अल्मोड़ा: गैरसैंण को स्थाई राजधानी तो दूर ग्रीष्मकालीन राजधानी तक नसीब नहीं: रावत

अल्मोड़ा: गैरसैंण को स्थाई राजधानी तो दूर ग्रीष्मकालीन राजधानी तक नसीब नहीं: रावत

अल्मोड़ा, अमृत विचार। अल्मोड़ा पहुंचे पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने भाजपा सरकार में उत्तराखंड के लोगों की अनदेखी का आरोप लगाया। उन्होंने यहां शुक्रवार को एक प्रेस वार्ता करते हुए भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। कहा कि गैरसैंण को स्थाई राजधानी तो दूर ग्रीष्मकालीन राजधानी तक नसीब नहीं हो पाई है।

नगर के एक होटल सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता में पूर्व मुख्यमंत्री रावत ने कहा कि चुनाव के दौरान भाजपा सरकार ने जो लोगों के बड़े बड़े वायदे किए थे वे अभी अधूरे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि गैरसैंण के लिए जो सपने कांग्रेस सरकार ने देखे थे उन्हें भाजपा ने कुचलने का काम किया है।

हालात यह हैं कि आज गैरसैंण में ग्रीष्मकालीन राजधानी के बोर्ड तो लगे हैं, लेकिन यहां तक किसी बड़े प्रशासनिक अधिकारियों की तक तैनाती नहीं की गई है। उन्होंने निकाय चुनाव में हो रही देरी पर भी भाजपा पर निशाना साधा। इस मौके पर यहां कांग्रेस जिलाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह भोज, निवर्तमान पालिकाध्यक्ष प्रकाश चंद्र जोशी, पूर्व पालिकाध्यक्ष शोभा जोशी, नगर अध्यक्ष तारा जोशी, पीतांबर पांडे, मनोज सनवाल समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।