिकों और उनके परिवार वालों को हार्दिक शुभकामनाएं। अदम्य, अतुल्य साहस के साथ देश की सुरक्षा करने के साथ-साथ आपदा के समय राहत पहुंचाने के महान कार्य के लिए देश, भारतीय नौसेना को सलाम करता है।”