संभल: अपने ही बुने जाल में फंसा भाजपा नेता प्रेमपाल, गिरफ्तार...इस तरह साजिश रचकर तीन लोगों को भिजवाया था जेल...

पुलिस ने चार आरोपियों को न्यायालय में किया पेश, एक फरार

संभल: अपने ही बुने जाल में फंसा भाजपा नेता प्रेमपाल, गिरफ्तार...इस तरह साजिश रचकर तीन लोगों को भिजवाया था जेल...

चन्दौसी, अमृत विचार। बीती 27 जुलाई को पतरौआ मार्ग पर भाजपा नेता को गोली मारने का मामला सामने आया था। जिसमें पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर तीनों लोगों को गिरफ्तार जेल भेज दिया था और घटना की जांच सीओ डॉ. प्रदीप कुमार की सौंपी गई थी। 

जांच में सामने आया कि भाजपा नेता ने फंसाने के उद्देश्य से अपने कंधे में गोली प्लांट कराई थी। घटना का खुलासा होने पर पुलिस ने भाजपा नेता सहित चार लोगों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया। जबकि एक आरोपी पुलिस की पकड़ से फरार बना है। 

मोहल्ला लोधियान निवासी राशन डीलर प्रेमपाल सिंह भाजपा अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ का नगर अध्यक्ष है। वह 27 जुलाई को बहजोई स्थित कलेक्ट्रेट में व्यापार मंडल की बैठक में शामिल होने गए थे। रात दस बजे वापस लौटते समय पतरौआ मार्ग स्थित सैनिक चौराहा पर तीन लोगों ने भाजपा नेता के गोली मार दी। 

घटना की सूचना घायल भाजपा नेता ने स्वयं पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को उपचार के लिए सीएचसी में भर्ती कराया। वहां से चिकित्सक ने हायर सेंटर रेफर कर दिया। घायल के भाई विक्रम सिंह की तहरीर पर पुलिस ने दिलीप व हेमंत पुत्र भागीरथ व श्याम लाल रामचंद्र निवासी मोहल्ला लोधियान को घर से गिरफ्तार जेल भेज दिया था। 
 
जांच में सामने आया कि प्रेमपाल व दिलीप के बीच जनपद बदायूं की जमीन को लेकर  विवाद चल रहा था। प्रेमपाल ने योजनाबद्ध तरीके से साथी जयवीर सिंह व राहुल वाल्मीकि से मिलकर साजिश रची। जिसमें कैथल गेट स्थित एक निजी अस्पताल के कम्पाउंडर आमिर व शराफत शामिल थे। 

जिसमें 27 जुलाई की रात ग्राम कैथल के जंगल में प्रेमपाल के दाहिने कंधे में घाव करके बुलेट फिट की गई। घटना का खुलासा होने पर पुलिस ने भाजपा नेता प्रेमपाल पुत्र स्व. किशन लाल निवासी लोधियान, राहुल वाल्मीकि पुत्र लालाराम निवासी बेरीखेड़ा थाना बनियाठेर, आमिर अली पुत्र ताहिर अली निवासी ग्राम रहोली थाना कुढ़फतेहगढ़, शराफत पुत्र अलीयार निवासी ग्राम नगला पूर्वा थाना कुढ़फतेहगढ़ को गिरफ्तार कर लिया। 

जबकि जयवीर सिंह पुत्र होती राम निवासी ग्राम खेड़ादास थाना फैजगंज बेहटा जनपद बदायूं, हाल निवासी मोहल्ला चुन्नी फरार  है। शुक्रवार की सुबह पुलिस ने चारों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया। पुलिस ने दिलीप, हेमंत व श्याम लाल के प्रति साक्ष्य के अभाव में धारा 189 के अंतर्गत रिपोर्ट न्यायालय में दी है। 

पुत्रों को बचाने में मां किया संघर्ष 

गोली कांड में पुलिस ने दिलीप व हेमंत पुत्र  भागीरथ को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। जिससे दोनों भाइयों की विधवा मां त्रिवेणी देवी काफी परेशान थी। विधवा महिला ने एसपी सहित अन्य पुलिस अधिकारियों के चक्कर लगाए और अपने दोनों पुत्रों को बेगुनाह बताया। इतना ही नहीं महिला ने लखनऊ जाकर उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य से भी गुहार लगाई थी। विधवा महिला ने अपने दोनों पुत्रों को बचाने के लिए काफी संघर्ष किया। अब सीओ की जांच में घटना झूठी साबित हुई है।  

11 बीघा भूमि को लेकर था विवाद 

जनपद बदायूं के थाना बिल्सी में 11 बीघा जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। प्रेमपाल व जयवीर के महिला त्रिवेणी को थाना बिल्सी में 11 बीघा भूमि दिलाई थी। जिसकी रकम भी महिला से ले ली थी। मगर भूमि का दाखिल खारिज नहीं हो पा रहा था। महिला प्रेमपाल व जयवीर से बार-बार शिकायत कर रही थी। इस पर प्रेमपाल व जयवीर ने उक्त घटना का अंजाम दिया था।

यह भी पढ़ें- मुरादाबाद: जहरखुरानों ने फौजी को बनाया शिकार, लूटा ये सामान...पीड़ित अस्पताल में भर्ती