मुरादाबाद: खेत में फसल काट रही महिला पर तेंदुए ने किया हमला, साथी महिलाओं ने लाठी-डंडों से भगाकर बचाई जान

मुरादाबाद: खेत में फसल काट रही महिला पर तेंदुए ने किया हमला, साथी महिलाओं ने लाठी-डंडों से भगाकर बचाई जान

ठाकुरद्वारा, अमृत विचार। अपने खेत में धान की फसल काट रही महिला को निकट गन्ने के खेत से निकले तेंदुए ने झपटा मारकर घायल कर दिया। महिला की चीख पर तेंदुए को देख अन्य महिलाओं ने साहस दिखाते हुए शोर मचाया और दरांती व लाठी-डंडों से डराते हुए तेंदुए को भगा दिया। तेंदुए की हमले की सूचना पर ग्रामीण लाठी-डंडे लेकर मौके पर पहुंचे। तब तक तेंदुआ काफी दूर भाग चुका था। घायल को तत्काल उपचार के लिए सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया।

कोतवाली क्षेत्र के गांव भईपुर निवासी अखिलेश रानी (24) पत्नी राजीव कुमार अपने मोहल्ले की अन्य महिलाओं को साथ लेकर खेत में धान की फसल काटने गई थी। फसल काटते समय अचानक खेत के निकट खड़े गन्ने में घात लगाए बैठे तेंदुए ने अखिलेश रानी पर हमला कर दिया। 

जिससे महिला की चीख निकल गई। इसी दौरान वहां पर मौजूद अन्य महिलाओं ने साहस दिखाते हुए लाठी-डंडों व दरांती से डरा कर तेंदुए को भगाया। तेंदुए के हमले करने की सूचना पर ग्रामीण लाठी-डंडे लेकर मौके पर पहुंचे। तब तक तेंदुआ खेतों में छिप चुका था। घायल महिला को उपचार के लिए सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। 

तेंदुए ने महिला के दोनों कंधों पर पंजे से वार कर घायल कर दिया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उपचार के साथ ही महिला को एंटी रेबीज का इंजेक्शन लगाया गया।सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सा प्रभारी डॉ. राजपाल सैनी ने बताया कि महिला के दोनों कंधों पर जंगली जानवर के पंजों के निशान की जगह खून भी निकल आया था। एंटी रैबीज इंजेक्शन के साथ दवाइयां भी दी गई है। 

वहीं ग्रामीणों का कहना है कि वन विभाग को सूचना दी गई, मगर वन विभाग की टीम मौके पर नहीं पहुंची। वन विभाग के दरोगा केपी सिंह ने बताया कि तेंदुए की हमले से संबंधित कोई भी सूचना वन विभाग को नहीं दी गई है। अगर ग्रामीणों व प्रधान द्वारा सूचना दी जाती तो निश्चित ही टीम जाकर वहां निरीक्षण करती। मीडिया के माध्यम से जानकारी मिली है। मौके पर जाकर जांच पड़ताल करेंगे।

यह भी पढ़ें- मुरादाबाद: रामपुर हाईवे पर कार सवार युवकों ने की महिला के अपहरण की कोशिश, शोर मचाने पर हुए फरार, रिपोर्ट दर्ज