अंबेडकरनगर: किसानों को मिल रहा है जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ- सूर्य प्रताप शाही

जनपद में आयोजित किसान मोर्चा सम्मेलन में कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही और राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार दिनेश प्रताप सिंह हुए शामिल 

अंबेडकरनगर: किसानों को मिल रहा है जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ- सूर्य प्रताप शाही
कार्यक्रम को संबोधित करते प्रदेश अध्यक्ष किसान मोर्चा कामेश्वर सिंह व मौजूद कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही और राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार दिनेश प्रताप सिंह, एमएलसी डॉ. हरिओम पांडेय व साथ में अन्य।

अंबेडकरनगर, अमृत विचार। जनपद में रविवार को कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही और राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार दिनेश प्रताप सिंह जनपद के एक दिवसीय दौरे पर रहे। वह जनपद के कटेहरी विधानसभा क्षेत्र के भीटी बाजार में स्थित राम जानकी मैरिज लॉन में आयोजित किसान मोर्चा के सम्मेलन में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। उनके साथ एमएलसी डॉ. हरिओम पांडेय, भाजपा जिलाध्यक्ष त्रयंबक तिवारी, जिला उपाध्यक्ष बिमलेंद्र प्रताप सिंह उर्फ मोनू सिंह व भाजपा नेता धीरेंद्र प्रताप सिंह भी मौजूद रहे। कृषि मंत्री ने किसान मोर्चा की बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि मोदी और योगी सरकार किसानों के लिए विभिन्न प्रकार की सरकारी योजनाएं चला रही है। जिससे किसानों को सीधा लाभ मिल रहा है। 

केंद्रीय मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने सपा और कांग्रेस पर जमकर हमला किया। उन्होंने कहा कि धान की बिक्री के बाद किसानों को अखिलेश सरकार में छह माह दौडऩा पड़ता था। दौड़ते दौड़ते पैर में छाले पड़ जाते थे तब जाकर कहीं रुपए मिलते थे। लेकिन योगी सरकार सीधे एक हफ्ते में बिक्री किए गए धान का पैसा आपके खाते में भेज रही है। उन्होंने कहा कि मोदी और योगी ने अखिलेश और राहुल की दलाली बंद कर दी है। इसलिए वह मोदी को हटाने की बात कर रहे है।

उन्होंने राहुल और अखिलेश पर तंज करते हुए कहा कि आपके गांव में प्रधान है तो क्या आप गांव में दो प्रधान चुनना चाहेंगे।  सपा मुखिया अखिलेश यादव ने कहा कि हम राम मदिर नहीं आएंगे। हिन्दू समाज के आस्था पर चोट करने का काम करने वाले समाजवादी लोग हैं, वह कभी सुधर नहीं सकते हैं।

मंत्री ने कहा कि जनपद में 2224 करोड़ रुपए गन्ना किसानों का भुगतान किया गया है। वहीं किसान की मांग को देखते हुए भीटी बाजार में धान क्रय केंद्र खोला जाएगा। जनपद में चार लाख 52 हजार 232 किसानों को सम्मान निधि का भुगतान किया जा रहा है। जिसका सीधा लाभ किसानों को मिल रहा है। सम्मान निधि से किसान अपनी खेती-बाड़ी का सामान आसानी से खरीद सकते हैं। योगी और मोदी सरकार गांव, किसानों, महिलाओं, नौजवानों, बेटियों की चिंता करती है।

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार सूर्य की रौशनी की तरह सबके घरों में रौशनी पहुंचने का काम कर रही है। सभी के घरों में शौचालय बना हुआ है। जिससे बहन, बेटियों को शौचालय के लिए बाहर नहीं जाना पड़ रहा है। यह सब योगी और मोदी सरकार में ही संभव है। 

मंत्री ने लाभार्थियों को वितरित किया चेक
कार्यक्रम के दौनान कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही और राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार दिनेश प्रताप सिंह व एमएलसी डॉ. हरिओम पांडेय ने प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उन्नयन योजना सहित विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को चेक और बीज वितरित किया। इसके बाद उन्होंने किसान सम्मान निधि के लाभार्थियों को प्रशस्ति पत्र देकर उन्हें सम्मानित किया। लाभार्थियों को सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं का लाभ ज्यादा से ज्यादा पहुंचे इस उद्देश्य से विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनियों का मंत्री के साथ मौके पर मौजूद लोगों ने अवलोकन किया। मंत्री ने फार्म मशीनरी बैंक की स्थापना के लिए किसानों को अनुदान राशि और फसल अवशेष प्रबंधन के लिए प्रसार-प्रचार वाहन और उन्नतिशील किसानों को ट्रैक्टर की चाबी देकर हरी-झंडी दिखाकर रवाना किया।

कार्यक्रम में यह भी रहे उपस्थित : इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष त्रयंबक तिवारी, एमएलसी डॉ. हरिओम पांडेय, पूर्व मंत्री धर्मराज निषाद, प्रदेश अध्यक्ष किसान मोर्चा कामेश्वर सिंह, क्षेत्रीय अध्यक्ष किसान मोर्चा अरुण सिंह गप्पू, जिलाध्यक्ष किसान मोर्चा राम किशोर राजभर, पूर्व प्रत्याशी भाजपा अवधेश द्विवेदी, पूर्व जिलाध्यक्ष उमाशंकर सिंह, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष सुधीर सिंह, मंडल अध्यक्ष किसान मोर्चा अजय सिंह सहित सभी कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौके पर उपस्थित रहे।

ये भी पढ़ें- अंबेडकरनगर: ससुराल आए युवक ने खुद को मारी गोली, मौत...जानें पूरा मामला