बाराबंकी : भाजपा का सदस्यता अभियान वैचारिक आंदोलन का हिस्सा : संजय राय

जनपद में 6 लाख सदस्य बनाएगी भाजपा

बाराबंकी : भाजपा का सदस्यता अभियान वैचारिक आंदोलन का हिस्सा : संजय राय

बाराबंकी: अमृत विचार। भाजपा जिला अध्यक्ष अरविंद मौर्य  ने गुरुवार को अपनी बीजेपी सदस्यता का नवीनीकरण कराया। एमएलसी व जिला प्रभारी अवनीश सिंह ने उन्हें सदस्यता प्रमाण पत्र सौंपा। इसी के साथ जनपद में बीजेपी के सदस्यता अभियान की औपचारिक शुरुआत हो गई। इस दौरान बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा के प्रदेश महामंत्री व क्षेत्रीय प्रभारी संजय राय ने बतौर मुख्य अतिथि बोलते हुए कहा कि भाजपा का सदस्यता अभियान पार्टी के वैचारिक आंदोलन का हिस्सा है।

बोले, बीजेपी को बनाने में लोगों ने अपने जीवन को खपाया है। उन्होंने कहा कि जनसंघ के समय से पार्टी ने सदस्यता अभियान के कई भावनात्मक दौर देखे हैं। संस्थापकों की राष्ट्र प्रथम की भावना के चलते बीजेपी देश में  नई राजनीतिक संस्कृति लाने में सफल रही है। भाजपा एक मात्र दल है जिसमे आंतरिक  लोकतंत्र जीवित है। जिसका कोई कार्यकर्ता बूथ अध्यक्ष से लेकर राष्ट्रीय अध्यक्ष तक बन सकता है। कार्यकर्ताओं से मुखातिब क्षेत्रीय प्रभारी ने कहा ,प्रत्येक भाजपाई देश भक्ति से प्रेरित है। संजय राय ने कहा कि सदस्यता अभियान के जरिए परिवार का विस्तार हो रहा है। साथ ही जन सामान्य की अपेक्षाओं और आकांक्षाओं पर खरा उतरने के लिए पार्टी ने चरैवेति - चरैवेति के मूल मंत्र पर आगे बढ़ रही है।

उन्होंने कहा ,सांगठनिक दृष्टि से कुल 2590 बूथों में से प्रत्येक पर न्यूनतम 200 सदस्य बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने कहा कि भाजपा की सदस्यता सर्व स्पर्शी व सर्वग्राही होगी। जिला अध्यक्ष अरविंद मौर्य ने अतिथियों का स्वागत एवम धन्यवाद ज्ञापित किया। संचालन शील रत्न मिहिर ने किया। इस अवसर पर पूर्व सांसद बैजनाथ रावत, उपेंद्र सिंह रावत, जिला प्रभारी अवनीश सिंह ,एमएलसी अंगद सिंह, अवधेश श्रीवास्तव, हरगोविंद सिंह, अजीत प्रताप सिंह, डॉक्टर रामकुमारी मौर्य, विजय आनंद बाजपेई, गुरु शरण लोधी, संदीप गुप्ता, अमरीश रावत, नीता अवस्थी, रामेश्वरी त्रिवेदी और रोहित सिंह मौजूद रहे।


यूपी में 2 करोड़ से अधिक सदस्य बनाएगी भाजपा

भाजपा के प्रदेश महामंत्री व क्षेत्रीय प्रभारी संजय राय ने कहा कि 2024 में शुरू हुए सदस्यता अभियान के दौरान प्रदेश में 2 करोड़ से अधिक सदस्य बनाने के लक्ष्य पर  बीजेपी काम कर रही है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में कुल 1 लाख 64 हजार बूथों के सापेक्ष 1 लाख 50 हजार बूथों पर बीजेपी की इकाइयां  गठित हैं। क्षेत्रीय प्रभारी ने उक्त बातें भाजपा कार्यालय पर आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान कहीं।

उन्होंने कहा ,भाजपा का यह अभियान केवल सदस्य बनाने तक सीमित नहीं है बल्कि पार्टी के लिए  यह एक पर्व है जिसके दौरान बूथ अध्यक्ष, मंडल अध्यक्ष, जिला अध्यक्ष से लेकर राष्ट्रीय अध्यक्ष तक का चुनाव होता है। उन्होंने इसके पहले हुई दो सदस्यता अभियान के राष्ट्रीय एवम प्रादेशिक आंकड़े भी प्रस्तुत किए। उन्होंने कहा कि 2024 के लोकसभा चुनाव में विपक्ष के भ्रामक प्रचार के बावजूद प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में लगातार तीसरी बार एनडीए ने सरकार बनाई है।

हताश व निराश विपक्ष छटपटा रहा है।कहा योगी सरकार ने 2017 से 2022 के मध्य साढ़े छह लाख युवाओं को पूरी पारदर्शिता के साथ सरकारी नौकरी दी। उन्होंने कहा कि विपक्ष ने संविधान को लेकर झूठा प्रचार किया, जबकि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश में संविधान दिवस मनाने की प्रक्रिया पहली बार शुरू हुई। उन्होंने आरक्षण के मुद्दे पर भी विपक्ष को आड़े हाथों लिया। इस अवसर पर जिला अध्यक्ष अरविंद मौर्य, जिला प्रभारी अवनीश सिंह, जिला मीडिया प्रभारी विजय आनंद बाजपेई मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें- महिला वकील की हत्या पर अधिवक्ता आक्रोशित: राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन सौंपा