शाहजहांपुर: घायल गाय को कुत्तों ने नोचा, कई घंटे तड़पने के बाद आखिरकार तोड़ा दम
ग्राम पंचायत हर्रायपुर में लौंहगापुर जंगल हाइवे किनारे की घटना

खुटार, अमृत विचार। पूरनपुर हाईवे पर लौंहगापुर जंगल किनारे हर्रायपुर क्षेत्र में सोमवार को तीन गायों के ऊपर आवारा कुत्तों के झुंड ने हमला कर दिया। ग्रामीणों ने कुत्तों को भगाया। इस दौरान कुत्तों के हमलों में घायल हुईं तीन गायों में से एक गाय की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना अधिकारियों को दी गई, तो ग्राम पंचायत सचिव और टोडरपुर प्रधान, थाने की पुलिस घटनास्थल पर पहुंच गई। जहां सिमरा वीरान राजकीय गोशाला के डॉक्टर अतुल सिंह ने मृत गाय का पोस्टमार्टम किया। इसके बाद गाय के शव को गड्ढा खोदकर दफना दिया, साथ ही दो घायल गाय का उपचार करने के बाद उन्हें सिहुरा गोशाला में पहुंचा दिया गया।
सोमवार तड़के खुटार-पूरनपुर हाईवे किनारे लौंहगापुर जंगल के समीप अज्ञात लोगों ने तीन पशुओं को मरणासन्न अवस्था में लाकर छोड़ दिया था। चलने-फिरने में तीनों गाय असमर्थ थीं। घूम रहे आवारा कुत्तें गायों पर हमला कर नोचने लगे। कुत्तों ने एक गाय के पीछे हिस्से में नोच-नोच कर उसे बुरी तरह लहूलुहान कर दिया। जिंदा गाय दर्द के चलते करहाने लगी। लोगों ने यह दृश्य देख कुत्तों को लाठी-डंडों से भगाया, तो जान बच गई लेकिन एक गाय काफी घायल हो गई थी, जिससे उसकी मौत हो गई। इस मामले में खुटार खंड विकास अधिकारी वीरेंद्र मिश्रा को सूचना देने के बाद सचिव प्रशांत यादव, टोडरपुर प्रधान सरताज, खुटार थाने से दरोगा अनुज चौधरी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। जहां लोगों से पूछताछ की। इसके बाद सिमरा वीरान के राजकीय गोशाला प्रभारी डॉक्टर अतुल सिंह मौके पर पहुंच गए और घायल गायों का उपचार किया। साथ ही मृत गाय का पोस्टमार्टम करने के बाद उसे दफनवा दिया गया है। अधिकारियों के आदेश के बाद दो घायल गायों को सिहुरा गोशाला भेजा गया है।
नहीं पहुंचे बीडीओ, प्रधान और सचिव
ग्रामीणों ने बताया कि आवारा कुत्तों के झुंड ने दो गाय घायल और एक गाय को मौत के घाट उतार दिया। इसकी जानकारी बीडीओ, ग्राम पंचायत हर्रायपुर प्रधान, सचिव को दी गई लेकिन वह मौके पर नहीं पहुंचे। केवल सिहुरा गोशाला व अन्य ग्राम पंचायत के सचिव प्रशांत यादव व टोडरपुर प्रधान सरताज पहुंचे थे। इसके अलावा थाना प्रभारी राजेंद्र कुमार रावत ने भी घटनास्थल पर पहुंचने की जरूरत नहीं समझी। वहां अन्य पुलिसकर्मियों को भेज दिया गया।
खुटार पशु चिकित्साधिकारी के पास दो जगह चार्ज, बढ़ी परेशानी
पशु चिकित्साधिकारी राजेंद्र प्रसाद दो जगहों का चार्ज संभाले हुए हैं। सोमवार को दो गाय घायल का उपचार और एक मृत गाय का पोस्टमार्टम कराने की सूचना डॉक्टर राजेंद्र प्रसाद को दी गई थी लेकिन उन्होंने खुदागंज में होने की बात कही। सिमरा वीरान के डॉक्टर अतुल सिंह ने गाय का पोस्टमार्टम किया है। इसके अलावा पशुओं का उपचार कराने के लिए लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
भूख-प्यास से लाचार गाय पहुंची मरणासन्न अवस्था में
घायल गाय के दम तोड़ने के बाद डॉक्टर अतुल सिंह ने उसका पोस्टमार्टम किया। उसके पेट में पॉलीथिन निकली। साथ ही घायल दो गायों का उपचार किया। डॉक्टर अतुल सिंह के मुताबिक, गाय भूख-प्यास से लाचार थी। इससे काफी कमजोर हो गई थी। डॉक्टर के साथ पेरावेट मन्विंद्र, कृष्णदेव रहे। बीडीओ, खुटार वीरेंद्र मिश्रा ने बताया कि सूचना मिलने पर सचिव को मौके पर भेजा गया था। घायल पशुओं का उपचार कराकर सिहुरा गोशाला भेजा गया है। मृतक गाय का पोस्टमार्टम कराने के बाद दफना दिया गया है।