लखीमपुर खीरी: पूर्व प्रधान समेत चार लोगों पर FIR, मारपीट मामले में पुलिस ने की कार्रवाई

Amrit Vichar Network
Published By Vikas Babu
On

सिंगाही, अमृत विचार: थाना सिंगाही के गांव निबौरिया में यूकेलिप्टस के पेड़ काटने को लेकर हुई फायरिंग मामले में पुलिस ने भाजपा मंडल महामंत्री की तहरीर पर पूर्व प्रधान समेत चार लोगों के खिलाफ जानलेवा हमले की रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। 

गांव निबौरिया निवासी अरविंद कुमार वर्मा ने बताया कि वह सिंगाही भाजपा मंडल के महामंत्री हैं। उसकी कृषि योग्य भूमि गांव दरेहटी में स्थित है। जिसमें उसके यूकेलिप्टस  के पेड़ लगे हुए हैं। रुपए की जरूरत होने के कारण उन्होंने अपने पेड़ों को बेच दिया था। शुक्रवार को ठेकेदार अपने मजदूरों को लेकर सुबह करीब 8.30 बजे पहुंचा और पेड़ काटने लगा। उसी समय गांव निबौरिया निवासी पूर्व प्रधान वीरेन्द्र वर्मा, अशीष कुमार, अजय कुमार और राकेश कुमार आ गए। 

वीरेन्द्र वर्मा के हाथ में लाइसेंसी बंदूक व आशीष कुमार के हाथ में डंडा, अजय कुमार के हाथ में बांका और राकेश के हाथ में लोहे की रॉड थी। सभी गालियां देते हुए पेड़ काटने से रोकने लगे। जब उन्होंने विरोध किया तो हाथापाई करने लगे। पूर्व प्रधान वीरेन्द्र कुमार वर्मा ने जान से  मारने की नियत से बंदूक से फायरिंग शुरू कर दी।

कई राउंड फायरिंग होने से हड़कंप मच गया। गोलियों की तड़तड़ाहट सुनकर पास पड़ोस के कास्तकार जब मौके पर पहुंचे तो उन्हें भी आरोपियों ने गालियां देकर भगा दिया। उन्होंने सभी आरोपियों के खिलाफ थाना सिंगाही पुलिस को तहरीर दी थी। एसओ अजीत कुमार ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है। 

निरस्त होगा बंदूक का लाइसेंस 
एसओ अजीत कुमार ने बताया कि आरोपी पूर्व प्रधान के घटना से संबंधित कई वीडियो भी वायरल हैं, जिनमें वह फायरिंग करते देखे जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि बंदूक को जब्त कर लाइसेंस निरस्तीकरण की भी कार्रवाई की जाएगी।

संबंधित समाचार