राष्ट्रपति मुर्मू ने उत्कृष्ट सेवा के लिए 15 नर्सों को किया सम्मानित

राष्ट्रपति मुर्मू ने उत्कृष्ट सेवा के लिए 15 नर्सों को किया सम्मानित

नई दिल्ली। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने 15 नर्सों को कर्तव्य और समुदाय की सेवा के प्रति उनकी उत्कृष्ट प्रतिबद्धता के लिए बुधवार को सम्मानित किया। स्वास्थ्य मंत्रालय के एक बयान में कहा गया कि राष्ट्रपति भवन में आयोजित एक समारोह में राष्ट्रपति ने नर्सिंग पेशेवरों को राष्ट्रीय फ्लोरेंस नाइटिंगेल पुरस्कार 2024 प्रदान किए।

इस अवसर पर केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे पी नड्डा ने कहा कि यह सम्मान नर्सों को सार्वजनिक सेवा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगा। उन्होंने कहा कि नर्सें ‘‘स्वास्थ्य सेवा क्षेत्र की रीढ़’’ हैं। राष्ट्रीय फ्लोरेंस नाइटिंगेल पुरस्कार की स्थापना वर्ष 1973 में भारत सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय द्वारा नर्सों और नर्सिंग पेशेवरों द्वारा समाज को प्रदान की गई उत्कृष्ट सेवाओं के सम्मान के रूप में की गई थी।

बयान में कहा गया है कि पंजीकृत सहायक नर्स और दाई समेत अन्य श्रेणी में कुल 15 पुरस्कार दिए जाते हैं। यह पुरस्कार केंद्र, राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों तथा विभिन्न संगठनों में कार्यरत उत्कृष्ट नर्सिंग कर्मियों को दिया जाता है। बयान में कहा गया है कि प्रत्येक पुरस्कार में 1,00,000 रुपये के साथ योग्यता प्रमाणपत्र और एक पदक शामिल है। 

यह भी पढ़ें:-UP धर्मांतरण मामला: उमर गौतम और मौलाना कलीम सिद्दीकी समेत 12 को उम्रकैद, 4 लोगों को 10-10 साल की सजा