लखनऊ : कानपुर के मुरलीधर ज्ञानचंदानी उप्र. में सबसे अमीर

अंतरराष्ट्रीय पत्रिका हुरून ग्लोबल रिच ने देश के रईस 1000 अरबपतियों की सूची निकाली

लखनऊ : कानपुर के मुरलीधर ज्ञानचंदानी उप्र. में सबसे अमीर

करोड़पतियों की सूची में लखनऊ, कानपुर, अयोध्या, गोरखपुर, प्रयागराज, आगरा, नोएडा, अलीगढ़ के उद्यमी शामिल 

लखनऊ, अमृत विचार : हुरुन इंडिया ने देश के धनकुबेरों की सूची जारी की है। इस सूची में उत्तर प्रदेश के भी अमीरों के नाम शामिल हैं। उप्र. में सबसे धनवान कानपुर के घड़ी ब्रांड के मालिक मुरलीधर ज्ञानचंदानी हैं। हालांकि देश में सबसे रईस 1000 अरबपतियों में उन्हें 174वें नंबर पर रखा है। उनके छोटे भाई विमल ज्ञानचंदानी 275वें नंबर पर हैं। मुरलीधर की संपत्ति 15,800 करोड़ और विमल की 10,500 करोड़ आंकी गई है। 26,300 करोड़ की संपत्ति के साथ ज्ञानचंदानी बंधुओं के राज्य में सबसे ज्यादा धनवान होने का रिकॉर्ड कायम है। 

सूची में लखनऊ के संजय कपूर 12300 करोड़ रुपये की संपत्ति के साथ यूपी में दूसरे स्थान पर हैं। देश के अमीरों वाली सूची में उनका स्थान 235वां है। वह सोना बीएलडब्ल्यू के संचालक हैं। इनके अलावा लखनऊ से पीटीसी इंडस्ट्रीज के मालिक सचिन अग्रवाल (287) का नाम है जिनकी कुल संपत्ति 9800 करोड़ रुपये आंकी गई है। लखनऊ के ही एप्को इन्फ्राटेक के मालिक अनिल सिंह (617) हैं, जिनकर संपत्ति 4100 करोड़ है। लखनऊ से ही ईएमएस के मालिक रामवीर सिंह (714), संपत्ति-3400 करोड़, का भी नाम है।

जबकि, फैजाबाद से अम्रत बॉटलर्स के कर्ताधर्ता लछमन दास (360) 7700 करोड़ रु. की संपत्ति के साथ इस लिस्ट में शामिल हैं। हुरून ग्लोबल रिच लिस्ट में कानपुर के ही मिर्जा ग्रुप के तसनीफ अहमद 2400 करोड़ की संपत्ति के साथ देश में 929वें स्थान पर हैं। वहीं, व्यक्तिगत तौर पर आगरा के सबसे अमीर मयंक अग्रवाल (909) हैं, इनकी कंपनी वैकमेट इंडिया है और 2500 करोड़ रुपये की संपत्ति है। 

सूची में हितेश ओबराय (स्थान-363) एज इंडिया नोयडा, संपत्ति-7600 करोड़, दिनेश अग्रवाल (498) इंडिया मार्ट नोयडा, यशीश दहिया (608) एफबी फिनटेक नोयडा संपत्ति-4100, विष्णु आर. (854), न्यूक्लियस सॉफ्टवेयर नोयडा, संपत्ति-2700, अलख पांडेय (571) फिजिक्स वाला प्रयागराज्, संपत्ति 4500 और मो. जहीर अल हमद (970) एग्रो अलीगढ़, संपत्ति-2300 करोड़ है, के नाम भी हैं।  

सूची में इस साल 220 नए दौलतमंद जुड़े 

हुरून इंडिया की सूची में उन भारतीयों को शामिल किया गया है, जिनकी संपत्ति 1000 करोड़ से ज्यादा है। सूची में इस साल 220 नए दौलतमंदों के शामिल होने से देश में 1 हजार करोड़ से ज्यादा संपत्ति रखने वालों की संख्या 1539 पहुंच गई है। पिछले वर्ष अरबपतियों की सूची में उत्तर प्रदेश से 34 उद्योगपतियों को स्थान मिला था, जबकि इससे पहले साल 2022 में प्रदेश के 21 अरबपति ही सूची में शामिल हो सके थे। इस बार उत्तर प्रदेश से सूची में शामिल अरबपतियों की संख्या 45 बताई जा रही है।        

देश में मुंबई तो उप्र. में नोएडा है नंबर वन 

हुरून की सूची के मुताबिक 386 अरबपतियों की संख्या के साथ मुंबई देश में नंबर वन है। दूसरे नंबर पर नई दिल्ली है, जहां 217 अरबपति रहते हैं। हैदराबाद 104 अरबपतियों के साथ तीसरे स्थान पर है। उत्तर प्रदेश की बात करें तो सर्वाधिक अरबपतियों के मामले में नोएडा, कानपुर, आगरा, लखनऊ और गाजियाबाद शहर सबसे आगे हैं। नोएडा प्रदेश में नंबर वन है।

यह भी पढ़े- हिन्दु युवती से झूठ बोलकर रचाई शादी : जबरन मतांतरण करा घर में किया कैद