UP Monsoon Session 2024: यूपी विधानसभा की कार्यवाही शुरू, सीएम योगी ने विपक्ष से कहा- अपना सकारात्मक योगदान दें

लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानमंडल का मानसून सत्र आज से शुरू हो गया है। यह सत्र 2 अगस्त तक चलेगा। इस सत्र में कई अध्यादेशों और अधिसूचनाओं को सदन के पटल पर रखा जाएगा। 30, 31 जुलाई और 1, 2 अगस्त को विधाई कार्य होंगे। उत्तर प्रदेश सार्वजनिक परीक्षा अनुचित साधनों का निवारण अध्यादेश 2024, यूपी आपराधिक विधि संशोधन अध्यादेश 2024, राज्य राजधानी क्षेत्र व अन्य क्षेत्र विकास परिषद अध्यादेश 2024, यूपी नजूल संपत्ति अध्यादेश 2024 और यूपी विधियां संशोधन अध्यादेश सदन में पेश होगा। 30 जुलाई को यूपी सरकार 2024-25 का पहला अनुपूरक बजट करेगी पेश।
सपा सदस्यों ने अध्यक्ष के आसन के सामने आकर के नारेबाजी
उत्तर प्रदेश में विधानसभा के मॉनसून सत्र के पहले दिन सोमवार को राज्य के मुख्य विपक्षी दल समाजवादी पार्टी (सपा) के सदस्यों ने अध्यक्ष के आसन के सामने आकर विरोध प्रदर्शन किया और सरकार पर हर मोर्चे पर असफल रहने का आरोप लगाते हुए नारेबाजी की। सदन की बैठक शुरू होते ही सपा सदस्य अध्यक्ष के आसन के सामने आ गए और सरकार विरोधी नारे लगाने लगे। उनके हाथों में तख्तियां थीं जिन पर सरकार विरोधी नारे लिखे थे। भदोही के सपा विधायक जाहिद बेग अपनी पीठ पर एक पोस्टर चिपकाकर आये थे, जिस पर लिखा था कि 'भदोही विकास प्राधिकरण द्वारा संचालित महायोजना को जनहित में रद्द किया जाए।'
सीटों में दिखा बदलाव
सदन में सपा के कई सदस्यों के सांसद चुने जाने और राज्यसभा चुनाव के दौरान भाजपा का समर्थन करने वाले कुछ सदस्यों की सीटों में भी बदलाव देखा गया। नेता प्रतिपक्ष की सीट पर जहां अखिलेश यादव बैठते थे, वहां माता प्रसाद पांडेय बैठे। उनके बगल में वरिष्ठ सदस्य शिवपाल सिंह यादव बैठे थे। पूर्व में मुख्य सचेतक रहे मनोज पांडेय की जगह मुख्य सचेतक बनाये गये कमाल अख्तर सपा की व्यवस्था संभालते नजर आए। राज्यसभा चुनाव के दौरान भाजपा का समर्थन करने वाले राकेश प्रताप सिंह जहां जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के अध्यक्ष रघुराज प्रताप सिंह के बगल में बैठे दिखे, वहीं सपा के एक अन्य सदस्य अभय सिंह पीछे बैठे थे।
लोकसभा चुनाव के दौरान सपा से दूरी बनाने वाली पार्टी विधायक पल्लवी पटेल सपा सदस्यों के साथ दूसरी कतार में ही नजर आयीं। हालांकि जब सदस्यों ने आसन के समक्ष जाकर प्रदर्शन शुरू किया तब वह अपनी सीट पर ही बैठी रहीं। सपा के एक विधायक ने बताया कि कुछ सदस्यों के सांसद चुने जाने और नेता प्रतिपक्ष, मुख्य सचेतक के पदों पर पदासीन नये चेहरों की वजह से सीटों में बदलाव हुआ है। सपा के कई वरिष्ठ विधायक सीटों में बदलाव को लेकर असंतुष्ट दिखे। सदन में प्रवेश करते ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नेता प्रतिपक्ष की सीट के पास जाकर उन्हें बधाई दी और सत्ता तथा विपक्ष के सदस्यों से गर्मजोशी से मिले।
सदन में मुख्यमंत्री योगी ने नए मंत्रियों का कराया परिचय
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा, "4 मंत्री है- पंचायती राज और अल्पसंख्यक कल्याण विभाग के मंत्री के रूप में आम प्रकाश राजभर, प्रदेश सरकार में विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्री के रूप में अनिल कुमार, प्रदेश सरकार में कारागार मंत्री के रूप में दरा सिंह चौहान और प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री के रूप में सुनील शर्मा को मंत्रीमंडल में शामिल किया गया है।"
प्रदेश इस समय बहुत गंभीर मुद्दों का सामना कर रहा है- नेता प्रतिपक्ष
यूपी विधनासभा में विपक्ष के नेता और समाजवादी पार्टी (सपा) विधायक माता प्रसाद पांडेय ने सदन में कहा, राज्य इस समय बहुत गंभीर मुद्दों का सामना कर रहा है, बाढ़, कानून व्यवस्था की समस्या और भ्रष्टाचार भी। स्पीकर सतीश महाना ने उनसे कहा कि "हम इन सभी मुद्दों पर चर्चा करेंगे। आप विपक्ष के नेता हैं, आपको नोटिस देने का अधिकार है, हम इन सभी मुद्दों पर चर्चा करेंगे। सरकार जवाब देने के लिए तैयार है। इससे पहले यूपी विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने सपा विधायक माता प्रसाद पांडेय का स्वागत किया, जिन्हें सदन में विपक्ष का नेता नियुक्त किया गया है।
#WATCH उत्तर प्रदेश: नेता प्रतिपक्ष और एसपी विधायक माता प्रसाद पांडे ने कहा, "...राज्य इस समय बहुत गंभीर मुद्दों का सामना कर रहा है - बाढ़, कानून और व्यवस्था के मुद्दे और भ्रष्टाचार भी है।"
— ANI_HindiNews (@AHindinews) July 29, 2024
स्पीकर सतीश महाना ने उनसे कहा, "हम इन सभी पर चर्चा करेंगे। आप विपक्ष के नेता हैं, आपको… pic.twitter.com/Odx52vIodY
सीएम योगी ने विपक्ष से कहा- अपना सकारात्मक योगदान दें
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा, "आज से उत्तर प्रदेश विधानमंडल का सत्र प्रारंभ हो रहा है ये मानसून सत्र है। हम सब जानते हैं कि उत्तर प्रदेश ने फरवरी में ही अपना बजट पेश कर दिया था। मानसून सत्र में प्रदेश की आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए पहला अनुपूरक मांग इस सदन में प्रस्तुत होगा।
प्रदेश आज देश की सबसे बड़ी उभरती हुई अर्थव्यवस्था की ओर अग्रसर हुआ है और यही कारण है कि यूपी ने पिछले 7 वर्ष में पीएम मोदी के नेतृत्व में जिन ऊंचाईयों का प्राप्त किया वह अविस्मरणीय है। सदन की कार्रवाई सुचारू रूप से चले और इसमें सभी का योगदान मिल सके इसके लिए मैं सभी जनप्रतिविधियों का आह्वान करूंगा।
सभी विपक्षी से कहूंगा कि वे जिन मुद्दों को लेकर सदन का ध्यान अपनी ओर करना चाहेंगे..प्रदेश की जनता से जुड़ी हुई समस्या का हल करने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है..सरकार जवाब देगी। सदन की कार्रवाई अच्छे से चल सके इसके लिए मैं सबसे अपील करूंगा कि वे सभी सकारात्मक सहयोग दें।"
यह भी पढ़ें:-बलिया अवैध वसूली कांड में फरार निलंबित थानाध्यक्ष गिरफ्तार, जानिए कैसे होता था खेल...