बदायूं: हर ब्लॉक में बनेंगे दस-दस क्लस्टर, कराई जाएगी जैविक खेती

बदायूं: हर ब्लॉक में बनेंगे दस-दस क्लस्टर, कराई जाएगी जैविक खेती

बदायूं, अमृत विचार। खरीफ के सीजन में जिले के अंदर करीब दो हजार हेक्टेयर भूमि पर जैविक खेती की जाएगी। इसके लिए सभी ब्लॉकों में किसानों के दस-दस क्लस्टर बनाए जाएंगे। जैविक खेती करने के लिए किसानों को कृषि विभाग द्वारा अनुदान पर बीज के साथ ही अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराएगा। जिससे किसान आसानी से खेती कर सकें। साथ ही अन्य को इस खेती के प्रति प्रेरित कर सकें।

सरकार जैविक खेती को बढ़ावा देने के लिए किसानों को प्रेरित कर रही है। जिससे रासायनिक खेती छोड़ किसान परंपरागत जैविक खेती की ओर अग्रसर हो सकें। पिछले दो साल से सरकार किसानों को जैविक खेती करने के लिए सहूलियत प्रदान कर रही है। इस बार भी सरकार का रुख किसानों को उन्नत बनाने और जैविक खेती के प्रति प्रेरित करने की ओर है। खरीफ की सीजन में दो हजार हेक्टेयर भूमि पर जैविक खेती कराई जाएगी। 

 इस साल भी इस प्रोजेक्ट को आगे बढ़ाया जा रहा है। उप कृषि निदेशक मनोज कुमार का कहना है कि जैविक खेती के उत्साह जनक परिणाम सामने आए हैं। इसको देखते हुए खरीफ सीजन में जैविक खेती दो हजार हेक्टेयर में कराई जाएगी। इसके लिए सभी ब्लॉकों में दस दस क्लस्टर बनाए जाएंगे। जैविक खेती करने के लिए किसानों को अनुदान पर बीज तथा अन्य सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी।

गोमूत्र और गोबर से तैयार होती है खाद
जैविक खेती में रासायनिक खाद का बिल्कुल भी इस्तेमाल नहीं किया जाता है। इसके स्थान पर गोमूत्र एवं गोबर का प्रयोग किया जाता है। उपनिदेशक का कहना है कि प्रत्येक ब्लॉक में दस-दस क्लस्टर बनाए जाएंगे। नए किसानों का चयन खरीफ सीजन आरंभ होने से पहले कर लिया जाएगा। जिससे समय पर किसान खेतों को तैयार कर फसल की बुवाई कर सकें।

ये भी पढे़ं- बदायूं: पोलिंग बूथ पर सारी प्रक्रिया पूरी करने के बाद रात्रि में घर जा सकेंगी महिला कार्मिक, ये हैं नियम