बदायूं: रिश्ते की बहन से था प्रेम प्रसंग, इसलिए फुफरे भाई को उतारा था मौत के घाट

बसौमी में 16 अक्टूबर को घूर में दबा मिला था मुरादाबाद के युवक का शव

बदायूं: रिश्ते की बहन से था प्रेम प्रसंग, इसलिए फुफरे भाई को उतारा था मौत के घाट

बदायूं, अमृत विचार। थाना फैजगंज बेहटा क्षेत्र के गांव बसौमी आए मुरादाबाद के आकाश की हत्या करके शव घूर में दबा दिया गया था। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया था। शव सड़ने की वजह से मौत का तरीका स्पष्ट नहीं हुआ था। हालांकि जानवर के शरीर काटने की पुष्टि हुई थी। पुलिस ने मृतक की मां की तहरीर पर मृतक के दो ममेरे भाइयों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की थी। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने बताया कि उनकी रिश्ते की बहन से आकाश का प्रेम प्रसंग चल रहा था। कई बार समझाने के बाद भी वह नहीं माना तो फुफरे भाई की गमछे से गला दबाकर युवक की हत्या की और शव घूर में दबा दिया था। पुलिस ने आरोपी को जेल भेज दिया।

 

मुरादाबाद जिले के थाना कुंदरकी क्षेत्र के गांव नानकपुर निवासी आकाश (21) पुत्र गुलजारी की ननिहाल थाना फैजगंज बेहटा क्षेत्र के गांव बसौमी में है। वह और उसके ममेरे भाई पान सिंह, नेम सिंह और चोखे लाल एक ही कंपनी में नौकरी करते थे। जिसके चलते आकाश अक्सर अपनी ननिहाल आता रहता था। ननिहाल के परिवार में एक युवती से उसका प्रेम प्रसंग हो गया था। आकाश के ममेरे भाई पान सिंह और चोखे लाल को इस बात की जानकारी हो गई थी। 16 अक्टूबर को ग्रामीणों ने गांव बसौमी से गांव गंगामढ़ जाने वाले मार्ग किनारे घूर से किसी का हाथ बाहर आता देखा था। जिसके कुत्ते नोंच रहे थे। ग्रामीणों की सूचना पर प्रभारी निरीक्षक जवाहरलाल वर्मा पुलिस बल के साथ और आकाश के परिजन पहुंचे। शव को घूर से बाहर निकाला गया। उसका चेहरा तेजाब डालकर जलाया गया था। जिससे उसकी पहचान न हो। वह नग्न था, प्राइवेट पार्ट पर भी चोट के निशान थे। आकाश की मां मुन्नी देवी के अनुसार 12 अक्टूबर को पान सिंह और चोखे लाल उनके घर पर आए थे। आकाश को अपने साथ ननिहाल ले गए। जिसके बाद से आकाश वापस नहीं लौटा। अब हत्या की सूचना मिली। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। मृतक के भाई विजय पाल की तहरीर पर पान सिंह और चोखे लाल के खिलाफ हत्या और साक्ष्य मिटाने की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की थी। आरोपी फरार हो गए थे। एसपी देहात केके सरोज ने बताया कि मुरादाबाद निवासी युवक का शव घूर में दबा मिला था। मृतक के परिजन की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज की गई थी। एक आरोपी को गिरफ्तार करके जेल भेजा गया है।

पहले शराब पिलाई फिर कर दी हत्या
रविवार को पुलिस ने आरोपी चोखे लाल को गांव बसौमी जाने वाले मार्ग स्थित अल्हेपुर चौराहे से गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर घूर में शव दबाने में प्रयुक्त फावड़ा बरामद हुआ। पूछताछ में उसने बताया कि आकाश को पहले शराब पिलाई थी। फिर गमछा से गला दबाकर उसकी हत्या कर दी थी। फावड़ा से घूर में शव दबा दिया था। कहा कि आकाश का उसके परिवार की रिश्ते की बहन से प्रेम प्रसंग था। जिसकी वजह से उसकी हत्या की थी। गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक जवाहरलाल वर्मा, उपनिरीक्षक मलखान सिंह, कांस्टेबिल रोहित कुमार, आकाश चौधरी व विजय कुमार रहे।