लखनऊ: डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने सुनी संविदा कर्मचारियों की समस्या, कहा- जल्द होगा समाधान

लखनऊ: डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने सुनी संविदा कर्मचारियों की समस्या, कहा- जल्द होगा समाधान

लखनऊ, अमृत विचार। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक से संयुक्त राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन कर्मचारी संघ के प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को मुलाकात कर संविदाकर्मियों की मांग को रखा है। जिस पर डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने जल्द समस्या का समाधान करने का आश्वासन दिया है।

दरअसल,नेशनल हेल्थ मिशन के कर्मचारियों की मांगें अभी तक पूरी नहीं हुई हैं। जिसके कारण 1 लाख से अधिक कर्मचारियों की समस्या का समाधान नहीं हो पाया है। लंबे समय से संविदा कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर संघर्ष करते आ रहे हैं। संयुक्त राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन कर्मचारी संघ की तरफ से इन्ही मांगों को लेकर 30 जुलाई को नेशनल हेल्थ मिशन (NHM) के लखनऊ स्थित कार्यालय पर एकत्रित होने और प्रदर्शन करने की अपील जारी की गई है।

इससे पहले संयुक्त राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन कर्मचारी संघ का एक प्रतिनिधिमंडल बुधवार को डिप्टी सीएम से मुलाकात करने उनके आवास पहुंचा। डिप्टी सीएम से मुलाकात के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन में लगभग 1.35 लाख संविदा कर्मचारी कार्यरत हैं। इन कर्मचारियों ने कोविड महामारी के दौरान महत्वपूर्ण योगदान दिया है, जिसके लिए सरकार की तरफ से इन कर्मचारियों को प्रोत्साहित भी किया गया था। लेकिन, उत्तर प्रदेश में इन कर्मचारियों को नीति के अभाव के कारण कई समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है, जिसका कारण वेतन नीति और स्थानांतरण नीति का न होना है।

संयुक्त राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन कर्मचारी संघ के प्रदेश महामंत्री योगेश उपाध्याय ने बताया है कि वेतन नीति के अभाव के कारण वेतन विसंगति व्याप्त है और स्थानांतरण नीति न होने के कारण अल्प वेतन भोगी संविदा कार्मिकों को तैनाती अत्यंत दूर स्थानों पर मिलती है, जिससे उन्हें अनेक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। इन्ही दो प्रमुख समस्याओं के समाधान की मांग संविदा कर्मचारी कर रहे हैं। इसके अलावा जिन पदों पर स्वास्थ्य विभाग ने नियुक्ति निकाली है, उन पदों पर NHM कार्मिकों का समायोजन, सेवा प्रदाता के माध्यम से कार्यरत कार्मिकों का जिला स्वास्थ्य समिति में समायोजन करने की मांग की गई है। इसके अलावा उन्होंने बताया कि श्रम एवं सेवायोजन मंत्री अनिल राजभर से भी मुलाकात कर  NHM कार्मिकों की सामाजिक सुरक्षा के विषय पर चर्चा हुई है।

जानिये क्या बोले डिप्टी सीएम

उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने सभी मांगों को सुनने के बाद कहा कि पिछली बैठक में उपलब्ध कराई गई पत्रावली के आधार पर मुख्यमंत्री से स्थानांतरण के लिए अनुमोदन ले लिया गया है। स्थानांतरण की सहमति बनी है और रिक्त पदों पर स्थानांतरण के लिए प्रयास जारी हैं।

वेतन विसंगति को लेकर उन्होंने कहा कि जानकारी दी गई है कि 2016 से बजट आ रहा है, लेकिन उसका उपयोग नहीं हो पाया है। मध्य प्रदेश की भांति सभी कर्मचारियों के लिए एक नीति निर्धारित करते हुए ग्रेड पे निर्धारित किया जाएगा। इस पर सहमति बनी है और जल्द ही एक समिति का गठन होगा, जिसमें संगठन का प्रतिनिधि भी शामिल होगा। समिति वेतन विसंगति पर कार्य करेगी और मुख्यमंत्री का अनुमोदन मिलने पर समस्याओं का समाधान किया जाएगा।

कोविड कर्मचारियों के समायोजन पर उन्होंने कहा कि अधिकांश कर्मचारियों की व्यवस्था कर दी गई है। लगभग 2200 कर्मचारी बचे हैं जिन्हें समायोजित करने की तैयारी की जा रही है। किसी को भी निकाला नहीं जाएगा।

नियमित नियुक्तियों में वरीयता पर डिप्टी सीएम ने कहा है कि यह नियमावली संशोधन का विषय है। जिन कर्मचारियों को वर्तमान में वरीयता मिल रही है, उनके अलावा अन्य को भी वरीयता दिलाने के लिए कार्य किया जाएगा।

प्रतिनिधिमंडल में भारतीय मजदूर संघ के प्रदेश महामंत्री अनिल उपाध्याय, संगठन के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अनिल गुप्ता, प्रदेश महामंत्री योगेश उपाध्याय, प्रदेश प्रवक्ता डॉ. रोहित, प्रदेश सचिव प्रवीण यादव, जिला महामंत्री लखनऊ संजय वर्मा, लखनऊ के कार्यकर्ता राम आसरे और भारतीय मजदूर संघ कानपुर के जिला मंत्री फिरोज शामिल रहे।

ये भी पढ़ें -UP: शिक्षकों के आगे झुकी सरकार! डिजिटल अटेंडेंस को किया स्थगित, कमेटी का किया गया गठन