दिवाली के बाद नगर निगम कर्मी वसूल करेंगे गृहकर की पाई-पाई, नहीं दिया बकाया गृहकर तो सील होगा मकान-प्रापर्टी
एक लाख रुपये से अधिक के बकायेदारों के भवनों की होगी नीलामी
लखनऊ, अमृत विचार: बकाया गृहकर अगर नहीं जमा किया है तो तत्काल जमा कर दें। वर्ना अब कार्यवाही तय मान लें। बकाएदारों के मकान अथवा प्रापर्टी न केवल सील होगी बल्कि उनकी नीलामी कर वसूली भी की जाएगी। अब बार-बार समय नहीं मिलेगा।
दिवाली के बाद नगर निगम कर्मी गृहकर की पाई-पाई वसूलने को निकलेंगे। डोर-टू-डोर जाकर दरवाजा खटखटाएंगे। बकाया गृहकर नहीं जमा किया तो मकान और दुकान सील भी करेंगे। जिन भवनों पर एक लाख से अधिक गृहकर बकाया है और उन्हें दो साल हो गए हैं तो वह इस खबर को तत्काल संज्ञान लें और समय से पैसा जमा कर दें। नगर निगम ने बड़े बकाएदारों को फिलहाल चेतावनी नोटिस जारी कर दी है। साथ ही भवनों और प्रापर्टी पर नोटिस चस्पा करना शुरू कर दिया है। यही नहीं बकायेदारों की सूची भी समाचार पत्रों में प्रकाशित की जा रही है। दिवाली के बाद गृहकर वसूली के लिए जोरदार अभियान चलेगा। इस आशय के दिशा-निर्देश महापौर सुषमा खर्कवाल ने जारी कर दिए हैं।
1 अप्रैल से 14 अक्टूबर 2024 तक वसूली गई जोनवार राशि
जोन भवनों की संख्या धनराशि (रुपये)
1 23905 30,53,97,948
2 22718 11,61,60,179
3 57434 36,15,68,782
4 40693 64,12,02,541
5 29431 17,72,50,711
6 45422 18,30,13,605
7 52194 29,11,68,984
8 53032 73,94,98,936
कुल- 3,24,829 2,81,52,61,687 रुपये
दिवाली के बाद गृहकर वसूली के लिए अभियान चलाया जाएगा। टीमें घर-घर जाकर बकाया गृहकर जमा कराएंगी। बकाया जमा न करने पर भवन व दुकान सील की जाएंगी। इसके बाद भी बकाया जमा न करने पर नगर निगम 1 लाख से ज्यादा के बकायेदार का भवन नीलाम करके बकाया धनराशि की वसूली करेगा।
अशोक सिंह, मुख्य कर निर्धारण अधिकारी, लखनऊ नगर निगम
यह भी पढ़ेः लखनऊ की रोमा और बड़ौत के प्रभात ने नए रिकार्ड बनाते हुए जीता स्वर्ण