रामपुर : बारात चढ़त के दौरान दूल्हे को मारी गोली, मची भगदड़...जानिए फिर क्या हुआ?

उत्तराखंड के थाना काशीपुर के ग्राम गढ़ी नेगी से आई थी बारात, थाना सिविल लाइन के ग्राम पनवड़िया में चढ़ रही थी बारात 

रामपुर : बारात चढ़त के दौरान दूल्हे को मारी गोली, मची भगदड़...जानिए फिर क्या हुआ?

बारात चढ़त में गोली लगने के बाद अस्पताल में भर्ती दूल्हा।

रामपुर,अमृत विचार। मौसरे भाई को बरात में न बुलाना दूल्हे को भारी पड़ गया। युवक ने बरात चढ़त के दौरान बग्घी के आगे आकर दूल्हे को गोली मारकर घायल कर दिया। गोली लगने से घायल दूल्हा को अस्पताल में भर्ती कराया गया। गोली चलने के बाद बरात में भगदड़ मच गई। तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।

उत्तराखंड के थाना काशीपुर के गांव गढ़ी नेगी निवासी 21 वर्षीय करन सिंह की बरात थाना सिविल लाइंस स्थित पनवड़िया में हरदयाल के घर आई थी। बरात का स्वागत किया गया। चारों ओर खुशी का माहौल था। बैंड-बाजे वाले बहारों फूल बरसाओ मेरा महबूब आया है की धुन बजा रहे थे। बरात के नाश्ते के बाद चढ़त शुरू हुई और दूल्हे बग्घी पर बैठा दिया गया। दूल्हे के दोस्त और महिलाओं ने बैंड की धुन पर थिरकना शुरू कर दिया। इस दौरान चढ़त में गोली चलने की आवाज आई।

इस बीच दूल्हे की चीख सुनकर बरातियों में भगदड़ मच गई। बरात में नहीं बुलाने पर दूल्हा के मौसेरे भाई ने बग्घी पर बैठे दूल्हे के सीने पर गोली चला दी। गनीमत रही कि गोली दूल्हे के सीने में नहीं लगी। चढ़त में डांस कर रहे दूल्हा के एक दोस्त का हाथ दूल्हे के मौसेरे भाई के हाथ पर लग गया। इसके कारण निशाना चूक गया और गोली दूल्हे के कंधे को छूती हुई निकल गई।

दूल्हे ने थाने में दी तहरीर में कहा है कि अनबन के चलते उसने अपने मौसरे भाई को अपनी शादी का कार्ड नहीं दिया था। इसी बात को लेकर वह नाराज हो गया था। बुधवार की देर रात बरात चढ़ रही थी। तभी अजय अचानक बग्घी के सामने आ गया और तमंचे से गोली चला दी। जो कंधे को छूती हुई निकल गई। गोली चलने के बाद बरात में भगदड़ मच गई। आनन-फानन में बराती घायल दूल्हे को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे और भर्ती कराया। दूल्हे की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी अजय के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।

दूल्हा को गोली मारकर फरार हुआ आरोपी
बुधवार की रात दूल्हे के रिश्तेदार और दोस्त नाश्ता करने के बाद चढ़त के दौरान डांस कर रहे थे। इस बीच अचानक आए मौसेरे भाई ने दूल्हा करन को गोली मार दी। इससे मौके पर भगदड़ मच गई। बैंड-बाजे वाले भी एकदम शांत हो गए। दूल्हे को खून से लथपथ देख हर कोई घबरा गया। कुछ लोग आरोपी के पीछे दौड़ पड़े। लेकिन वह हाथ नहीं आ सका।  

जयमाला का इंतजार कर रही दुल्हन के उड़े होश
उत्तराखंड के काशीपुर से किरन बरात लेकर दुल्हन सविता के घर पहुंचा था। नाश्ता करने के बाद बराती और घराती चढ़त में लग गए। सोलह शृंगार करने के बाद दुल्हन अपनी सहेलियों के साथ जयमाला का इंतजार कर रही थी। दुल्हन के परिजन गेट पर खड़े होकर बरात का इंतजार कर रहे थे। इसी बीच किसी ने दूल्हे को गोली लगने की खबर दी। यह सुनते ही दुल्हन के होश उड़ गए। शादी की खुशियों में एकदम ग्रहण लग गया। आनन-फानन में डीजे बंद करा दिया गया। बराती रात को ही अपने घरों को लौट गए। बुधवार दोपहर को टैंट वाले भी अपना सामान ले गए।

दूल्हा के स्वस्थ्य होने के बाद होंगे फेरे
दूल्हे के ससुराली अब उसके स्वस्थ होने का इंतजार कर रहे हैं। दूल्हे के परिजन अभी तक अपने बेटे की ससुराल में ही टिके हैं। उनका कहना है कि बेटे के सही होने पर सात फेरे कराकर ही विदा कराकर लेकर जाएंगे। वहीं दूसरी ओर दूल्हे को गोली लगने की जानकारी जब उसके घर काशीपुर पहुंची तो वहां भी हड़कंप मच गया।

ये भी पढ़ें : रामपुर: बाइकों की भिड़ंत में किसान की मौत, एक घायल