प्रयागराज: भाजपा नेता की दबंगई, बुलडोजर से ढहा दिया घर, 30 के खिलाफ मुकदमा दर्ज

प्रयागराज: भाजपा नेता की दबंगई, बुलडोजर से ढहा दिया घर, 30 के खिलाफ मुकदमा दर्ज

प्रयागराज, अमृत विचार। प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का बुल्डोजर अब उनके नेताओं के भी सरचढ़कर बोलने लगा है। वाकया प्रयागराज का है जहां भाजपा नेता ने दबंगई दिखाते हुए अपने साथियों संग मिलकर एक घर को बुलडोजर से ढहा दिया। बुलडोजर से मकान ढहाने का वीडियो भी सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है। 

यमुनापार के हाईवे के करीब इस मकान को लेकर दूसरे पक्ष से विवाद चल रहा है और मामला कोर्ट में है। मामले में घूरपुर थाने में भाजपा नेता और कारोबारी रईस चंद्र शुक्ला समेत 30 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ है। घूरपुर के चकपूरे कला गांव के रहने वाले अभिषेक त्रिपाठी ने घूरपुर थाने में तहरीर देकर कहा कि उनका विवाद रईस चंद्र शुक्ल, उनके बेटे संदीप शुक्ला निवासी बालसन पेट्रोल पंप जार्जटाउन, प्रकाश सिंह, देवेंद्र सिंह, हर्षित रौतेला, तापस केसरवानी, अभिषेक गुप्ता से चल रहा है। जमीन और मकान का यह विवाद कोर्ट में है। 

एक सितंबर को भाजपा नेता रईस चंद्र शुक्ल ने घर से कब्जा हटाने की धमकी दी थी। कहा था कि कब्जा न हटा तो जान से मार दिया जाएगा। अभिषेक त्रिपाठी ने धमकी की शिकायत पुलिस अधिकारियों से मिलकर की थी। साथ ही घूरपुर थाना प्रभारी को भी शिकायती पत्र दिया था। अभिषेक का आरोप है कि शुक्रवार शाम करीब 30 लोग बुलडोजर लेकर पहुंचे और मकान को ढहा दिया। मकान का सारा सामान उठा ले गए।

अभिषेक का कहना है कि उन्होंने विरोध किया तो धमकाया गया। कहा कि हमारे बॉस रईस चंद्र शुक्ला ने तुम्हारी 48 घंटे में हत्या कराने की बात कही है। अभिषेक की तहरीर पर घूरपुर पुलिस ने रईस चंद्र शुक्ला, अलंकार सिंह सहित 30 अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। वीडियो के आधार पर मामले की जांच और पहचान की जा रही है।

भाजपा नेता रईश चंद्र शुक्ला ने कहा कि मेरे खिलाफ गलत एफ़आईआर दर्ज कराई गई है। बुलडोजर से मकान गिरवाने में मेरा कुछ हाथ नहीं है। जिसने भी यह केस किया, उस पर मेरा 1 करोड़ 68 लाख रुपए बाकी है। मैं कोई माफिया नहीं हूं जो धमकी देकर ऐसा काम करूंगा। मैं इंस्पेक्टर और दरोगा के खिलाफ मुकदमा लिखाने जा रहा हूं।

यह भी पढ़ें:-मुरादाबाद पुलिस ने किया सेक्स रैकेट का खुलासा, होटल संचालक समेत दो गिरफ्तार